ब्रेकिंग न्यूज़
कपूरथला पहुंचे सीएम नायब सिंह सैनी, पंजाब सरकार पर साधा निशाना

कपूरथला / सत्ता संदेश

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को कपूरथला दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शेखूपुर स्थित माता भद्रकाली मंदिर में माथा टेका और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता पुरुषोत्तम पासी के निवास पर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित किया।


प्रेस वार्ता के दौरान नायब सिंह सैनी ने पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हाल ही में हुए निकाय चुनावों में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई गईं और बड़े स्तर पर वोट चोरी की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी आपस में मिली हुई हैं तथा बैलेट पेपर से चुनाव करवाकर सरकार ने साबित कर दिया है कि वह लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी हार से डरी हुई है।


गठबंधन संबंधी सवाल पर मुख्यमंत्री सैनी ने दोहराया कि भाजपा को किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव अकेले दम पर लड़ेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी अपने समर्पित कार्यकर्ताओं और नेताओं को ही आगे बढ़ाएगी। कांग्रेस या आम आदमी पार्टी के नेताओं के भाजपा के संपर्क में होने की बात को भी उन्होंने खारिज किया।


पंजाब भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को लेकर पूछे गए सवाल पर नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा के नए प्रदेश प्रधान केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में पंजाब में भाजपा का कमल का फूल और अधिक मजबूती के साथ खिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी कार्यकर्ता एकजुट होकर पंजाब में भाजपा को मजबूत करेंगे और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।


कैप्टन अमरिंदर सिंह के बयानों और पार्टी के भीतर मतभेदों की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने कहा कि भले ही कैप्टन अमरिंदर सिंह अपनी राय रखते हों, लेकिन वह भाजपा के शीर्ष नेताओं में शामिल हैं और पार्टी में उनका पूरा सम्मान है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी नेता और कार्यकर्ता मिलकर पार्टी को मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं।


पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर टिप्पणी करते हुए नायब सिंह सैनी ने कहा कि वह एक कलाकार हैं और केवल तालियां बजवाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि तालियां बजाने से लोगों का पेट नहीं भरता। राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है, गैंगस्टरवाद को बढ़ावा मिला है और विकास कार्यों के नाम पर कुछ खास नहीं हुआ। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शाम पांच बजे के बाद “रंगला पंजाब” बनाना शुरू कर देते हैं, जिसके बारे में सभी जानते हैं


पंजाब और हरियाणा के बीच पानी के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब भी उनकी अपनी धरती है। गुरुओं, पीरों और संत-महात्माओं से मिली सीख के अनुसार ही दोनों राज्यों के हितों को ध्यान में रखकर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह कोई बड़ा मुद्दा नहीं है और इसे अनावश्यक रूप से विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।

टांडा नगर काउंसिल चुनाव में AAP का दबदबा, 15 में से 10 वार्डों पर जीत


होशियारपुर / सत्ता संदेश

रिपोर्ट: जसप्रीत सिंह सैनी


पंजाब के होशियारपुर जिले के टांडा उड़मुड़ नगर काउंसिल चुनाव में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 में से 10 वार्डों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार 5 वार्डों में विजयी रहे। मतगणना शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। 26 मई को हुए नगर काउंसिल चुनाव की मतगणना 29 मई को पूरी की गई। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर एवं अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी निकास कुमार ने बताया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुचारू ढंग से संपन्न हुई।

मतगणना के परिणामों के अनुसार वार्ड नंबर 1 और 2 से कांग्रेस उम्मीदवार हिना वैद और बलदेव राम विजयी रहे। वार्ड नंबर 3 से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार सरोज बाला ने जीत हासिल की। वार्ड नंबर 4 और 5 से कांग्रेस के उम्मीदवार दविंदर सिंह और गुरप्रीत कौर ने बाजी मारी।
वहीं वार्ड नंबर 6 से सेठ राम, वार्ड नंबर 7 से नरेंद्र कौर, वार्ड नंबर 8 से हरमीत सिंह वड़ैच, वार्ड नंबर 10 से प्रवीण खन्ना, वार्ड नंबर 11 से गुरबख्श कौर, वार्ड नंबर 12 से हरी कृष्ण, वार्ड नंबर 13 से परमिंदर कौर, वार्ड नंबर 14 से मनजीत कौर और वार्ड नंबर 15 से जसवंत कौर आम आदमी पार्टी के टिकट पर विजयी रहे।

वार्ड नंबर 9 से कांग्रेस उम्मीदवार प्रीतपाल कौर ने जीत दर्ज की। इस तरह कुल 15 वार्डों में से आम आदमी पार्टी ने 10 और कांग्रेस ने 5 सीटों पर कब्जा जमाया।

पंजाब निकाय चुनाव में हिंसा के बीच 61.5% मतदान: कहीं चलीं गोलियां, कहीं हुआ पथराव; कई उम्मीदवार घायल

पंजाब डेस्क: पंजाब में 8 नगर निगमों, 75 नगर कौंसिल और 20 नगर पंचायतों के लिए मंगलवार को हुए मतदान में भारी हिंसा और झड़पों के बावजूद 61.5% वोटिंग दर्ज की गई है। सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम 5 बजे तक चली, जिसमें राज्य के विभिन्न हिस्सों से तनाव और टकराव की खबरें सामने आईं।चुनावी हिंसा और झड़पें मतदान के दौरान कई जिलों में स्थिति तनावपूर्ण रही:

पटियाला (समाना): यहाँ पुलिस और भीड़ के बीच जबरदस्त पथराव हुआ, जिसके बाद पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। हवाई फायरिंग की भी खबरें मिली हैं।

लुधियाना (रायकोट): वार्ड नंबर-4 से कांग्रेस उम्मीदवार जगदेव सिंह जग्गा पर जानलेवा हमला हुआ, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें लुधियाना के डीमसी अस्पताल रेफर किया गया।

बठिंडा: यहाँ भाजपा और आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई, जिसमें भाजपा के जिला अध्यक्ष घायल हो गए। बचाव में समर्थकों ने हवा में गोलियां चलाईं।

बरनाला: यहाँ भाजपा उम्मीदवार के पति पर तेजधार हथियार से हमला किया गया और उनकी पगड़ी उतार दी गई।

राजनीतिक आरोप: प्रत्यारोप चुनाव के दौरान गंभीर आरोप भी लगाए गए। फरीदकोट में AAP विधायक गुरदित्त सेखों ने भाजपा पर वोटरों को लाने के लिए आर्मी स्कूल बस का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। वहीं, अमृतसर के मजीठा में अकाली दल नेता बिक्रम मजीठिया और SSP के बीच तीखी बहस हुई। विरोध के एक अनोखे तरीके में, पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में बैलगाड़ी पर वोट डालने पहुंचे।

2027 का लिटमस टेस्ट: इन चुनावों को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों के सेमीफाइनल के रूप में देखा जा रहा है। नतीजों से यह स्पष्ट होगा कि साढ़े चार साल बाद सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के खिलाफ ‘एंटी-इनकम्बेंसी’ (सरकार विरोधी लहर) है या नहीं।

पंजाब निकाय चुनाव: कल से नामांकन प्रक्रिया शुरू, 26 मई को होगा मतदान

पंजाब डेस्क: पंजाब में नगर निगमों और नगर परिषदों के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने के बाद चुनावी हलचल तेज हो गई है। राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, नामांकन की प्रक्रिया कल यानी बुधवार से शुरू हो जाएगी। उम्मीदवार 16 मई तक अपने नामांकन फॉर्म जमा कर सकेंगे।

चुनाव कार्यक्रम की मुख्य तिथियां:

नामांकन की अंतिम तिथि: 16 मई

-नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी): 18 मई

-नाम वापसी की अंतिम तिथि: 19 मई-मतदान (Voting): 26 मई

-नतीजों की घोषणा: 29 मई

प्रशासनिक तैयारियां और सुरक्षा: लुधियाना के डीसी और जिला चुनाव अधिकारी हिमांशु जैन ने बताया कि चुनाव के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पारदर्शिता और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लुधियाना जिले के खन्ना, समराला, पायल, जगराओं, रायकोट और दोराहा में अलग-अलग नामांकन केंद्र बनाए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी उम्मीदवारों से आदर्श चुनाव आचार संहिता का सख्ती से पालन करने की अपील की है और उन्हें सलाह दी है कि अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए अपने दस्तावेज़ समय रहते पूरे कर लें। 26 मई को होने वाले मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे।