पाकिस्तान vs बांग्लादेश 2nd ODI: फील्डिंग के दौरान पाकिस्तानी ऑलराउंडर हुसैन तलत बुरी तरह चोटिल, स्ट्रेचर पर ले जाना पड़ा अस्पताल
स्पोर्ट्स डेस्क: पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया है। पाकिस्तान के अहम ऑलराउंडर हुसैन तलत फील्डिंग करते समय गंभीर रूप से चोटिल हो गए और उन्हें दर्द के कारण मैदान से स्ट्रेचर पर बाहर ले जाना पड़ा।
कैसे हुआ हादसा? यह घटना बांग्लादेश की पारी के 7वें ओवर में हुई। शाहीन अफरीदी की गेंद पर बांग्लादेशी बल्लेबाज लिटन दास ने डीप थर्ड रीजन की ओर शॉट खेला था। गेंद को रोकने की कोशिश के दौरान हुसैन तलत का कंधा (Shoulder) बुरी तरह चोटिल हो गया। तलत मैदान पर ही दर्द से कराहते हुए गिर पड़े। टीम के मेडिकल स्टाफ ने मैदान पर उनका उपचार किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें स्ट्रेचर की मदद से बाहर ले जाया गया और तुरंत अस्पताल भेजा गया।
हुसैन तलत का वनडे करियर: 30 वर्षीय हुसैन तलत ने जनवरी 2019 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था। पिछले साल अगस्त 2025 में ही उनकी वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम में वापसी हुई थी। उन्होंने अब तक पाकिस्तान के लिए 11 वनडे मैचों में 215 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतक शामिल है। फिलहाल उनकी चोट की गंभीरता और अगले मैच में खेलने पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है।
मैच का हाल: इस मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 274 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से माज सदाकत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 75 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जो उनके करियर का पहला अर्धशतक है।
इसके अलावा सलमान आगा ने 64 और मोहम्मद रिजवान ने 44 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत खराब रही और उसने 15 रन पर ही 3 विकेट खो दिए, जिसके बाद बारिश की वजह से खेल बाधित हुआ।

