गूगल पे और फोनपे यूजर्स के लिए बड़ी खबर! UPI के नए नियम: फरवरी से बदल जाएगा पेमेंट का तरीका
नेशनल डेस्क : अगर आप भी रोजमर्रा के लेन-देन के लिए गूगल पे (Google Pay), फोनपे (PhonePe) या पेटीएम (Paytm) का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत महत्वपूर्ण है। फरवरी 2026 से यूपीआई पेमेंट सिस्टम में कई बड़े बदलाव लागू किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य ट्रांजैक्शन को पहले से अधिक तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाना है।
10 सेकंड में पूरा होगा ट्रांजैक्शन: नए नियमों के तहत अब किसी भी यूपीआई ट्रांजैक्शन को अधिकतम 10 सेकंड के भीतर पूरा करना अनिवार्य होगा। पहले इसके लिए 30 सेकंड की समय सीमा थी, जिसकी वजह से अक्सर पेमेंट अटक जाते थे। अब डिजिटल पुल (API) के रिस्पॉन्स टाइम को तेज किया गया है ताकि पीक टाइम में भी पेमेंट सुचारू रूप से हो सके।
सुरक्षा और यूजर कंट्रोल पर जोर: डिजिटल धोखाधड़ी को रोकने के लिए सुरक्षा की नई परतें जोड़ी गई हैं:अतिरिक्त वेरिफिकेशन: बड़े अमाउंट के ट्रांजैक्शन के लिए अब एक्स्ट्रा वेरिफिकेशन स्टेप्स पूरे करने होंगे।
स्पष्ट कन्फर्मेशन: पैसे भेजने से पहले स्क्रीन पर साफ कन्फर्मेशन दिखेगा ताकि गलती से ट्रांजैक्शन न हो।सब्सक्रिप्शन कंट्रोल: अब ऑटो-डेबिट और मंथली सब्सक्रिप्शन को मैनेज या कैंसिल करना पहले से कहीं आसान होगा।
फ्रॉड पर लगाम और तेज रिफंड: जो यूपीआई आईडी लंबे समय से इस्तेमाल नहीं हुई हैं, उन्हें फ्रॉड के खतरे को कम करने के लिए अस्थायी रूप से सीमित कर दिया जाएगा और उन्हें दोबारा शुरू करने के लिए री-वेरिफिकेशन जरूरी होगा।
इसके अलावा, अगर कोई ट्रांजैक्शन फेल होता है, तो उसका समाधान अब तेजी से किया जाएगा और ग्राहकों को रिफंड कुछ ही घंटों में मिल सकेगा। साथ ही, बार-बार आने वाली स्पैम ‘कलेक्ट रिक्वेस्ट’ (पैसे मांगने वाले नोटिफिकेशन) पर भी सीमा तय की गई है।

