पंजाब-चंडीगढ़ में भीषण गर्मी का टॉर्चर: 5 दिनों के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी, फरीदकोट में पारा 42.6° पार
पंजाब डेस्क : पंजाब और राजधानी चंडीगढ़ में सूरज के तेवर तल्ख होने लगे हैं और लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने अगले पांच दिनों के लिए लू (Heatwave) का यलो अलर्ट जारी किया है,। मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 17 मई को मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन कल से गर्मी का प्रकोप और अधिक बढ़ने वाला है।
तापमान में भारी उछाल : शनिवार की तुलना में राज्य के तापमान में औसतन 2.1 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्तमान स्थिति यह है कि राज्य के सभी जिलों का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से अधिक चल रहा है।
-सबसे गर्म जिला: फरीदकोट 42.6 डिग्री तापमान के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा।
–अन्य शहर: पटियाला में 40.8 डिग्री, बठिंडा में 40.6 डिग्री और लुधियाना में 39.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
–चंडीगढ़: राजधानी का तापमान भी 1.1 डिग्री की बढ़त के साथ 39 डिग्री तक पहुँच गया है।
अगले 4 दिन और बढ़ेगी तपिश: मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक, अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की और बढ़ोतरी हो सकती है।
-18 मई: फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में लू चलने की प्रबल संभावना है।
-19 और 20 मई: लू का दायरा बढ़कर फिरोजपुर, मोगा, बरनाला और संगरूर के इलाकों तक पहुँच जाएगा।
मानसून का इंतज़ार: भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई के आसपास केरल पहुँच सकता है। हालांकि, पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों को इसके लिए अभी लंबा इंतज़ार करना होगा।
सामान्य पैटर्न के अनुसार, पंजाब और हरियाणा में मानसून 25 से 30 जून के बीच ही प्रवेश करेगा। तब तक अगले 15 दिनों तक मौसम शुष्क और गर्म रहने का ही अनुमान है।

