ब्रेकिंग न्यूज़
खड़ूर साहिब से सांसद भाई अमृतपाल सिंह मामले में अदालत में अहम सुनवाई

खड़ूर साहिब /सत्ता संदेश

बचाव पक्ष का कहना – लगाए गए कई आरोप गलत, हाईकोर्ट में दी जाएगी चुनौती
डिस्चार्ज अर्ज़ी पर सुनवाई के दौरान कुछ धाराएँ हटाई गईं
अगली सुनवाई सबूतों और गवाहों के आधार पर होगी
अगली सुनवाई 15 मई को निर्धारित

खड़ूर साहिब से सांसद भाई अमृतपाल सिंह से जुड़े मामले में आज अदालत में महत्वपूर्ण सुनवाई हुई। इस दौरान बचाव पक्ष की ओर से एडवोकेट रितु राज सिंह संधू ने अदालत में अपना पक्ष रखते हुए कहा कि भाई अमृतपाल सिंह पर लगाए गए कई आरोप पूरी तरह गलत हैं और उन्हें कानूनी तरीके से चुनौती दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अदालत में डिस्चार्ज को लेकर विस्तार से बहस हुई, जिसमें बचाव पक्ष ने विभिन्न धाराओं और आरोपों पर अपने तर्क प्रस्तुत किए।

एडवोकेट रितु राज सिंह संधू ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सुनवाई के दौरान कुछ धाराओं को हटाया गया है, जबकि मामले में लगाए अन्य आरोपों को लेकर कानूनी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि बचाव पक्ष की पहली कोशिश यही रहेगी कि जिन धाराओं और आरोपों को गलत तरीके से लगाया गया है, उन्हें अदालत के सामने पूरी मजबूती से चुनौती दी जाए। इसके लिए हाईकोर्ट का रुख भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अदालत में हुई बहस के दौरान बचाव पक्ष ने यह स्पष्ट किया कि मामले में लगाए गए कुछ आरोप तथ्यों के अनुरूप नहीं हैं। अदालत ने इस पर विचार करते हुए कुछ सेक्शन हटाने का फैसला लिया है। हालांकि बाकी आरोपों को लेकर अब अगली कार्रवाई सबूतों और गवाहों के आधार पर आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि अब अगली सुनवाई में विशेष रूप से सबूतों पर ध्यान दिया जाएगा।

वकील ने बताया कि आने वाले समय में जिन-किन आरोपों और इल्ज़ामों का उल्लेख किया गया है, उन सभी मामलों पर विस्तार से कानूनी पक्ष रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि बचाव पक्ष पूरी तैयारी के साथ अदालत में अपना पक्ष रखेगा और यह साबित करने की कोशिश करेगा कि भाई अमृतपाल सिंह पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं।

जानकारी के अनुसार मामले की अगली सुनवाई 15 मई को निर्धारित की गई है। इस सुनवाई में अदालत के सामने सबूतों और अन्य दस्तावेज़ों के आधार पर अगली प्रक्रिया शुरू हो सकती है। फिलहाल इस मामले पर राजनीतिक और कानूनी हलकों की नजर बनी हुई है।

अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए “अमृत भारत एक्सप्रेस” ट्रेन का शुभारंभ, रवीनीत बिट्टू ने दिखाई हरी झंडी

अमृतसर / सत्ता संदेश

आम लोगों के लिए विशेष ट्रेन — बिट्टू ने गिनाई आधुनिक सुविधाएँ

अमृतसर रेलवे स्टेशन को मिलेगा वर्ल्ड-क्लास लुक, 502 करोड़ के प्रोजेक्ट का ऐलान — रवीनीत बिट्टू

एंकर रिपोर्ट:
अमृतसर रेलवे स्टेशन से आज नई 14664 अमृतसर–न्यू जलपाईगुड़ी “अमृत भारत एक्सप्रेस” ट्रेन की शुरुआत की गई। केंद्रीय रेल एवं फूड प्रोसेसिंग उद्योग राज्य मंत्री रवीनीत सिंह बिट्टू ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, भाजपा नेता, रेलवे कर्मचारी और बड़ी संख्या में यात्री मौजूद रहे। रेलवे स्टेशन को खासतौर पर सजाया गया था और यात्रियों में नई ट्रेन को लेकर खास उत्साह देखा गया।

यह ट्रेन अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी तक लगभग 1900 किलोमीटर का सफर तय करेगी। पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय राज्य मंत्री रवीनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि यह ट्रेन खासतौर पर आम और मध्यमवर्गीय लोगों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है ताकि वे भी कम खर्च में आधुनिक सुविधाओं के साथ सफर कर सकें। उन्होंने कहा कि पंजाब और पूर्वी भारत के बीच यात्रा करने वाले लोग और श्रद्धालुओं को इस ट्रेन से बड़ा फायदा मिलेगा।

बिट्टू ने बताया कि ट्रेन में यात्रियों के लिए कई आधुनिक सुविधाएँ दी गई हैं। ट्रेन 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। इसमें सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, बड़े लगेज स्पेस, इमरजेंसी बटन और साफ-सुथरे बाथरूम की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि ट्रेन की डिज़ाइन इस तरह बनाई गई है कि आग या अन्य हादसों का खतरा न्यूनतम रहे।

इस दौरान रवीनीत बिट्टू ने अमृतसर रेलवे स्टेशन के विकास के लिए बड़ा ऐलान भी किया। उन्होंने कहा कि अमृतसर रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड-क्लास स्टेशन बनाने के लिए 502 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट लाया गया है। इस प्रोजेक्ट के तहत नई इमारतें, अतिरिक्त प्लेटफॉर्म, लूप लाइन्स, डॉर्मिटरी, AC वेटिंग हॉल, शॉपिंग एरिया और मनोरंजन की सुविधाएं तैयार की जाएंगी। उन्होंने कहा कि स्टेशन के लुक को श्री अमृतसर साहिब की विरासत से जोड़ते हुए नया रूप दिया जाएगा।

बिट्टू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सपनों के अनुसार देशभर के रेलवे स्टेशनों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं के साथ तैयार किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में अमृतसर रेलवे स्टेशन देश के सबसे आधुनिक स्टेशनों में शामिल होगा।

अमृतसर में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के लिए अब सख्ती होने जा रही है। प्रशासन द्वारा शहर के सात मुख्य चौक में ई-चालान प्रणाली की शुरुआत की जा रही है।

अमृतसर/ सत्ता संदेश

ट्रैफिक को सुव्यवस्थित बनाने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए अमृतसर में 1300 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जो हर समय आवागमन पर नजर रखेंगे।

ई-चालान सिस्टम लागू होने से पहले अमृतसर की ट्रैफिक ASP अमनदीप कौर ने मीडिया के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब किसी भी प्रकार की सिफारिश स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति व्हाइट लाइन या ट्रैफिक नियम तोड़ता है, तो उसके मोबाइल फोन पर तुरंत ई-चालान का संदेश पहुंच जाएगा।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले अपने वाहन के सभी दस्तावेज पूरे रखें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य करें और ट्रैफिक सिग्नल की उल्लंघना करने से बचें।

प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और शहर में ट्रैफिक प्रबंधन को और मजबूत करना है।

अमृतसर से पत्रकार विक्रमजीत सिंह और कैमरामैन तरजिंदर सिंह की रिपोर्ट।