ब्रेकिंग न्यूज़
Himachal Pradesh Medical Colleges: हिमाचल में 320 नई PG मेडिकल सीटों को मंजूरी, ₹415 करोड़ देगा केंद्र

हिमाचल प्रदेश के छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 320 नई PG मेडिकल सीटों को केंद्र की मंजूरी मिली है। इसके लिए करीब ₹415 करोड़ का अनुदान दिया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश / सत्ता संदेश

हिमाचल प्रदेश में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने राज्य के छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 320 नई स्नातकोत्तर (PG) मेडिकल सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने की घोषणा की है। इस योजना के लिए केंद्र सरकार करीब 415 करोड़ रुपये का अनुदान देगी।

जेपी नड्डा के अनुसार, इस फैसले से हिमाचल प्रदेश के युवाओं को अपने राज्य में ही मेडिकल की उच्च शिक्षा हासिल करने के अधिक अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ने से प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने में मदद मिल सकती है।

हिमाचल के 6 मेडिकल कॉलेजों में सीटों का ब्योरा

केंद्र सरकार की मंजूरी के तहत राज्य के छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में नई पीजी सीटें बढ़ाई जाएंगी। कॉलेजवार विवरण इस प्रकार है:

  • शिमला: 91 नई पीजी सीटें
  • टांडा: 57 नई पीजी सीटें
  • हमीरपुर: 57 नई पीजी सीटें
  • मंडी: 55 नई पीजी सीटें
  • नाहन: 32 नई पीजी सीटें
  • चंबा: 28 नई पीजी सीटें

इन सीटों के शुरू होने से सर्जरी, हड्डी रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग और कैंसर सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

केंद्र सरकार ने दी ₹415 करोड़ की मंजूरी

जेपी नड्डा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार से इस संबंध में प्रस्ताव 23 जून 2026 को प्राप्त हुआ था। इसके बाद 6 अक्टूबर को एम्स बिलासपुर के दीक्षांत समारोह के दौरान मुख्यमंत्री के साथ इस विषय पर चर्चा हुई। अब केंद्र सरकार ने प्रस्तावित सभी 320 पीजी सीटों को मंजूरी दे दी है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि सीटों को समय पर शुरू करने के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं और तैयारियां जल्द पूरी की जाएं, ताकि मेडिकल की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।

देशभर में बढ़ाई जाएंगी 10,000 मेडिकल सीटें

जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार पर जोर दिया गया है। इसी क्रम में केंद्र सरकार ने अगले पांच वर्षों में देशभर में 10,000 नई स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) मेडिकल सीटें बढ़ाने के लिए 15,000 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है। हिमाचल प्रदेश की 320 नई पीजी सीटों को इसी पहल का हिस्सा बताया गया है।

रेल और स्वास्थ्य परियोजनाओं में तेजी लाने की अपील

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने हिमाचल प्रदेश सरकार से चंडीगढ़-बद्दी और भानुपल्ली-बिलासपुर रेल परियोजनाओं से जुड़े लंबित मामलों को जल्द सुलझाने की अपील भी की। उन्होंने जमीन और राज्य सरकार की हिस्सेदारी से संबंधित मुद्दों के समाधान पर जोर दिया।

इसके अलावा, केंद्र सरकार के सहयोग से बनाए जा रहे क्रिटिकल केयर ब्लॉक और जन स्वास्थ्य प्रयोगशालाओं की परियोजनाओं को समय पर पूरा करने की आवश्यकता बताई।

जेपी नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मेडिकल शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार सहयोग जारी रखेगी। नई पीजी सीटों की मंजूरी से राज्य में चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़ने और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता में सुधार की उम्मीद है।

मंत्री हरदीप सिंह ने साहनेवाल क्षेत्र में आम आदमी क्लीनिक जनता को भेंट किए
  • कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने विधानसभा क्षेत्र साहनेवाल में 76.41 लाख रूपये की लागत से बने तीन नए आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित किए
  • पंजाब सरकार प्रदेश के हर वर्ग को बेहतर, निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध: कैबिनेट मंत्री मुंडियां
  • पंजाब सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने के लिए लगातार कार्य कर रही है: हरदीप सिंह मुंडियां

लुधियाना / सत्ता संदेश

पंजाब सरकार द्वारा प्रदेशवासियों को उनके घरों के निकट उच्चस्तरीय एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज विधानसभा क्षेत्र साहनेवाल में 76.41 लाख रूपये की लागत से तैयार किए गए तीन नए आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित किए गए। इन क्लीनिकों का उद्घाटन पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, अन्य सरकारी विभागों के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने बताया कि बादल फ्लैट, मुंडियां कलां में 27.96 लाख रूपये की लागत से, पुराना बाजार, साहनेवाल में 22.06 लाख रूपये की लागत से तथा गांव ऊंची मंगली में 26.39 लाख रूपये की लागत से आम आदमी क्लीनिक तैयार कर जनता को समर्पित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ये क्लीनिक स्थानीय लोगों को उनके घरों के निकट ही बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार प्रदेश के प्रत्येक वर्ग को बेहतर, निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आम आदमी क्लीनिकों की स्थापना से लोगों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक दवाइयां, विभिन्न प्रकार की जांचें तथा प्रारंभिक उपचार जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं, जिससे लोगों के समय और धन दोनों की बचत हो रही है।

उन्होंने कहा कि इन क्लीनिकों में अनुभवी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति की गई है, ताकि प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर उपचार मिल सके। उन्होंने कहा कि अब छोटी-मोटी बीमारियों के उपचार के लिए लोगों को दूर-दराज के अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि वे अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।

मुंडियां ने कहा कि पंजाब सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और आम आदमी क्लीनिक इस मिशन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इन क्लीनिकों में उपलब्ध निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, समय-समय पर अपनी स्वास्थ्य जांच करवाएं तथा स्वस्थ पंजाब के निर्माण में अपना योगदान दें।

इस अवसर पर सिविल अस्पताल साहनेवाल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) डॉ. रामेश कुमार ने भी आम आदमी क्लीनिकों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देते हुए भरोसा दिलाया कि लोगों को सभी स्वास्थ्य सेवाएं पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों ने पंजाब सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि नए आम आदमी क्लीनिक शुरू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुलभ हो जाएंगी।

मंत्री तरुनप्रीत सौंद ने खन्ना में आम आदमी क्लीनिकों का किया उद्घाटन
  • कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने खन्ना में 87 लाख रूपये की लागत से बने तीन नए आम आदमी क्लीनिकों का किया उद्घाटन
  • लोगों को घर के नजदीक ही उच्च स्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध होंगी : तरुनप्रीत सिंह सौंद
  • खन्ना के नरोतम नगर, फोकल प्वाइंट और उत्तम नगर में शुरू हुए नए आम आदमी क्लीनिक

खन्ना / सत्ता संदेश

खन्ना विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने पंजाब सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घर-घर तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हुए शनिवार को खन्ना में 87 लाख रूपये की लागत से तैयार किए गए तीन नए आम आदमी क्लीनिकों का उद्घाटन कर उन्हें जनता को समर्पित किया। ये क्लीनिक नरोतम नगर, फोकल प्वाइंट तथा उत्तम नगर, खन्ना में स्थापित किए गए हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि नरोतम नगर स्थित आम आदमी क्लीनिक पर 27 लाख रूपये , जबकि फोकल प्वाइंट और उत्तम नगर स्थित क्लीनिकों पर 30-30 लाख रूपये की लागत आई है। उन्होंने कहा कि इन क्लीनिकों के माध्यम से आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अपने घर के निकट ही उच्च गुणवत्ता वाली प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि आम आदमी क्लीनिकों में 107 प्रकार की आवश्यक दवाइयां मुफ्त उपलब्ध कराई जाती हैं तथा योग्य चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच और परामर्श भी बिना किसी शुल्क के दिया जाता है। उन्होंने कहा कि इन तीन नए क्लीनिकों के शुरू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेष रूप से बुजुर्गों, माताओं और महिलाओं को उपचार के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि अब खन्ना विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी क्लीनिकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। इनमें से तीन क्लीनिक ग्रामीण क्षेत्रों में, चार पहले से ही खन्ना शहर में संचालित थे और आज तीन नए क्लीनिक जनता को समर्पित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में जहां भी ऐसे क्लीनिकों की आवश्यकता महसूस होगी, वहां भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

सौंद ने कहा कि पिछली सरकारों के समय सिविल अस्पताल, खन्ना की दैनिक ओपीडी केवल 300 से 400 मरीजों तक सीमित रहती थी और उस समय आम आदमी क्लीनिक जैसी कोई व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों के अनुसार वर्तमान में सिविल अस्पताल की दैनिक ओपीडी 1,500 से अधिक हो चुकी है, जबकि पहले से संचालित सात आम आदमी क्लीनिकों में प्रतिदिन लगभग 1,400 मरीज उपचार प्राप्त कर रहे हैं। इस प्रकार प्रतिदिन लगभग 2,900 लोग सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि तीनों नए क्लीनिकों में भी प्रतिदिन 150 से 200 मरीजों की जांच होगी, जिससे लोगों को और अधिक बेहतर तथा सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने लोगों से मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत बनाए जा रहे स्वास्थ्य कार्ड का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार को 10 लाख रूपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने वाला यह कार्ड अवश्य बनवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह योजना गंभीर बीमारियों के उपचार के दौरान परिवारों के लिए बड़ा सहारा साबित होगी तथा लोगों को महंगे इलाज के आर्थिक बोझ से बचाएगी।

इस अवसर पर सिविल अस्पताल, खन्ना के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) डॉ. मनिंदर भसीन सहित विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।