ब्रेकिंग न्यूज़
इंडिया गठबंधन की बैठक में खरगे ने कौन-कौन से मुद्दे उठाए?

नई दिल्ली / सत्ता संदेश

विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया ब्लॉक की अहम बैठक आज दिल्ली में आयोजित की गई है। जिसमें हालिया विधानसभा चुनाव के बाद की रणनीति समेत कई मुद्दों पर मंथन किया जा रहा है। वहीं, इस बार विधानसभा चुनावों में पार्टियों के बीच मतभेद का असर भी देखने को मिला।इसके साथ ही डीएमके और आप ने बैठक से दूरी बना ली है।

इंडिया गठबंधन की बैठक में कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने देश के आर्थिक, सामाजिक और विदेश नीति से जुड़े कई मुद्दों को उठाया। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूचियों के संशोधन को लेकर भी चिंता जताई। संविधान क्लब में आयोजित इंडिया गठबंधन की बैठक को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि देश कई महत्वपूर्ण चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने महंगाई, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और विदेश नीति को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार की विदेश नीति समझौता करने वाली रही है और इससे देश के हित प्रभावित हुए हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने संसद में विपक्षी एकता की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के दलों ने मिलकर संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक को संसद में पराजित करने में सफलता हासिल की। उन्होंने इसे विपक्ष की एकजुटता का बड़ा उदाहरण बताया। खरगे ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं, चुनावी प्रक्रिया और जनता से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष को एक साथ मिलकर आवाज उठानी होगी। उन्होंने गठबंधन के सभी दलों से समन्वय और एकजुटता बनाए रखने की अपील भी की।

अमृतसर सिविल अस्पताल में कांग्रेसी और अकाली कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई, तस्वीरें आईं सामने

अमृतसर / सत्ता संदेश

अकाली काउंसलर इंदरजीत सिंह पंडोरी के बेटे के साथ मारपीट, अस्पताल के अंदर फिर भिड़े दोनों गुट

हमें निशाना बनाया जा रहा है — अकाली काउंसलर पंडोरी के गंभीर आरोप

पहले शहीदा साहिब के बाहर झगड़ा, फिर सिविल अस्पताल में दोबारा भिड़े दोनों पक्ष, पुलिस जांच में जुटी

अमृतसर के थाना बी डिवीजन क्षेत्र में उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया जब कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और नेताओं पर अकाली दल के काउंसलर इंदरजीत सिंह पंडोरी के बेटे और अन्य युवकों के साथ मारपीट करने के आरोप लगे। घटना के बाद घायल युवकों को इलाज के लिए अमृतसर के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां दोनों गुट फिर आमने-सामने हो गए और अस्पताल के अंदर ही हाथापाई तथा गाली-गलौज होने की बात सामने आई है।

सिविल अस्पताल के अंदर कांग्रेसी और अकाली कार्यकर्ताओं के बीच हुई धक्का-मुक्की और बहस की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिसके बाद पुलिस प्रशासन को मौके पर पहुंचकर माहौल शांत करवाना पड़ा।

इस मामले को लेकर मीडिया से बातचीत करते हुए अकाली काउंसलर इंदरजीत सिंह पंडोरी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें और अकाली दल के कार्यकर्ताओं को राजनीतिक रंजिश के तहत निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनका बेटा और अन्य युवक माथा टेकने गए हुए थे, जहां उन पर हमला किया गया।

पंडोरी ने दावा किया कि अस्पताल में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और उनके साथ दोबारा हाथापाई की गई।

उधर थाना ए डिवीजन के एसएचओ जगजीत सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले झगड़ा हुआ था और घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल लाया गया था। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत करवा दिया है और जो भी कानूनी कार्रवाई बनती होगी, वह की जाएगी।

इसी दौरान थाना बी डिवीजन के एसएचओ बलजिंदर सिंह ने बताया कि शहीदा साहिब के बाहर दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी और झगड़ा हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्ष इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे। यहां फिर दोनों गुट आमने-सामने आ गए, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बाइट: इंदरजीत सिंह पंडोरी, अकाली काउंसलर

बाइट: जगजीत सिंह, एसएचओ थाना ए डिवीजन

बाइट: बलजिंदर सिंह, एसएचओ थाना बी डिवीजन