ब्रेकिंग न्यूज़
लुधियाना: मुल्लांपुर दाखा में भ्रष्टाचार विरोधी जागरूकता सेमिनार, रिश्वत की शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी

मुल्लांपुर दाखा में विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार विरोधी सेमिनार आयोजित कर लोगों को जागरूक किया। जानें रिश्वत की शिकायत के लिए WhatsApp और टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर।

लुधियाना / सत्ता संदेश

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की लुधियाना रेंज की ओर से 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक विजिलेंस अवेयरनेस वीक-2026 मनाया जा रहा है। इसके तहत नगर काउंसिल मुल्लांपुर दाखा में भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए विशेष सेमिनार आयोजित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूक करना और समाज में ईमानदारी, पारदर्शिता तथा सुशासन को बढ़ावा देना है।

एसएसपी विजिलेंस ब्यूरो, लुधियाना रेंज वरिंदर सिंह बराड़ के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों और विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। मुल्लांपुर दाखा में आयोजित सेमिनार के दौरान इंस्पेक्टर एस. कुलजिंदर सिंह ग्रेवाल, रीडर एसआई अनिल कुमार, नगर काउंसिल के ईओ हैप्पी कुमार जिंदल और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

इस अवसर पर विजिलेंस ब्यूरो के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार को समाप्त करने तथा ईमानदारी, पारदर्शिता और अच्छे प्रशासन के उच्च मानकों को बनाए रखने की शपथ ली। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाएं और रिश्वतखोरी को खत्म करने के प्रयासों में सहयोग दें।

विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी सरकारी काम करने के बदले रिश्वत मांगता है, अपने पद का दुरुपयोग करता है, सरकारी दस्तावेजों या कामकाज में धोखाधड़ी करता है अथवा भ्रष्टाचार के माध्यम से आय से अधिक संपत्ति अर्जित करता है, तो उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। इसके अलावा, यदि कोई निजी व्यक्ति किसी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी के नाम पर काम करवाने के बदले रिश्वत मांगता है, तो इसकी सूचना भी संबंधित विभाग को दी जा सकती है।

सेमिनार के दौरान लोगों को भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत दर्ज करवाने के लिए पंजाब सरकार की एंटी-करप्शन एक्शन लाइन के WhatsApp नंबर 9501-200-200 और विजिलेंस ब्यूरो के टोल-फ्री नंबर 1800-1800-1000 की जानकारी दी गई।

विजिलेंस ब्यूरो ने लोगों से अपील की कि वे रिश्वत लेने और देने से बचें तथा भ्रष्टाचार से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं। जागरूकता अभियान के दौरान संदेश दिया गया कि ईमानदारी और जनसहयोग के माध्यम से ही भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *