ब्रेकिंग न्यूज़
PUNJAB TOP-10 NEWS, चुटकियों में पढ़े बड़ी दिन भर की खबरें…17-05-2026

पंजाब डेस्क : पंजाब और चंडीगढ़ में आज का दिन काफी हलचल भरा रहा। जहाँ एक ओर आम जनता पर CNG की कीमतों की मार पड़ी है, वहीं चंडीगढ़ प्रशासन ने ईंधन बचाने के लिए VVIP काफिलों में कटौती का बड़ा फैसला लिया है।, प्रदेश में अपराध की भी कई चौंकाने वाली घटनाएं सामने आईं, जिनमें ऑनर किलिंग और पुलिस कस्टडी से भागते कैदी की मौत जैसे मामले प्रमुख रहे।

1. पेट्रोल-डीजल के बाद अब CNG की कीमतों में लगी आग: पंजाब और चंडीगढ़ में आम जनता पर महंगाई की एक और मार पड़ी है। पेट्रोल, डीजल और दूध के बाद अब CNG की कीमतों में 2 रुपए प्रति किलोग्राम तक की बढ़ोतरी की गई है। लुधियाना में ‘थिंक गैस’ की नई दर 88.75 रुपए प्रति किलो हो गई है, जबकि चंडीगढ़ और मोहाली में यह बढ़कर 94.25 रुपए प्रति किलो पर पहुँच गई है। यह नई दरें लागू हो चुकी हैं, जिससे गैस से चलने वाले वाहनों का सफर महंगा हो जाएगा।

2. लुधियाना में प्रॉपर्टी डीलर ने नहर में कूदकर दी जान: लुधियाना के एक प्रॉपर्टी कारोबारी ने नीलों पुल से सरहिंद नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले कारोबारी ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के नामों का खुलासा किया और उसे अपने भाई को वॉट्सऐप किया। गोताखोरों की मदद से पुलिस ने आज उसका शव गुरथली गांव के पास नहर से बरामद कर लिया है।

3. चंडीगढ़ प्रशासन का बड़ा फैसला: VVIP काफिलों में कटौती वैश्विक तेल संकट और प्रधानमंत्री की अपील के बाद चंडीगढ़ प्रशासन ने ईंधन बचाने की दिशा में सख्त कदम उठाए हैं। पंजाब के गवर्नर और चंडीगढ़ प्रशासक के आदेशानुसार, अब बुधवार के दिन सरकारी कर्मचारी अपनी निजी या सरकारी गाड़ी के बजाय बस या साइकिल से दफ्तर आएंगे। इसके साथ ही अधिकारियों और VVIP के काफिलों में गाड़ियों की संख्या कम करने के लिए सुरक्षा विभाग को पत्र लिखा गया है।

4. क्लब के बाहर किन्नरों द्वारा युवती की बेरहमी से पिटाई : चंडीगढ़ के सेक्टर 26 में एक मशहूर क्लब के बाहर किन्नरों द्वारा एक युवती को पीटने का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में किन्नर युवती को सड़क पर घसीटते और लात-घूंसों से मारते नजर आ रहे हैं। जाँच में पता चला कि युवती नशे की हालत में थी और उसने किन्नरों पर कोई आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद यह विवाद हुआ।

5. ED का एक्शन: पावरकॉम के CMD सहित 4 को समन; पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच तेज कर दी है। ED ने अब पावरकॉम के CMD बसंत गर्ग, डायरेक्टर हरशरण कौर और दो अन्य कारोबारियों को सोमवार को पूछताछ के लिए बुलाया है। यह मामला एक निजी कंपनी को अवैध तरीके से करोड़ों की बैंक गारंटी वापस कर फायदा पहुँचाने से जुड़ा है।

6. होशियारपुर: पुलिस कस्टडी से भागते कैदी की मुठभेड़ में मौत: होशियारपुर में पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश कर रहे एक कैदी की मौत का सनसनीखेज वीडियो सामने आया है। वीडियो में कैदी ई-रिक्शा के अंदर पुलिसकर्मी पर चाकू से हमला करता और भागने की कोशिश करता दिख रहा है। इस दौरान हुई हाथापाई और बचाव में चली गोली से कैदी की मौके पर ही मौत हो गई।

7. करोड़ों के घोटाले में लेडी SDM गिरफ्तार : तरनतारन की पूर्व SDM डॉ. अनुप्रीत कौर रंधावा को पुलिस ने 1.63 करोड़ रुपए के गबन के आरोप में गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि जम्मू-राजस्थान हाईवे के लिए अधिग्रहित जमीन के मुआवजे की राशि उन्होंने अपने भाई सहित अन्य निजी खातों में डाल दी थी। कोर्ट ने उन्हें 20 मई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

8. लुधियाना में ऑनर किलिंग: बहन के प्रेमी की हत्या ; लुधियाना में एक युवक की उसके प्रेमिका के भाई और रिश्तेदारों ने मिलकर हत्या कर दी। आरोपी युवक को किडनैप कर चलती कार में 12 किलोमीटर तक पीटते रहे और हत्या के बाद इसे एक्सीडेंट दिखाने के लिए शव और स्कूटी को दीवार के पास फेंक दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

9. मोहाली में नौकर ने मालकिन को अधमरा कर लूटे 25 लाख: मोहाली में एक आयुर्वेदिक क्लिनिक की मालकिन पर उनके ही नौकर ने बेलन से जानलेवा हमला किया। आरोपी घर से 3.10 लाख रुपए नकद और 22 लाख का सोना लेकर फरार हो गया। घायल महिला के सिर में 70 टांके आए हैं और उनकी हालत नाजुक है। आरोपी को मात्र 5 दिन पहले ही काम पर रखा गया था।

10. पटियाला में पूर्व सरपंच पर फिल्मी स्टाइल में हमला : पटियाला में एक टाइल फैक्ट्री के मालिक और पूर्व सरपंच कर्मजीत सिंह पर दिनदहाड़े हमला हुआ। हमलावरों ने कार और एक्टिवा अड़ाकर उनकी गाड़ी रोकी और उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। यह हमला पुश्तैनी जमीन के विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है और पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

RCB ने पंजाब किंग्स को 23 रनों से हराया, IPL 2026 प्लेऑफ में पहुंचने वाली बनी पहली टीम

स्पोर्टस डेस्क: धर्मशाला में खेले गए आईपीएल 2026 के 61वें लीग मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को 23 रनों से करारी शिकस्त दी है। इस जीत के साथ आरसीबी इस सीजन के प्लेऑफ के लिए अपनी जगह पक्की करने वाली पहली टीम बन गई है।

RCB की शानदार बल्लेबाजी: पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। आरसीबी ने इसका फायदा उठाते हुए 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 222 रनों का विशाल स्कोर बनाया। वेंकटेश अय्यर ने 40 गेंदों में नाबाद 73 रनों की आक्रामक पारी खेली। विराट कोहली ने 58 रनों का योगदान दिया, जबकि देवदत्त पडिक्कल ने 45 रन बनाए। अंत में टिम डेविड ने मात्र 12 गेंदों में 28 रनों की तेज पारी खेलकर स्कोर को 220 के पार पहुँचाया।

पंजाब किंग्स की पारी और गेंदबाजी: 223 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत खराब रही और उसने 19 के स्कोर तक ही 3 विकेट गंवा दिए थे। मार्क्स स्टोइनिस और शशांक सिंह ने छठे विकेट के लिए 67 रनों की तेज साझेदारी कर संघर्ष किया, लेकिन टीम 20 ओवरों में केवल 199 रन ही बना सकी। आरसीबी की ओर से रसिक सलाम डार सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार ने 2 विकेट चटकाए, जबकि हेजलवुड, सुयश शर्मा और रोमारियो शेफर्ड को 1-1 सफलता मिली।

*हरियाणा में जनगणना 2027 के कार्यों में तेजी; कई जिलों में 100% जनगणना कार्य आरंभ किया गया*

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

*मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने जनगणना 2027 की प्रगति की समीक्षा की, फील्ड संचालन में कड़ी जवाबदेही के निर्देश दिए*

चंडीगढ़, 17 मई,2026 – हरियाणा ने चल रही जनगणना 2027 की मकानसूचीकरण और आवास जनगणना (HLO) प्रक्रिया में महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की है, राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मकानसूचीकरण गतिविधियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं। हरियाणा के मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने आज मंडल आयुक्तों, उपायुक्तों, नगर आयुक्तों, जिला शिक्षा अधिकारियों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से व्यापक समीक्षा बैठक की, जिसमें राष्ट्रव्यापी अभ्यास के कार्यान्वयन की गति और समय पर पूरा करने की तैयारियों का आकलन किया गया।

बैठक के दौरान, मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों को जनगणना कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कार्य पूर्ण समर्पण, जवाबदेही और दक्षता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना नीति निर्माण, विकास योजना, संसाधन आवंटन और कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का एक महत्वपूर्ण आधार है, जिससे शासन और लोक प्रशासन के लिए इसका सफल निष्पादन अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाता है। उन्होंने कहा कि जनगणना ड्यूटी में लापरवाही बरतने या सहयोग न करने वाले किसी भी कर्मचारी के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

जनगणना कार्य निदेशक, हरियाणा, डॉ. ललित जैन ने बताया कि हरियाणा में कुल मकानसूचीकरण ब्लॉकों (HLBs) के 97 प्रतिशत से अधिक में कार्य शुरू हो चुका है। यमुना नगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, फतेहाबाद, हांसी, चरखी दादरी और फरीदाबाद सहित कई जिलों ने मकानसूचीकरण गतिविधियों का 100 प्रतिशत आरंभ का लक्ष्य हासिल किया गया है, जो जिला प्रशासन, गणनाकारों और पर्यवेक्षी कर्मचारियों की दक्षता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

चरखी दादरी 32 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण करके अग्रणी जिला बना, जबकि फतेहाबाद, हांसी, जींद और महेंद्रगढ़ ने भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की।

नगर निगमों में, पानीपत ने पूर्ण किए गए कार्य का सबसे अधिक प्रतिशत दर्ज किया, उसके बाद रोहतक और फरीदाबाद का स्थान रहा, जो शहरी क्षेत्रों में भी स्थिर प्रगति का संकेत देता है।

बैठक के दौरान, वित्तीय आयुक्त, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन और अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने जमीनी स्तर पर कार्य को सुचारू और समय पर पूरा करने के लिए नगर समितियों, सरपंचों, पंचों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWAs) के सक्रिय सहयोग के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने जनगणना प्रक्रिया में ग्राम सभाओं को सक्रिय रूप से शामिल करने और IEC गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता पैदा करने का आह्वान किया।

कार्यान्वयन को और मजबूत करने के लिए, सभी जिला प्रशासनों को जनगणना ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के कार्य घंटों को उचित रूप से समायोजित करने की सलाह दी गई ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर फील्ड संचालन पूरा किया जा सके।

मुख्य सचिव ने 15 जून, 2026 से शुरू होने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभ्यास की तैयारियों की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बीएलओ और फील्ड स्टाफ को सौंपी गई जनगणना और मतदाता पुनरीक्षण ड्यूटी के बीच ओवरलैप से बचने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित करने के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने जोर दिया कि जनगणना में लगे बीएलओ को 31 मई, 2026 तक छूट दी जा सकती है। बैठक में सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, श्री दुष्मंत कुमार बेहरा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
***

पंजाब-चंडीगढ़ में भीषण गर्मी का टॉर्चर: 5 दिनों के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी, फरीदकोट में पारा 42.6° पार

पंजाब डेस्क : पंजाब और राजधानी चंडीगढ़ में सूरज के तेवर तल्ख होने लगे हैं और लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने अगले पांच दिनों के लिए लू (Heatwave) का यलो अलर्ट जारी किया है,। मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 17 मई को मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन कल से गर्मी का प्रकोप और अधिक बढ़ने वाला है।

तापमान में भारी उछाल : शनिवार की तुलना में राज्य के तापमान में औसतन 2.1 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्तमान स्थिति यह है कि राज्य के सभी जिलों का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से अधिक चल रहा है।

-सबसे गर्म जिला: फरीदकोट 42.6 डिग्री तापमान के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा।

अन्य शहर: पटियाला में 40.8 डिग्री, बठिंडा में 40.6 डिग्री और लुधियाना में 39.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

चंडीगढ़: राजधानी का तापमान भी 1.1 डिग्री की बढ़त के साथ 39 डिग्री तक पहुँच गया है।

अगले 4 दिन और बढ़ेगी तपिश: मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक, अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की और बढ़ोतरी हो सकती है।

-18 मई: फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में लू चलने की प्रबल संभावना है।

-19 और 20 मई: लू का दायरा बढ़कर फिरोजपुर, मोगा, बरनाला और संगरूर के इलाकों तक पहुँच जाएगा।

मानसून का इंतज़ार: भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई के आसपास केरल पहुँच सकता है। हालांकि, पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों को इसके लिए अभी लंबा इंतज़ार करना होगा।

सामान्य पैटर्न के अनुसार, पंजाब और हरियाणा में मानसून 25 से 30 जून के बीच ही प्रवेश करेगा। तब तक अगले 15 दिनों तक मौसम शुष्क और गर्म रहने का ही अनुमान है।

करोड़ों के घोटाले में घिरी लेडी SDM: पट्टी भूमि अधिग्रहण केस में डॉ. अनुप्रीत कौर गिरफ्तार, 20 मई तक रिमांड पर

पंजाब डेस्क : पंजाब के गुरदासपुर में तैनात 2012 बैच की PCS अधिकारी SDM डॉ. अनुप्रीत कौर रंधावा को तरनतारन पुलिस ने शनिवार सुबह करीब 7 बजे उनके सरकारी आवास से गिरफ्तार कर लिया है। उन पर पट्टी (तरनतारन) में अपनी पहली स्वतंत्र पोस्टिंग के दौरान 1.63 करोड़ रुपये के सरकारी मुआवजे के गबन का मुख्य आरोप है।

क्या है ₹1.63 करोड़ का पूरा घोटाला?नियमों की अनदेखी: जनवरी 2018 से फरवरी 2019 के बीच जब अनुप्रीत पट्टी की SDM थीं, तब NH-54 (जम्मू-राजस्थान हाईवे) के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही थी।

फर्जी खातों में ट्रांसफर: केंद्र सरकार द्वारा किसानों के लिए भेजे गए मुआवजे की राशि को डॉ. अनुप्रीत ने राजस्व रिकॉर्ड का मिलान किए बिना ही 5 ऐसे लोगों के खातों में ट्रांसफर कर दिया, जिनकी जमीन हाईवे के दायरे में नहीं आती थी।

गड़बड़ी का खुलासा: इस फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब अनुप्रीत के तबादले के बाद नए SDM नवराज सिंह बराड़ ने फाइलों की जांच की और तत्कालीन डीसी को इसकी शिकायत भेजी। इस मामले में सितंबर 2019 में FIR दर्ज की गई थी।

भाई के खाते में ₹88 लाख भेजने का भी आरोप : जांच में यह भी सामने आया है कि डॉ. अनुप्रीत ने नेशनल हाईवे के मुआवजा फंड से 88 लाख रुपये सीधे अपने सगे भाई संदीप सिंह के बैंक खाते में ट्रांसफर किए थे। उस जमीन का राजस्व रिकॉर्ड में कोई वजूद ही नहीं था जिसके बदले यह राशि जारी की गई। इस मामले में उन पर साल 2021 में दूसरी FIR दर्ज हुई थी।

पेशे से डॉक्टर और विवादों भरी निजी जिंदगी: अमृतसर में जन्मीं डॉ. अनुप्रीत ने MBBS की पढ़ाई की और फिर 2012 में पंजाब सिविल सेवा परीक्षा पास की। उनकी निजी जिंदगी भी काफी विवादों में रही है।

पति पर केस: उन्होंने साल 2014 में अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी बचित्र सिंह ढिल्लों से शादी की थी, लेकिन 8 महीने बाद ही उन पर दहेज उत्पीड़न और गला घोंटकर जान से मारने की कोशिश का मामला दर्ज करवा दिया।

पुलिस कार्रवाई: उनकी शिकायत पर पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया और दावा किया कि उसकी गाड़ी से 260 ग्राम हेरोइन भी बरामद हुई थी।

वर्तमान स्थिति हाईकोर्ट में चल रही लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद शनिवार को तरनतारन पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। देर शाम पट्टी कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें 20 मई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है, जहाँ पुलिस उनसे घोटाले की कड़ियों को लेकर पूछताछ करेगी।

रतलाम में राजधानी एक्सप्रेस के AC कोच में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे 68 यात्री; दिल्ली-मुंबई ट्रैक ठप

नेशनल डेस्क : मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार सुबह एक बड़ा ट्रेन हादसा होने से टल गया। तिरुवनंतपुरम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस (12431) के एक एसी कोच में अचानक आग लग गई। यह घटना सुबह करीब 5:30 बजे कोटा रेल मंडल के लूणीरीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुई।

15 मिनट में मची अफरातफरी, सुरक्षित बचाए गए यात्री : आग ट्रेन के B-1 कोच में लगी थी, जिसमें उस वक्त 68 यात्री सवार थे। कोच में आग फैलते ही गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका गया। रेलवे स्टाफ और आरपीएफ (RPF) की मुस्तैदी से मात्र 15 मिनट के भीतर पूरे कोच को खाली करा लिया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई भी यात्री या रेल कर्मचारी हताहत नहीं हुआ है।

दिल्ली-मुंबई रेल यातायात प्रभावित : आग लगने के बाद सुरक्षा के लिहाज से दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है और ओएचई (OHE) बिजली सप्लाई काट दी गई है। इस घटना के कारण कई प्रमुख ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर फंसी हुई हैं, जिनमें शामिल हैं:

-हरिद्वार-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (शामगढ़ में रुकी)

-हजरत निजामुद्दीन-मुंबई सेंट्रल दुरंतो एक्सप्रेस (चौमहला में रुकी)

-नई दिल्ली-इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस (सुवासरा में रुकी)-स्वराज एक्सप्रेस और अन्य स्पेशल ट्रेनें।

जाँच के आदेश : रेलवे के तकनीकी अधिकारी और वरिष्ठ कर्मचारी मौके पर पहुंच चुके हैं। प्रभावित बी-1 कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया है ताकि बाकी ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया जा सके। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

CBSE का बड़ा बदलाव: अब 9वीं में 3 भाषाएं पढ़ना अनिवार्य, 10वीं बोर्ड परीक्षा में नहीं होगा तीसरी लैंग्वेज का पेपर

नेशनल डेस्क : सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अपनी भाषा नीति में एक ऐतिहासिक बदलाव की घोषणा की है। 15 मई 2026 को जारी नए सर्कुलर के अनुसार, अब कक्षा 9 के छात्रों के लिए तीन भाषाएं (Three Languages) पढ़ना अनिवार्य कर दिया गया है। यह नया नियम 1 जुलाई 2026 से सीबीएसई के सभी स्कूलों में पूरी तरह लागू हो जाएगा।

क्या है नया ‘भाषा गणित‘?अनिवार्य भारतीय भाषाएं: छात्रों को तीन भाषाएं पढ़नी होंगी, जिनमें से कम से कम दो मूल भारतीय भाषाएं होनी चाहिए।

विदेशी भाषा का विकल्प: छात्र तीसरी भाषा के रूप में विदेशी भाषा तभी चुन सकते हैं जब उनकी बाकी दो भाषाएं भारतीय हों। विदेशी भाषा को चौथे अतिरिक्त विषय के रूप में भी लेने का विकल्प दिया गया है।

प्रभावी तिथि: यह नियम शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9 से शुरू होगा।

10वीं के छात्रों को बड़ी राहत: बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि छात्रों पर पढ़ाई का बोझ कम करने के लिए कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में तीसरी भाषा (R3) का कोई पेपर नहीं होगा। तीसरी भाषा का मूल्यांकन पूरी तरह से स्कूलों द्वारा आंतरिक (Internal Assessment) तौर पर किया जाएगा। इस विषय के नंबर फाइनल सर्टिफिकेट में दर्ज होंगे, लेकिन इसके कारण किसी भी छात्र को बोर्ड परीक्षा में बैठने से नहीं रोका जाएगा।

शिक्षकों की कमी और स्कूलों को छूट: नियमों को लागू करने के लिए बोर्ड ने स्कूलों को काफी लचीलापन दिया है। भाषा शिक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए स्कूल हाइब्रिड टीचिंग (ऑनलाइन और ऑफलाइन), रिटायर शिक्षकों की सेवाएं लेने या अन्य स्कूलों के साथ संसाधन साझा करने जैसे विकल्पों का इस्तेमाल कर सकते हैं।

किसे मिलेगी छूट? दिव्यांग बच्चों को आरपीडब्ल्यूडी एक्ट 2016 के तहत दूसरी या तीसरी भाषा पढ़ने से छूट मिल सकती है। इसके अलावा, विदेश से लौटे छात्रों और भारत के बाहर स्थित सीबीएसई स्कूलों के लिए भी नियमों में ढील दी गई है।

दिल्ली-NCR में फिर महंगी हुई CNG: 3 दिनों में ₹3 का इजाफा, ₹80 के पार पहुंचे दाम

नेशनल डेस्क : दिल्ली और आसपास के इलाकों (NCR) में रहने वाले लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। आज, 17 मई 2026 से सीएनजी (CNG) की कीमतों में 1 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी कर दी गई है। इस ताजा वृद्धि के बाद देश की राजधानी में सीएनजी के दाम पहली बार 80 रुपये प्रति किलो के आंकड़े को पार कर गए हैं।तीन दिनों में ₹3 की बड़ी बढ़ोतरी पिछले तीन दिनों के भीतर यह दूसरी बार है जब सीएनजी महंगी हुई है। इससे पहले 15 मई को कीमतों में 2 रुपये का इजाफा किया गया था। इस प्रकार, महज तीन दिनों में दिल्ली में सीएनजी के दाम कुल 3 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ चुके हैं।

शहरों के हिसाब से नए रेट्स:

-दिल्ली: अब यहाँ एक किलो सीएनजी के लिए ₹80.09 (कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार ₹80.90) चुकाने होंगे।

-नोएडा और गाजियाबाद: यहाँ सीएनजी की नई कीमत ₹88.70 प्रति किलोग्राम हो गई है।

आम आदमी और कैब चालकों पर असर: कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का सीधा असर दिल्ली-NCR में रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों, ऑटो-रिक्शा चालकों और ओला-उबर जैसी ऐप-आधारित कैब चलाने वालों के दैनिक खर्च पर पड़ेगा। जानकारों का मानना है कि सीएनजी महंगी होने के कारण आने वाले दिनों में ऑटो और टैक्सियों के किराए में भी इजाफा देखा जा सकता है।

क्यों बढ़ रहे हैं दाम? विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में नेचुरल गैस (Natural Gas) की कीमतों में उछाल आने की वजह से घरेलू स्तर पर सीएनजी महंगी हो रही है। गौरतलब है कि 15 मई को पेट्रोल और डीजल के दामों में भी 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी, जिससे दिल्ली में पेट्रोल ₹97.77 और डीजल ₹90.67 प्रति लीटर हो गया है।

ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से कच्चे तेल की कीमतें $100 प्रति बैरल के ऊपर बनी हुई हैं, जिसका असर ईंधन की कीमतों पर पड़ रहा है।

कांगो में इबोला का कहर: 80 लोगों की मौत, स्वास्थ्य एजेंसियां हाई अलर्ट पर

इंटरनेशनल डेस्क : दुनिया भर में जहाँ हंता वायरस (Hantavirus) को लेकर चर्चाएं तेज हैं, वहीं अफ्रीकी देश कांगो में इबोला वायरस ने भारी तबाही मचाई है,। पूर्वी कांगो के इतुरी प्रांत में इस घातक संक्रमण से अब तक 80 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों अन्य संदिग्ध मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है।

दुर्लभ वैरिएंट और प्रशासन की कार्रवाई: कांगो के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, लैब जांच में इबोला के एक दुर्लभ वैरिएंट ‘बुन्डिबुग्यो’ (Bundibugyo) की पहचान हुई है,। संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्यकर्मी बड़े पैमाने पर स्क्रीनिंग और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग का अभियान चला रहे हैं ताकि इसे फैलने से रोका जा सके। गौरतलब है कि कांगो में साल 1976 के बाद से इबोला का यह 17वां बड़ा प्रकोप है।

बुनिया में बिगड़ते हालात: इतुरी प्रांत की राजधानी बुनिया में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वहां डर का माहौल है और रोजाना कई लोगों की मौत की खबरें आ रही हैं। स्वास्थ्य मंत्री सैमुअल-रोजर काम्बा के मुताबिक, इस प्रकोप का पहला संदिग्ध मामला एक नर्स से जुड़ा था, जिसकी मौत अप्रैल के अंत में एक अस्पताल में हुई थी।

लक्षण और बचाव के उपाय: इबोला वायरस संक्रमित व्यक्ति के खून, पसीने, उल्टी या अन्य शारीरिक द्रव्यों के सीधे संपर्क में आने से फैलता है। इसके प्रमुख लक्षणों में शामिल हैं:

-तेज बुखार और मांसपेशियों में दर्द।-सिरदर्द और शारीरिक कमजोरी।

-उल्टी, दस्त और कुछ मामलों में शरीर के अंदर या बाहर रक्तस्राव (bleeding) होना।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से संक्रमित व्यक्तियों से दूरी बनाए रखने और अत्यधिक सावधानी बरतने की अपील की है।