ब्रेकिंग न्यूज़
अमृतसर : कचरे से बन रही ऑर्गेनिक खाद, नगर निगम ने 5 जगहों पर लगाए कैंप; लोगों को मुफ्त में दी जा रही खाद

अमृतसर / सत्ता संदेश

शहर में कचरे के सही इस्तेमाल और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए अमृतसर नगर निगम की ओर से पहल की गई है। नगर निगम द्वारा शहर से एकत्र किए जा रहे गीले कचरे को प्रोसेस कर ऑर्गेनिक खाद तैयार की जा रही है। लोगों को इसके इस्तेमाल के प्रति जागरूक करने के लिए शनिवार को शहर में पांच अलग-अलग स्थानों पर कैंप लगाए गए, जहां लोगों को यह खाद मुफ्त में वितरित की जा रही है।

नगर निगम का उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि घरों से निकलने वाले गीले कचरे को बेकार समझने के बजाय उसका उपयोग खाद बनाने में किया जा सकता है। तैयार की गई ऑर्गेनिक खाद का इस्तेमाल लोग अपने घरों में पेड़-पौधों और बागवानी के लिए कर सकते हैं।

नगर निगम अधिकारी के मुताबिक, जब निगम की गाड़ियां घरों से कचरा एकत्र करने पहुंचती हैं, तो लोगों को गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने के लिए जागरूक किया जाता है। घरों से अलग करके एकत्र किए गए गीले कचरे को आगे प्रोसेस किया जाता है और इससे ऑर्गेनिक खाद तैयार की जाती है।

अधिकारी ने बताया कि शहर में गीले कचरे से खाद तैयार करने के लिए पांच जोन बनाए गए हैं। इन जोन में एकत्र किए गए गीले कचरे को निर्धारित प्रक्रिया के तहत खाद में बदला जा रहा है। तैयार खाद को लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ उन्हें इसके उपयोग के बारे में भी जानकारी दी जा रही है।

नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य कचरे का बेहतर प्रबंधन करने के साथ-साथ लोगों को वेस्ट से वेल्थ और स्वच्छता की अवधारणा से जोड़ना है, ताकि शहर में कचरे की समस्या को कम करने में लोगों की भागीदारी बढ़ाई जा सके।