ब्रेकिंग न्यूज़
टांडा में शुरू हुआ 7 दिन का ‘प्लांट लंगर’ | 1 लाख मुफ्त पौधे बांटने का लक्ष्य | Cancer Awareness Trust

होशियारपुर के टांडा उर्मुर में कैंसर अवेयरनेस ट्रस्ट ने अपने 15वें स्थापना दिवस पर 7 दिवसीय “प्लांट लंगर” अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत एक लाख पौधे मुफ्त वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और कैंसर जागरूकता का संदेश दिया गया। देखें पूरी रिपोर्ट।

टांडा उर्मुर / सत्ता संदेश

Report : जसप्रीत सिंह सैनी

पर्यावरण संरक्षण और कैंसर जागरूकता का संदेश लेकर होशियारपुर के टांडा उर्मुर में एक अनोखी पहल शुरू हुई है। कैंसर अवेयरनेस ट्रस्ट ने अपने 15वें स्थापना दिवस के अवसर पर सात दिवसीय ‘प्लांट लंगर’ अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान का लक्ष्य है एक लाख पौधे मुफ्त वितरित कर पूरे इलाके को हरियाली से जोड़ना।

गैलेक्सी होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, पर्यावरण प्रेमियों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों ने हिस्सा लिया। अभियान के तहत लोगों को देसी आम, जामुन, आंवला, बेल, हरड़, बेर सहित कई फलदार पौधों के साथ-साथ नीम, अर्जुन, अमलतास, कचनार और अन्य छायादार पौधे भी निशुल्क वितरित किए गए।

कैंसर अवेयरनेस ट्रस्ट के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सैनी (गोल्डी) ने कहा कि ट्रस्ट ने विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से एक लाख पौधे मुफ्त बांटने का लक्ष्य तय किया है। ये पौधे गांवों, स्कूलों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सिर्फ पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी देखभाल करना भी हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि “एक पेड़ – एक ज़िंदगी” के संदेश के साथ शुरू किया गया यह अभियान लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करेगा और स्वच्छ हवा व हरियाली के जरिए कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव का संदेश भी देगा।

कार्यक्रम में ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज यूथ विंग के जिला अध्यक्ष जसप्रीत सिंह सैनी ने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील की।

इस अवसर पर भगवान सिंह सैनी सहित कई समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने भी पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और इस अभियान की सराहना की।

चेयरमैन सतपाल सोखी पहुंचे लुधियाना दौरे पर, गर्मजोशी से हुआ स्वागत

लुधियाना / सत्ता संदेश

रामगढ़िया वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन सतपाल सिंह सोखी के लुधियाना पहुंचने पर हलका आत्म नगर के विधायक स. कुलवंत सिंह सिद्धू तथा रामगढ़िया बोर्ड के जिला चेयरमैन रेशम सिंह सग्गू की अगुवाई में रामगढ़िया बिरादरी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सोखी ने लुधियाना से पूरे पंजाब में पौधारोपण अभियान की शुरुआत भी की।

इस दौरान सोखी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी सुविधाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि लुधियाना पंजाब का औद्योगिक, व्यापारिक और उद्योगों का प्रमुख केंद्र है, जहां मशीनरी और मैकेनिकल पार्ट्स के छोटे-बड़े उद्योग स्थापित हैं। उन्होंने उद्योग क्षेत्र के सामने आ रही विभिन्न समस्याओं पर विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू और रेशम सिंह सग्गू के साथ विचार-विमर्श किया तथा भरोसा दिलाया कि इन समस्याओं को संबंधित विभाग के अधिकारियों और पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के समक्ष उठाकर प्राथमिकता के आधार पर हल करवाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने पार्टी की जनहितकारी नीतियों और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया, ताकि आम लोगों को बुनियादी सुविधाएं मिल सकें और उनके जीवन स्तर में सुधार हो।

इस अवसर पर रेशम सिंह सग्गू ने सोखी से मिक्स यूज लैंड और उद्योगों से जुड़े लंबे समय से लंबित मुद्दों का समाधान कराने की मांग की, ताकि छोटे उद्योग संचालक अपने घरों से ही काम कर सकें, व्यापार को बढ़ावा मिल सके और पंजाब के युवाओं को रोजगार के लिए विदेशों की ओर रुख न करना पड़े। इस पर श्री सोखी ने कहा कि वह बिरादरी और कारोबारियों के साथ मजबूती से खड़े हैं तथा इस समस्या का समाधान भी जल्द कराया जाएगा। इस मौके पर विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू और रेशम सिंह सग्गू ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया।

इस अवसर पर तरनदीप सिंह कलसी, लखविंदर सिंह लख्खा, दर्शन सिंह, यादविंदर सिंह मठाड़ू, अमरीक सिंह, सुखविंदर सिंह दहेले, जगदेव सिंह लोटे, बलविंदर सिंह सियाणा, महासचिव सुखवंत सिंह मठाड़ू, भूपिंदर सिंह राजड़, कुलतार सिंह, सुखदेव सिंह सुख्खा, सचिव सुखविंदर सिंह जगदेव, ओमकार सिंह, विपिन कुमार शर्मा, इंद्रजीत सिंह पनेसर, वाइस चेयरमैन गुरप्रीत सिंह नोनी, हाकम सिंह सीरा, गुरजंट सिंह, अमरपाल सिंह, राकेश शर्मा, दिलप्रीत सिंह रूबल, हरपाल सिंह, रुपिंदरजीत सिंह, निपुण कुमार, प्रदीप सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

सकून ट्रस्ट द्वारा डीसी कार्यालय परिसर में 100 से अधिक पौधों का वितरण, हरियाली का दिया संदेश

लुधियाना / सत्ता संदेश

सकून ट्रस्ट द्वारा डीसी कार्यालय परिसर में 100 से अधिक पौधों का वितरण, हरियाली का दिया संदेश

लुधियाना, 14 जुलाई: पर्यावरण संरक्षण और हरित लुधियाना के उद्देश्य से डॉ. परमिंदर सिंह सिद्धू एवं डॉ. सुरुचि द्वारा संचालित सकून ट्रस्ट ने डीसी कार्यालय परिसर (बचत भवन), लुधियाना में 100 से अधिक पौधों का वितरण किया। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर श्री हिमांशु जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में डिप्टी कमिश्नर श्री हिमांशु जैन ने सकून ट्रस्ट की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए इस प्रकार की जनभागीदारी वाली पहल समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सकून ट्रस्ट समाज सेवा के साथ-साथ पर्यावरण जागरूकता फैलाने का भी सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

इस कार्यक्रम में डॉ. नवजीत, सरदार नछत्तर सिंह, श्रीमती चरणजीत कौर तथा सिद्धू डेंटल हॉस्पिटल के समस्त स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पौधों के वितरण में सहयोग दिया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सिद्धू डेंटल हॉस्पिटल की मोबाइल डेंटल वैन रही, जिसका प्रदर्शन भी किया गया। यह मोबाइल डेंटल वैन पंजाब के जरूरतमंद एवं दूर-दराज़ क्षेत्रों के लोगों को निःशुल्क दंत चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रही है। डिप्टी कमिश्नर ने इस अनूठी पहल की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि यह समाज सेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण है।

इस अवसर पर डॉ. परमिंदर सिंह सिद्धू ने कहा कि स्वस्थ पर्यावरण और अच्छा स्वास्थ्य एक-दूसरे के पूरक हैं तथा प्रत्येक लगाया गया पौधा भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक अमूल्य उपहार है।

डॉ. सुरुचि ने सभी से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील की।

कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित लोगों द्वारा स्वच्छ, स्वस्थ और हरित लुधियाना के निर्माण का संकल्प लेकर किया गया।