ब्रेकिंग न्यूज़
सेबी ने चंडीगढ़ में खोला स्थानीय कार्यालय, पंजाब-हरियाणा और यूटी चंडीगढ़ के निवेशकों को मिलेगा सीधा लाभ

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के अध्यक्ष तुहिन कांत पांडे ने सोमवार को चंडीगढ़ में सेबी के नए स्थानीय कार्यालय का उद्घाटन किया। नए कार्यालय के शुरू होने से पंजाब, हरियाणा और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में निवेशक सेवाओं, वित्तीय साक्षरता और निवेशक शिकायतों के निवारण को स्थानीय स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद है।

सेबी का चंडीगढ़ स्थानीय कार्यालय एससीओ नंबर 20-25, दूसरी मंजिल, जीवन प्रकाश बिल्डिंग, सेक्टर 17बी, चंडीगढ़-160017 में स्थित है।

यह कार्यालय पंजाब और हरियाणा राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ को कवर करेगा। प्रशासनिक रूप से यह नई दिल्ली स्थित सेबी के उत्तरी क्षेत्रीय कार्यालय के नियंत्रण और क्षेत्राधिकार के तहत काम करेगा।

निवेशकों की शिकायतों के समाधान पर जोर

चंडीगढ़ स्थित स्थानीय कार्यालय के प्रमुख कार्यों में सूचीबद्ध कंपनियों और बाजार मध्यस्थों के खिलाफ निवेशकों की शिकायतों के निवारण में सुविधा प्रदान करना शामिल होगा। इससे क्षेत्र के निवेशकों को अपनी समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर संपर्क उपलब्ध हो सकेगा।

इसके अलावा कार्यालय की ओर से निवेशक शिक्षा और वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए भी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसका उद्देश्य निवेशकों को प्रतिभूति बाजार, निवेश के विभिन्न विकल्पों, जोखिमों और उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करना होगा।

SME, बॉन्ड और सोशल स्टॉक एक्सचेंज से जुड़े मामलों पर भी रहेगा फोकस

सेबी का चंडीगढ़ कार्यालय अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले विभिन्न बाजार प्रतिभागियों और संस्थाओं के साथ भी समन्वय करेगा। इसमें जारीकर्ताओं के मंचों के साथ जुड़ाव विशेष रूप से लघु एवं मध्यम उद्यम (SMEs), सोशल स्टॉक एक्सचेंज, म्यूनिसिपल बॉन्ड और कॉरपोरेट बॉन्ड जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया है।

स्थानीय कार्यालय को समय-समय पर सेबी की ओर से सौंपे जाने वाले अन्य कार्य भी करने होंगे। चंडीगढ़ में कार्यालय खुलने से उत्तरी क्षेत्र में सेबी की स्थानीय उपस्थिति और निवेशक-केंद्रित सेवाओं को और विस्तार मिलने की संभावना है।