ब्रेकिंग न्यूज़
रतलाम में राजधानी एक्सप्रेस के AC कोच में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे 68 यात्री; दिल्ली-मुंबई ट्रैक ठप

नेशनल डेस्क : मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार सुबह एक बड़ा ट्रेन हादसा होने से टल गया। तिरुवनंतपुरम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस (12431) के एक एसी कोच में अचानक आग लग गई। यह घटना सुबह करीब 5:30 बजे कोटा रेल मंडल के लूणीरीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुई।

15 मिनट में मची अफरातफरी, सुरक्षित बचाए गए यात्री : आग ट्रेन के B-1 कोच में लगी थी, जिसमें उस वक्त 68 यात्री सवार थे। कोच में आग फैलते ही गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका गया। रेलवे स्टाफ और आरपीएफ (RPF) की मुस्तैदी से मात्र 15 मिनट के भीतर पूरे कोच को खाली करा लिया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई भी यात्री या रेल कर्मचारी हताहत नहीं हुआ है।

दिल्ली-मुंबई रेल यातायात प्रभावित : आग लगने के बाद सुरक्षा के लिहाज से दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है और ओएचई (OHE) बिजली सप्लाई काट दी गई है। इस घटना के कारण कई प्रमुख ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर फंसी हुई हैं, जिनमें शामिल हैं:

-हरिद्वार-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (शामगढ़ में रुकी)

-हजरत निजामुद्दीन-मुंबई सेंट्रल दुरंतो एक्सप्रेस (चौमहला में रुकी)

-नई दिल्ली-इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस (सुवासरा में रुकी)-स्वराज एक्सप्रेस और अन्य स्पेशल ट्रेनें।

जाँच के आदेश : रेलवे के तकनीकी अधिकारी और वरिष्ठ कर्मचारी मौके पर पहुंच चुके हैं। प्रभावित बी-1 कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया है ताकि बाकी ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया जा सके। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *