ब्रेकिंग न्यूज़
PUNJAB TOP-10 NEWS, चुटकियों में पढ़े बड़ी दिन भर की खबरें…24-05-2026

पंजाब डेस्क : पंजाब और चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर अमृतसर के गुरुद्वारे में हुए एक दुखद हादसे की रही, जहाँ लंगर हॉल की छत गिरने से दो महिलाओं की जान चली गई। इसके अलावा, एक पुलिस अधिकारी की दिनदहाड़े हत्या और बढ़ती गर्मी के कारण स्कूलों में छुट्टियों जैसी महत्वपूर्ण घटनाओं ने भी राज्य का ध्यान खींचा है। आइए जानते हैं आज की 10 बड़ी खबरें विस्तार से।

अमृतसर गुरुद्वारे में बड़ा हादसा, 2 महिलाओं की मौत: अमृतसर के गुरुद्वारा शहीद गंज बाबा दीप सिंह जी में निर्माणाधीन लंगर हॉल की छत (लोहे की प्लेटें) अचानक गिर गई। इस हादसे में वहां सेवा कर रही 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। चश्मदीदों के अनुसार, मलबे के नीचे करीब 8-9 महिलाएं दब गई थीं।

ASI की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या: अमृतसर में ही ड्यूटी पर जा रहे पंजाब पुलिस के ASI जोगा सिंह की अज्ञात हमलावरों ने बाइक पर आकर गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उन्हें दो गोलियां मारीं और मौके से फरार हो गए। यह घटना मजीठा के पास सुबह करीब 6 बजे हुई।

चंडीगढ़ में 16 वर्षीय लड़की छत से गिरी: सेक्टर-55 में कपड़े सुखाने गई एक नाबालिग लड़की दूसरी मंजिल से अचानक पैर फिसलने के कारण नीचे गली में गिर गई। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसमें लड़की को जमीन पर तड़पते देखा जा सकता है। उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुँचाया गया है।

भीषण हीटवेव का अलर्ट और स्कूलों में छुट्टी: मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक पंजाब और चंडीगढ़ में ‘लू’ (Heatwave) की चेतावनी जारी की है। इसके चलते चंडीगढ़ में 30 जून तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं और पंजाब सरकार ने सरकारी दफ्तरों व स्कूलों के समय में बदलाव किया है। बठिंडा में तापमान 43.8°C तक पहुँच गया है।

कपूरथला जेल में हिंसक झड़प और आगजनी: कपूरथला केंद्रीय जेल में हवालातियों के दो गुटों के बीच झगड़ा हिंसक हो गया, जिसमें 3 कैदी घायल हुए हैं। कैदियों ने बैरक बदलने की मांग को लेकर जेल में आग लगा दी और मशालें लेकर छतों पर चढ़ गए।

अंतरधार्मिक विवाह पर युवक-युवती को घर से निकाला: जालंधर में एक ब्राह्मण युवक और मुस्लिम लड़की ने लव मैरिज की, जिसके बाद परिवार ने उन्हें घर से निकाल दिया। पीड़ित जोड़े ने वीडियो शेयर कर पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है और अपनी जान को खतरा बताया है।

37 लाख वोटर्स के डेटा में गड़बड़ी: पंजाब में चुनाव से पहले वोटर लिस्ट की जांच में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। सॉफ्टवेयर मैपिंग के दौरान लगभग 37 लाख वोटर्स के कार्ड संदिग्ध पाए गए हैं, जिनमें नाम, पते और जन्मतिथि की गलतियां हैं। सबसे ज्यादा गड़बड़ी अमृतसर और मोहाली में मिली है।

हेमकुंड साहिब के कपाट खुले: उत्तराखंड के चमोली में स्थित पवित्र हेमकुंड साहिब के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। पहले दिन करीब 6,605 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। गुरुद्वारे को 5 क्विंटल फूलों से सजाया गया था और ‘बोले सो निहाल’ के जयकारों से घाटी गूंज उठी।

26 मई को पंजाब में सरकारी छुट्टी: नगर निकाय चुनावों के मद्देनजर पंजाब सरकार ने 26 मई को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। इस दिन सरकारी दफ्तर, बोर्ड, कॉर्पोरेशन और शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे ताकि लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

जनगणना ड्यूटी के दौरान ‘रील्स’ बनाने पर पाबंदी: पंजाब सरकार के शिक्षा विभाग ने जनगणना सर्वे के दौरान शिक्षकों द्वारा वीडियो और रील्स बनाने पर सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने कहा है कि यह जनगणना अधिनियम, 1948 का उल्लंघन है और ऐसा करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

पंजाब में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट: 28 अप्रैल तक 8-10 घंटे के लंबे पावर कट, जानें अपने शहर का शेड्यूल

पंजाब डेस्क : पंजाब में पड़ रही भीषण गर्मी और सूरज की तपिश के बीच आम जनता की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं। एक ओर मौसम विभाग ने राज्य में हीटवेव (Heatwave) का येलो अलर्ट जारी किया है, वहीं दूसरी ओर पावरकॉम (PSPCL) ने राज्य के प्रमुख शहरों में 8 से 10 घंटे तक के लंबे बिजली कट लगाने का फैसला किया है। मेंटेनेंस के नाम पर लगाए जा रहे ये कट 21 अप्रैल से शुरू होकर 28 अप्रैल तक जारी रहेंगे, जिससे लुधियाना, अमृतसर और जालंधर जैसे महानगरों की रफ्तार थम सकती है।

पावरकॉम का पब्लिक नोटिस और प्रभावित शहर : पावरकॉम ने मेंटेनेंस कार्यों के चलते एक सार्वजनिक नोटिस जारी कर लोगों को अपने जरूरी काम पहले ही निपटाने की सलाह दी है।

इस कटौती का सबसे ज्यादा असर निम्नलिखित शहरों में दिखेगा:

लुधियाना: यहाँ कई इलाकों में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक बिजली गुल रहेगी।

मोहाली: आईटी सिटी और फेज-3 समेत कई क्षेत्रों में सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक कट लगेंगे।

अमृतसर और जालंधर: इन शहरों के रिहायशी और कमर्शियल इलाकों में 4 से 6 घंटे की कटौती की जाएगी।

पटियाला और बठिंडा: यहाँ भी दोपहर के समय 5 घंटे तक बिजली बंद रहने की सूचना है।

गर्मी का बढ़ता प्रकोप और बिजली की मांग: राज्य में गर्मी तेजी से बढ़ रही है और 21 जिलों में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है। बिजली की मांग वर्तमान में लगभग 6,000 मेगावाट है, लेकिन तापमान 40 डिग्री पार करने पर यह 10,000 मेगावाट तक पहुँचने की उम्मीद है। वर्तमान में पंजाब खुद 3,300 मेगावाट बिजली पैदा कर रहा है और बाकी की कमी केंद्रीय पूल से खरीदकर पूरी की जा रही है।

सेहत विभाग की एडवाइजरी : बढ़ती गर्मी और बिजली कटों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी एडवाइजरी जारी की है और अस्पतालों को 24 घंटे स्टाफ के साथ हाई अलर्ट पर रखा गया है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे हीटवेव के दौरान सीधे धूप में निकलने से बचें।