ब्रेकिंग न्यूज़
समराला में दवा लेने आई बुजुर्ग महिला से बाइक सवारों ने छीना पर्स, स्नैचिंग से दहशत में लोग

बाईपास पर वारदात को दिया अंजाम, पीड़िता का आरोप- 45 मिनट तक पुलिस ने फोन नहीं उठाया; CCTV के आधार पर जांच जारी

समराला / सत्ता संदेश

समराला में लगातार बढ़ रही स्नैचिंग और लूटपाट की घटनाओं ने लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। ताजा मामले में दवा लेने आई एक बुजुर्ग महिला बाइक सवार स्नैचरों का शिकार बन गई। दो अज्ञात युवक उनका पर्स छीनकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मोरिंडा के निकट स्थित गांव दुम्मड़ा निवासी बलजीत कौर दवा लेने के लिए बस से समराला आई थीं। उन्होंने बताया कि जब वह बाईपास पर बस से उतरकर पैदल जा रही थीं, तभी पीछे से आए दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया और फरार हो गए।

पीड़िता के अनुसार, पर्स में करीब 1,500 रुपये नकद के अलावा उनके जरूरी दस्तावेज भी थे। घटना के बाद वह मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाईं। उनकी आवाज सुनकर नगर परिषद में मौजूद सफाई कर्मचारी और पास के एक मकान की छत पर मौजूद महिला मौके पर पहुंचे। उन्होंने बुजुर्ग महिला को संभाला, पानी पिलाया और पुलिस को सूचना देने का प्रयास किया।

बलजीत कौर ने आरोप लगाया कि घटना के बाद करीब 45 मिनट तक किसी पुलिसकर्मी ने फोन नहीं उठाया। बाद में 112 पर कॉल करने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

शहर में लगातार हो रही स्नैचिंग की घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।