ब्रेकिंग न्यूज़
PSL 2026 पर संकट के बादल: ऑस्ट्रेलिया ने खिलाड़ियों को पाकिस्तान जाने से रोका, क्या रद्द होगा टूर्नामेंट?

स्पोर्टस डेस्क: 26 मार्च से शुरू होने वाली पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) पर अब रद्द या स्थगित होने का बड़ा खतरा मंडराने लगा है। दरअसल, ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने अपने नागरिकों और खिलाड़ियों को पाकिस्तान न जाने की सख्त चेतावनी जारी की है। इस टूर्नामेंट में स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और ग्लेन मैक्सवेल जैसे 17 दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी और कोच हिस्सा लेने वाले थे, लेकिन सरकार की इस सलाह के बाद उनके खेलने पर संशय बन गया है।

तनाव का मुख्य कारण: इस खतरे के पीछे पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ता सैन्य संघर्ष है। 16 मार्च को पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में किए गए हवाई हमले के बाद स्थिति और बिगड़ गई है। इस हमले में एक अस्पताल को निशाना बनाने का आरोप है, जिसमें 400 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। इसके जवाब में अफगानिस्तान ने भी कार्रवाई करने का ऐलान किया है, जिससे युद्ध जैसी स्थिति पैदा हो गई है।

विदेशी खिलाड़ियों की सुरक्षा पर खतरा: रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान में विदेशियों, विशेषकर उन जगहों को निशाना बनाया जा सकता है जहाँ वे अधिक संख्या में रहते हैं। पीएसएल के कई मैच पेशावर और रावलपिंडी जैसे शहरों में होने हैं, जिन्हें खतरे की श्रेणी में रखा गया है। अकेले रावलपिंडी में 11 मैच निर्धारित हैं।

पीसीबी को लग सकता है करोड़ों का घाटा: पहले ही कई बड़े खिलाड़ी पीएसएल छोड़कर आईपीएल (IPL) खेलने जा चुके हैं। अब यदि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भी अपना नाम वापस लेते हैं, तो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के लिए टूर्नामेंट का आयोजन करना मुश्किल हो जाएगा। इससे पीसीबी को करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान होना तय माना जा रहा है।

गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की गिप्पी ग्रेवाल को सीधी धमकी: ‘मैसेज इग्नोर कर सकते हो, पर गोलियां नहीं’

पंजाब डेस्क: पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर गायक और अभिनेता गिप्पी ग्रेवाल को एक बार फिर गैंगस्टर की धमकी मिली है। सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप वायरल हो रही है, जिसमें खुद को गोल्डी बराड़ बताने वाला शख्स गिप्पी ग्रेवाल को चेतावनी दे रहा है।

ऑडियो में वह कहता सुनाई दे रहा है कि उसने पहले भी मैसेज भेजे थे, लेकिन गिप्पी ने कोई जवाब नहीं दिया।धमकी देने वाले शख्स ने कहा, “मैसेज इग्नोर कर सकते हो, लेकिन जो गोलियों के बर्स्ट (फायरिंग) आएंगे, उन्हें इग्नोर नहीं कर पाओगे”। उसने गिप्पी को फिल्मों का जिक्र करते हुए डराया कि कहीं उनकी खुद की ‘फिल्म’ न बन जाए।

इस धमकी में भाणा एलए (Bhanna LA) का नाम भी लिया गया है और कहा गया है कि उन दोनों से किसी काम के सिलसिले में बात करनी है।आपको बता दें कि गिप्पी ग्रेवाल वर्तमान में कनाडा के वैंकूवर (व्हाइट रॉक इलाके) में रहते हैं। पिछले साल नवंबर में उनके घर पर फायरिंग भी हुई थी, जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। लॉरेंस ने उस वक्त सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गिप्पी को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

पाकिस्तान ने काबुल और नंगरहार में तालिबान के ठिकानों को निशाना बनाया

इस्लामाबाद, 17 मार्च (भाषा) पाकिस्तान ने रात भर हवाई हमले कर काबुल और नंगरहार में अफगान तालिबान के ठिकानों को निशाना बनाया। इन हमलों में उनके सैन्य अड्डों तथा आतंकी ढांचे को नष्ट कर दिया गया। मंगलवार को यह जानकारी प्राप्त हुई।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अनुसार, ये नवीनतम हमले 26 फरवरी से शुरू किए गए ऑपरेशन ‘गजब-लिल-हक’ (इंसाफ के लिए गुस्सा) के तहत किए गए हैं।

पाकिस्तान ने 16 मार्च की रात काबुल और नंगरहार में अफगान तालिबान तथा फ़ितना अल-ख्वारिज के अड्डों और आतंकवदियों के ठिकानों को सटीक रूप से निशाना बनाया। इन ठिकानों में तकनीकी उपकरण भंडारण और गोला-बारूद भंडारण शामिल थे, जिनका उपयोग पाकिस्तान के निर्दोष नागरिकों के खिलाफ किया जा रहा था।

मंत्रालय ने तालिबान के इस बयान को खारिज कर दिया कि पाकिस्तान ने नागरिक स्थानों को निशाना बनाया और कहा कि पाकिस्तान का लक्ष्य सटीक था और सावधानीपूर्वक किया गया था ताकि कोई भी अप्रत्यक्ष नुकसान न हो।

इसके अलावा सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत में पाकिस्तानी सेना ने अफगान तालिबान के चार सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।

सूत्रों ने यह भी बताया कि इन ठिकानों के आसपास मौजूद रसद सामग्री, गोला-बारूद और तकनीकी बुनियादी ढांचे को भी नष्ट कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि नंगरहार और काबुल में ड्रोन वर्कशॉप (वह मुख्यालय जहां से ड्रोन भेजे जाते थे) और हथियारों के भंडार भी नष्ट कर दिए गए।

सूत्रों ने बताया कि काबुल और नंगरहार में छह ठिकानों को निशाना बनाया गया है, साथ ही कई आतंकवादियों के मारे जाने की भी खबरें हैं।

भारत मजबूत प्रौद्योगिकी साझेदार के रूप में उभरा है : नैसकॉम अध्यक्ष

नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) नैसकॉम के अध्यक्ष राजेश नांबियार ने मंगलवार को कहा कि भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं एवं खंडित आपूर्ति शृंखलाओं के कारण वैश्विक कंपनियां अब केवल लागत दक्षता के बजाय भरोसे तथा मजबूती को प्राथमिकता दे रही हैं जिससे भारत एक मजबूत प्रौद्योगिकी साझेदार के रूप में उभर रहा है।

‘नैसकॉम ग्लोबल कॉन्फ्लुएंस 2026’ में नांबियार ने कहा कि निर्यात पर काफी हद तक निर्भर प्रौद्योगिकी उद्योग असाधारण बदलाव के दौर से गुजर रहा है और वैश्विक मूल्य शृंखलाओं के पुनर्गठन ने देशों एवं कंपनियों के प्रौद्योगिकी साझेदारी के तरीके को मूल रूप से बदल दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘ पहले सभी केवल लागत एवं दक्षता को ही प्राथमिकता देते थे… अब वह दौर खत्म हो चुका है। दक्षता महत्वपूर्ण है लेकिन यह निर्णायक कारक नहीं है। मजबूती अब कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। इन सभी प्राथमिकताओं के बीच भारत एक उपयुक्त स्थिति में है जो इसे कारोबार के लिए एक बेहद सक्षम देश बनाता है।’’

नांबियार ने कहा कि दुनिया भर के देश और कंपनियां अब यह मूल प्रश्न पूछ रही हैं कि उनका भरोसेमंद साझेदार कौन होगा और किस देश के साथ वे दीर्घकालिक साझेदारी कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि भारत एक ‘‘विश्वसनीय लोकतंत्र’’ होने के साथ-साथ अपने विशाल आकार और विविध जनसंख्या के कारण नवाचार के लिए एक जीवंत प्रयोगशाला भी है।

भारत की ताकत का एक प्रमुख आधार उसका डिजिटल प्रतिभा भंडार है, जिसमें सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में लगभग 60 लाख पेशेवर और व्यापक उद्योग में अतिरिक्त 30-40 लाख लोग शामिल हैं। यह परिवेश अब कृत्रिम मेधा (एआई), मशीन लर्निंग, सेमीकंडक्टर, उत्पाद अभियांत्रिकी एवं साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में विकसित हो रहा है।

नांबियार ने भारत की डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना (डीपीआई) की वैश्विक संभावनाओं पर भी जोर दिया।

उन्होंने आधार एवं यूपीआई (एकीकृत भुगतान इंटरफेस) जैसे मंचों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके मूल सिद्धांत जैसे उपयोगकर्ता की सहमति, गोपनीयता, विस्तार क्षमता एवं परस्पर संचालन..दुनिया के लिए उपयोगी मॉडल बन सकते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ एआई के साथ मिलकर डीपीआई एक बड़ी शक्ति बन सकता है।’’

सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक क्षेत्र में भारत के देर से शुरुआत करने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।

नांबियार ने कहा, ‘‘ अंततः भारत के पसंदीदा साझेदार बनने की कहानी केवल प्रौद्योगिकी की नहीं है, बल्कि साझा मूल्यों एवं साझा आकांक्षाओं की भी है। प्रौद्योगिकी के इस नए दौर में कोई भी देश अकेले आगे नहीं बढ़ सकता।’’

प. एशिया से लौटे एलपीजी पोत के चालक दल में जमशेदपुर का व्यक्ति शामिल, परिवार ने राहत की सांस ली

जमशेदपुर, 17 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करने के बाद गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पर सुरक्षित पहुंचे भारतीय ध्वज वाले एलपीजी पोत ‘शिवालिक’ के चालक दल में झारखंड के जमशेदपुर के अंश त्रिपाठी भी शामिल थे, जिनके लौटने पर परिवार ने राहत की सांस ली।

अंश त्रिपाठी के पिता मिथिलेश त्रिपाठी ने कहा कि अंश उनका इकलौता बेटा है जो पोत पर सेकंड इंजीनियर के रूप में काम करता है। उस पर रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण समुद्री गलियारे से यात्रा के दौरान जहाज के तकनीकी संचालन की निगरानी करने की जिम्मेदारी थी।

मिथिलेश त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे से आखिरी बार लगभग चार से पांच दिन पहले व्हाट्सऐप कॉल पर बात की थी। उस वक्त पोत कतर से रवाना हो रहा था।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘उन्हें मुख्यालय से हरी झंडी मिलने तक होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित दूरी बनाए रखने का निर्देश दिया गया था। भारत सरकार सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने के लिए ईरानी अधिकारियों से बातचीत कर रही थी।’’

भारतीय वायु सेना के पूर्व फ्लाइट इंजीनियर मिथिलेश त्रिपाठी ने बाद में जमशेदपुर के पास जादुगोड़ा स्थित यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया में काम किया। वर्तमान में वह जमशेदपुर के परडीह के पास एक आवासीय सोसाइटी में रहते हैं।

अपने बेटे के बारे में बात करते हुए त्रिपाठी ने बताया कि अंश ने जमशेदपुर और जादुगोड़ा में अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की और फिर बीआईटी (बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान) से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की तथा बाद में कोच्चि से मरीन इंजीनियर के रूप में स्नातक की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने लगभग 2014-15 में शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया में काम करना शुरू किया।

त्रिपाठी ने बताया, ‘‘कतर से निकलने से पहले अंश ने मुझे बताया कि वे हिंद महासागर की ओर जा रहे हैं। उसने बस इतना ही कहा।’’

उन्होंने बताया कि अंश ने उनसे पोत पर सवार चालक दल के सदस्यों की संख्या के बारे में कोई चर्चा नहीं की।

त्रिपाठी ने कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध की खबर सुनकर परिवार चिंतित था।

उन्होंने पोत के मुंद्रा बंदरगाह पर सुरक्षित पहुंचने की खबर सुनकर राहत व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘क्षेत्र में युद्ध छिड़ने के बाद से हम अंश और चालक दल के सदस्यों को लेकर बेहद चिंतित थे। हम लगातार टीवी पर समाचार देखते रहते थे।’’

भारत और ईरान के बीच हुई बातचीत के बाद भारतीय ध्वज वाले दो एलपीजी वाहक जहाज शिवालिक और नंदा देवी 92,712 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर शनिवार तड़के होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर गए।

अधिकारियों ने बताया कि शिवालिक सोमवार को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा मंगायी 46,000 मीट्रिक टन एलपीजी को लेकर मुंद्रा बंदरगाह पर पहुंचा।

उन्होंने बताया कि नंदा देवी जहाज मंगलवार को गुजरात के कांडला बंदरगाह पर पहुंचने वाला है।

श्रावस्‍ती में 20 हजार रुपये रिश्‍वत मांगने के आरोप में सीडीपीओ निलंबित

श्रावस्ती (उप्र), 17 मार्च (भाषा) उत्‍तर प्रदेश के श्रावस्‍ती जिले में कथित तौर पर आंगनबाड़ी सहायिका की नियुक्ति के बदले 20 हजार रूपये रिश्‍वत मांगने के आरोप में बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) को निलंबित कर दिया गया है।

एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

श्रावस्ती के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) शाहिद अहमद ने सोमवार को एक बयान में कहा कि सिरसिया क्षेत्र के सीडीपीओ मुकेश कुमार द्वारा सहायिका की नियुक्ति में रिश्‍वत लिए जाने की शिकायत प्रथम दृष्टता सही पाई गई जिसके आधार पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है।

अहमद ने बताया कि उत्तर प्रदेश बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के निदेशक को पत्र लिखकर उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही की सिफारिश भी की गई है।

सीडीओ ने संवाददाताओं को बताया कि प्रियंका आर्य ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी कि आंगनबाड़ी सहायिका की नियुक्ति में सिरसिया क्षेत्र के सीडीपीओ 20 हजार रुपये मांग रहे हैं।

इस संबंध में फोन पर दोनों के बीच हुई बातचीत की आडियो क्लिप भी पेश की गई।

सीडीओ ने बताया कि उप जिलाधिकारी प्रवीण कुमार यादव और उप जिलाधिकारी रवेन्द्र कुमार की संयुक्त टीम ने प्रकरण की गहनता से जांच की जिसमें शिकायत की पुष्टि हुई और आडियो क्लिप में मुकेश कुमार की आवाज होने की पुष्टि हुई, इसके बाद कार्रवाई की गई।

नये रेलवे स्टेशन का नाम आनंद दिघे के नाम पर रखा जाना चाहिए: शिवसेना सांसद

ठाणे, 17 मार्च (भाषा) शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने महाराष्ट्र के ठाणे और मुलुंड के बीच बनने वाले नये रेलवे स्टेशन का नाम पार्टी के दिवंगत नेता आनंद दिघे के नाम पर रखे जाने की मांग की है।

ठाणे के सांसद म्हस्के के कार्यालय से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नये स्टेशन के निर्माण के लिए 250 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है और प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेज दिया गया है।

विज्ञप्ति में बताया गया कि राज्य के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे की ओर से सांसद ने सोमवार को संसद में कहा, “ठाणे और मुलुंड के बीच बनने वाले नये स्टेशन का नाम ‘धर्मवीर आनंद दिघे स्टेशन’ रखा जाना चाहिए।”

आनंद दिघे शिवसेना के वरिष्ठ नेता और शिंदे के मार्गदर्शक थे।

उन्होंने यात्रियों की समस्याओं को लेकर कहा कि ठाणे की लगभग 26 लाख आबादी के लिए रेलवे परिवहन प्रमुख साधन बना हुआ है और इस स्टेशन के बनने से ठाणे रेलवे स्टेशन पर भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।

सांसद ने ठाणे स्टेशन के व्यापक उन्नयन के लिए अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पेश 949 करोड़ रुपये के प्रस्ताव की भी शीघ्र मंजूरी देने का आग्रह किया।

उन्होंने ठाणे स्टेशन पर आपातकालीन चिकित्सा क्लिनिक को पुनः खोलने और कोविड-19 महामारी के दौरान बंद की गई वरिष्ठ नागरिकों की रियायतों को बहाल करने सहित अन्य कई मांगें भी उठाईं।

केकेआर को बड़ा झटका: घुटने की चोट के कारण आईपीएल के अधिकतर मैचों से बाहर रहेंगे हर्षित राणा

कोलकाता, 17 मार्च (भाषा) कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के तेज गेंदबाज हर्षित राणा पिछले महीने हुई घुटने की सर्जरी से उबर रहे हैं और वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अधिकतर मैचों से बाहर रह सकते हैं।

‘ईएसपीएनक्रिकइंफो’ की एक रिपोर्ट के अनुसार भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने अभी तक उनकी वापसी के लिए कोई समयसीमा तय नहीं की है।

राणा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के टी20 विश्व कप के अभ्यास मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। वह अभी ‘रिहैबिलिटेशन’ से गुजर रहे हैं और बीसीसीआई की चिकित्सा टीम ने उनकी वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख तय नहीं की है।

उस अभ्यास मैच में एक ओवर फेंकने के बाद राणा को चोट लग गई थी। उन्हें इसके लिए सर्जरी करानी पड़ी जिससे वह टी20 विश्व कप में नहीं खेल पाए थे। उनकी जगह मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया गया, जिन्होंने इस टूर्नामेंट का केवल एक मैच (अमेरिका के खिलाफ) खेला था।

राणा ने रविवार को बीसीसीआई नमन पुरस्कार समारोह में सर्वश्रेष्ठ उदीयमान अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी का पुरस्कार हासिल किया था।

राणा की अनुपस्थिति तीन बार की आईपीएल चैंपियन केकेआर के लिए एक बड़ा झटका साबित होगी, जो पहले से ही कई खिलाड़ियों की फिटनेस संबंधी समस्याओं से जूझ रही है।

श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना टी20 विश्व कप के दौरान लगी पिंडली की चोट से उबर रहे हैं, जिससे उनका आईपीएल के शुरुआती मैचों में खेलना संदिग्ध है।

भारत और बांग्लादेश के बीच इस साल की शुरुआत में तनावपूर्ण भू-राजनीतिक संबंधों के मद्देनजर बीसीसीआई ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर करने का निर्देश दिया जिससे केकेआर को इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज की सेवाएं नहीं मिल पाएंगी।

फ्रेंचाइजी ने उनके स्थान पर जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को अनुबंधित किया है। मुजरबानी ने आईपीएल में खेलने के लिए पाकिस्तान सुपर लीग के साथ अपना अनुबंध समाप्त कर दिया था जहां वह इस्लामाबाद यूनाइटेड के लिए खेलने वाले थे।

केकेआर की टीम बुधवार से अपना अभ्यास सत्र शुरू करेगी। उसका पहला मैच 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुंबई में होगा।

बग्गा ने विधानसभा में उठाया डैयरी कम्लैक्स, मलकपुर, उज्जैनपुर में बड्ढे दरिया की सफाई का मुद्दा

* कहा, सफाई न हुई तो शहरी क्षेत्र की हुई सफाई का नहीं होगा कोई लाभ

लुधियाना । विधानसभा उतरी से विधायक चौ. मदन लाल बग्गा ने विधानसभा सैशन के दौरान बुड्ढे दरिया की सफाई का मुद्दा उठाकर आगामी बारिश के मौसम के दौरान शहरी से बाहरी क्षेत्र से बहते दरिया की सफाई की मांग की। विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवा की तरफ से सोमवार को प्रश्न आवर के दौरान दिए समय का सदुपयोग करते हुए बग्गा ने विधानसभा में बताया कि पिछले चार वर्षो से उन्होने विधानसभा उतरी से गुजरते बुड्ढे दरिया की सफाई में कोई कसर नहीं छोड़ी। उनके विधायक कार्यकाल में वर्षो से दूषित हुए दरिया की शहरी क्षेत्र में सफाई का तभी फायदा है कि जब आगामी बरसाती मौसम से पूर्व शहर के बाहरी यानि कि अगले पड़ाव डैयरी कम्लैक्स, मलकपुर, उज्जैनपुर सहित बुड्ढे दरिया अन्य हिस्सो की सफाई भी करवाई जाए। अगर इन क्षेत्रों में सफाई के प्रबंध न हुए तो पानी के बैक मारने से बरसाती मौसम में शहर के भीतरी क्षेत्रों की सफाई का भी कोई लाभ नहीं होगा। इसलिए जल्दी से जस्दी उक्त क्षेत्रों की सफाई करवाई जाए। ताकि शहरी क्षेत्रो को पानी के ओवरफ्लो से बचाया जा सके। उन्होने विधानसभा में मौजूद स्थानीय निकाय मंत्री ड्रेनेज विभाग के मंत्री का ध्यान भी आर्कषित करते हुए कहा कि बरसात से पूर्व इन क्षेत्रो से गुजरते बुड्ढे दरिया की सफाई की तरफ ध्यान दिया जाए।

चीन की यूनिवर्सिटी में गूंजेगी पंजाबी: बीजिंग में सिखाई जाएगी ‘पेंती’, बठिंडा की प्रोफेसर को मिली बड़ी जिम्मेदारी

पंजाब/इंटरनेशनल डेस्क : पंजाबी भाषा की लोकप्रियता अब सरहदों को पार कर चीन तक जा पहुंची है। चीन की प्रतिष्ठित ‘बीजिंग फॉरेन स्टडीज यूनिवर्सिटी’ (BFSU) ने अपने विदेशी और भारतीय भाषाओं के पाठ्यक्रमों में अब पंजाबी भाषा को भी शामिल कर लिया है। इसी के साथ पंजाबी इस यूनिवर्सिटी में पढ़ाई जाने वाली 102वीं भाषा बन गई है।

गौरतलब है कि इस यूनिवर्सिटी में पहले से ही हिंदी, तमिल और उर्दू समेत 101 भाषाएँ पढ़ाई जा रही हैं।यह कोर्स मुख्य रूप से चीनी छात्रों, राजनयिकों और सरकारी अधिकारियों के लिए शुरू किया गया है ताकि वे विदेशी भाषाओं में महारत हासिल कर सकें। इस भाषा को सिखाने के लिए यूनिवर्सिटी ने बठिंडा स्थित सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ पंजाब (CUPB) की पूर्व प्रोफेसर और डीन डॉ. ज़मीरपाल कौर संधू बाजवा को नियुक्त किया है।

डॉ. कौर ने जानकारी दी कि वह वहां केवल भाषा ही नहीं, बल्कि पंजाब का इतिहास और संस्कृति भी पढ़ाएंगी।इसके अलावा, उनकी एक अहम जिम्मेदारी चीनी शिक्षकों को प्रशिक्षित करना भी होगा, ताकि भविष्य में वे खुद वहां के छात्रों को पंजाबी पढ़ा सकें। वर्तमान में पंजाबी भाषा दुनिया के लगभग 8 से 10 देशों में किसी न किसी स्तर पर पढ़ाई जाती है, जिनमें भारत और पाकिस्तान के अलावा कनाडा, यूके, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका जैसे देश शामिल हैं। यह कदम वैश्विक स्तर पर पंजाबी भाषा की बढ़ती अहमियत को दर्शाता है।