हरिद्वार में सामाजिक चिंतन-सद्भावना एवं समरसता सम्मेलन, समाज की एकता और युवा सशक्तिकरण पर मंथन
दिनांक : 29 सितंबर 2026
हरिद्वार / पानीपत / सत्ता संदेश
रिपोर्ट : शशी कपूर
देवभूमि हरिद्वार स्थित कबीर आश्रम, ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के सामने देवपुरा में श्री कबीर आश्रम धर्मार्थ ट्रस्ट समिति (रजि.), हरिद्वार के तत्वावधान में सामाजिक चिंतन-सद्भावना एवं समरसता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में समाज की एकता, सामाजिक समरसता, शिक्षा, रोजगार और युवा सशक्तिकरण सहित समाज के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ।
सम्मेलन की अध्यक्षता विकास महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. ओमवीर सिंह पंवार ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केवल व्यक्तिगत प्रगति पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ना जरूरी है। उन्होंने शिक्षा, जागरूकता, आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत समाज की आधारशिला बताया।
डॉ. पंवार ने कहा कि सद्गुरु कबीर साहेब की वाणी मानवता, समानता, प्रेम और भाईचारे का संदेश देती है। उन्होंने युवाओं के लिए बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि समाज की एकता, समरसता और आने वाली पीढ़ियों का उज्ज्वल भविष्य सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं को शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है।
धर्मार्थ ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष अजब सिंह ने धन्यवाद संबोधन में कहा कि समाज को मजबूत बनाने के लिए आपसी सहयोग, सद्भावना और सामाजिक समरसता को और सशक्त करना होगा। उन्होंने शिक्षा और युवा सशक्तिकरण को समाज को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
हिमाचल से पहुंचे कबीरपंथ महासभा के प्रदेशाध्यक्ष मस्तराम ने सामाजिक एकता और समरसता के मूल्यों को मजबूत करने तथा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया। ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्य बलराज आर्य ने भी युवाओं से समाज की मजबूती के लिए आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम का मंच संचालन खिलेराम आर्य ने किया। कार्यक्रम से पहले ट्रस्ट समिति के पदाधिकारियों और समाज के प्रबुद्ध लोगों ने डॉ. ओमवीर सिंह पंवार का फूलमालाओं और गुलदस्तों से स्वागत किया। हिमाचल से आए प्रतिनिधियों ने उन्हें हिमाचली टोपी और शॉल पहनाकर सम्मानित किया।
सम्मेलन में ट्रस्ट समिति के उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार, बलराज आर्य, कैलाश चंद, विकास महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरविंद कुमार उर्फ बिल्लू भाई, राष्ट्रीय महासचिव महेंद्र गाहल्याण, अमरपाल तोमर, राजकुमार कटारिया, विकास कुमार रोशे, रामकुमार तंवर, अमित पवार, प्रमोद तोमर, लोकेश दहिया, राजेंद्र सिंह, पालेराम पवार, किरणपाल पवार, मदनपाल, संत कुमार, पवन कुमार, धर्मेंद्र लालाजी, अशोक ठेकेदार, डॉ. अशोक कुमार, परवीन कुमार, रामनिवास आर्य, अजय कुमार, मेहर सिंह, धर्मेंद्र गहलोत, एडवोकेट लोकेश, योगेश, जनेश्वर और जगपाल सहित बड़ी संख्या में सामाजिक प्रतिनिधि एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

