कनाडा से पंजाबी युवक डिपोर्ट: फिरौती गिरोह में था शामिल, सर्रे पुलिस ने जारी की फोटो
इंटरनेशनल डेस्क : कनाडा के सरे (Surrey) शहर में सक्रिय एक फिरौती गिरोह (Extortion Gang) से जुड़े पंजाबी मूल के युवक प्रभजोत सिंह (20) को गिरफ्तार करने के बाद डिपोर्ट कर दिया गया है। सरे पुलिस ने 4 मई 2026 को उसकी तस्वीर सार्वजनिक की है ताकि उसके द्वारा किए गए अपराधों के बारे में अधिक जानकारी जुटाई जा सके।
2 साल पहले गया था कनाडा: प्रभजोत सिंह करीब दो साल पहले कनाडा गया था। सरे पुलिस सर्विस (SPS) को 2026 की शुरुआत में जानकारी मिली थी कि वह जबरन वसूली और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संदिग्ध है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इसकी जानकारी कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी (CBSA) को दी, जिसने जांच के बाद उसे देश से बाहर निकाल दिया।
बढ़ता अपराध और विदेशी युवाओं की संलिप्तता: पुलिस के अनुसार, ब्रिटिश कोलंबिया के लोअर मेनलैंड क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में फिरौती, गोलीबारी और घरों पर हमलों की घटनाओं में तेजी आई है। चौंकाने वाली बात यह है कि इन कई मामलों में विदेशी युवा, जो स्टूडेंट वीजा या अन्य वीजा पर कनाडा आए हैं, इन आपराधिक नेटवर्कों से जुड़े पाए गए हैं।
पुलिस की अपील: सरे पुलिस सर्विस फिलहाल ‘प्रोविंशियल एक्सटॉर्शन टास्क फोर्स’ के साथ मिलकर इन नेटवर्कों को तोड़ने का काम कर रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास प्रभजोत सिंह की आपराधिक गतिविधियों के बारे में कोई जानकारी हो, तो वे प्रशासन को सूचित करें।

