ब्रेकिंग न्यूज़
वृंदावन नौका दुर्घटना

जिला प्रशासन ने लुधियाना और जगराओं में विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किए

वृंदावन के अधिकारियों से हम पहले ही संपर्क में हैं: डीसी हिमांशु जैन

बेहतर समन्वय के लिए नागरिक और पुलिस अधिकारियों सहित विशेष दल वृंदावन भेजे गए हैं: डीसी लुधियाना

लोगों से अफवाहें न फैलाने और दहशत न फैलाने का आग्रह
वृंदावन (उत्तर प्रदेश) में हुई दुर्भाग्यपूर्ण नौका दुर्घटना के संबंध में, लुधियाना के उपायुक्त श्री हिमांशु जैन ने निवासियों से अफवाहें न फैलाने और दहशत न फैलाने का आग्रह किया है, क्योंकि लुधियाना जिला प्रशासन और पंजाब सरकार वृंदावन के अधिकारियों के संपर्क में हैं।

उन्होंने बताया कि लोगों की सहायता के लिए, जगराओं और जिला मुख्यालय लुधियाना में 24×7 समर्पित हेल्पलाइन नंबर 01624223226 (एसडीएम जगराओं कार्यालय) और 01612403100 (उपायुक्त कार्यालय लुधियाना) स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी जिला प्रशासन को मिलते ही, अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए नागरिक और पुलिस अधिकारियों सहित विशेष दल वृंदावन भेज दिए गए हैं।

उन्होंने एक बार फिर लोगों से इस संकट की घड़ी में एकजुट रहने और किसी भी अफवाह पर विश्वास न करने का आग्रह किया।

श्रावस्‍ती में 20 हजार रुपये रिश्‍वत मांगने के आरोप में सीडीपीओ निलंबित

श्रावस्ती (उप्र), 17 मार्च (भाषा) उत्‍तर प्रदेश के श्रावस्‍ती जिले में कथित तौर पर आंगनबाड़ी सहायिका की नियुक्ति के बदले 20 हजार रूपये रिश्‍वत मांगने के आरोप में बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) को निलंबित कर दिया गया है।

एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

श्रावस्ती के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) शाहिद अहमद ने सोमवार को एक बयान में कहा कि सिरसिया क्षेत्र के सीडीपीओ मुकेश कुमार द्वारा सहायिका की नियुक्ति में रिश्‍वत लिए जाने की शिकायत प्रथम दृष्टता सही पाई गई जिसके आधार पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है।

अहमद ने बताया कि उत्तर प्रदेश बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के निदेशक को पत्र लिखकर उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही की सिफारिश भी की गई है।

सीडीओ ने संवाददाताओं को बताया कि प्रियंका आर्य ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी कि आंगनबाड़ी सहायिका की नियुक्ति में सिरसिया क्षेत्र के सीडीपीओ 20 हजार रुपये मांग रहे हैं।

इस संबंध में फोन पर दोनों के बीच हुई बातचीत की आडियो क्लिप भी पेश की गई।

सीडीओ ने बताया कि उप जिलाधिकारी प्रवीण कुमार यादव और उप जिलाधिकारी रवेन्द्र कुमार की संयुक्त टीम ने प्रकरण की गहनता से जांच की जिसमें शिकायत की पुष्टि हुई और आडियो क्लिप में मुकेश कुमार की आवाज होने की पुष्टि हुई, इसके बाद कार्रवाई की गई।

हाथरस में यमुना एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस और वैन की टक्कर में तीन महिलाओं समेत छह लोगों की मौत

हाथरस (उप्र), तीन मार्च (भाषा) हाथरस जिले में मंगलवार तड़के यमुना एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर स्लीपर बस ने एक वैन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसमें सवार तीन महिलाओं सहित छह लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हादसा तड़के चार बजकर 20 मिनट पर सादाबाद थाना क्षेत्र के हरिया गढ़ी गांव के पास हुआ।

अपर पुलिस अधीक्षक राम आनंद कुशवाह ने बताया कि वैन में सवार 16 लोग दिल्ली के प्रेम नगर से राजस्थान के धौलपुर जा रहे थे तभी नोएडा से गोरखपुर जा रही स्लीपर बस ने वैन को पीछे से टक्कर मार दी।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि दुर्घटना उस समय हुई जब बस चालक वैन से आगे निकलने का प्रयास कर रहा था।

उन्होंने बताया कि बस चालक, परिचालक और ऑपरेटर को गिरफ्तार कर लिया गया है और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।

सिन्हा ने बताया कि बस मालिक के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान दिनेश (50), उनकी पत्नी सुनीता (48), विजय बघेल (27), उनकी पत्नी पिंकी बघेल (26), लोकेश (35) और नाथू देवी (65) के रूप में की गई है।

पुलिस ने बताया कि वैन में सवार सभी लोग दिल्ली के निवासी थे और अलग-अलग परिवार से थे। उसने बताया कि वैन का चालक सुरक्षित है।

सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक राम आनंद कुशवाह, सादाबाद के क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

अधिकारियों ने बताया कि घायल बच्चों को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जहां उनमें से दो की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

मुजफ्फरनगर: पारिवारिक विवाद में दामाद ने महिला को चाकू मारकर घायल किया

मुजफ्फरनगर (उप्र), तीन मार्च (भाषा) जिले के बुढाना कस्बे में पारिवारिक विवाद में 48 वर्षीय एक महिला को उसके दामाद ने कथित तौर पर चाकू मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

बुढाना के थाना प्रभारी सुभाष अत्री ने बताया कि यह घटना सोमवार शाम को हुई, जब आरोपी शोएब अपनी पत्नी को अपने साथ ले जाने के लिए ससुराल आया था।

उन्होंने बताया कि इस दौरान उसके और उसकी सास फरीदा के बीच कहा-सुनी हो गई।

अधिकारी ने बताया कि गुस्से में आकर शोएब ने कथित तौर पर फरीदा पर चाकू से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हमले के बाद शोएब मौके से भाग गया।

घायल महिला को पहले सरकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बाद में चोटों की गंभीरता को देखते हुए बड़े अस्पताल में भेजा गया।

अत्री ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चलाया, जो फिलहाल फरार है। मामले की जांच जारी है।