गुजरात के सुरेंद्रनगर में भीषण सड़क हादसा: डामर के टैंकर से टकराई बस, 4 यात्री जिंदा जले, 10 गंभीर रूप से झुलसे
नेशनल डेस्क : गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में बुधवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक निजी लग्जरी बस और डामर (कोलतार) से लदे टैंकर के बीच हुई टक्कर के बाद बस में भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना में चार यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 10 अन्य यात्री गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
हादसे का विवरण : पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) एस. एस. भदौरिया के अनुसार, यह हादसा रात करीब 1:30 बजे चोटिला-राजकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सांगानी गांव के पास हुआ। निजी लग्जरी बस अहमदाबाद से राजकोट की ओर जा रही थी। रास्ते में बस अपने आगे चल रहे कोलतार से भरे टैंकर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में तुरंत ही आग लग गई।
यात्रियों की स्थिति: हादसे के समय बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। आग की लपटें इतनी तेज और अचानक थीं कि कई यात्रियों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। हालांकि, राहत की बात यह रही कि कई अन्य यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
राहत और बचाव कार्य: घटना की सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। उपजिलाधिकारी एच. टी. मकवाना ने बताया कि झुलसे हुए 10 घायलों को इलाज के लिए राजकोट के सिविल अस्पताल भेजा गया है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए चोटिला के एक अस्पताल में ले जाया गया है।

