ब्रेकिंग न्यूज़
दिल्ली सरकार ने लॉन्च किया लक्ष्मी योजना पोर्टल, 500 महिलाओं ने भरा फॉर्म

दिल्ली / सत्ता संदेश

दिल्ली की भाजपा सरकार ने अपना एक और चुनावी वादा पूरा कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज शनिवार को दिल्ली लक्ष्मी योजना का पोर्टल लॉन्च किया है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। लॉन्च कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने चार महिलाओं को उनके आवेदन के बाद प्रमाणपत्र भी सौंपे।

महिलाएं कर सकेंगे दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए रजिस्ट्रेशन

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह योजना डेढ़ साल के संकल्प के बाद शुरू की गई है। उन्होंने इस पहल पर खुशी व्यक्त की। दिल्ली लक्ष्मी योजना की शुरुआत लक्ष्मी नगर और गीता कॉलोनी से हुई है। पोर्टल आज से ही आम जनता के लिए उपलब्ध हो गया है।

500 महिलाओं ने भरा फॉर्म

अब तक करीब 500 महिलाओं ने सफलतापूर्वक अपने फॉर्म भर दिए हैं। यह योजना महिलाओं के स्वावलंबन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके लिए 5100 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। अब तक दिल्ली लक्ष्मी योजना में कुल 10830 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।

योजना में दो विकल्प

योजना के तहत महिलाओं को दो विकल्प दिए गए हैं। पहले विकल्प में 1500 रुपये आरडी या एफडी में जमा होंगे और 1000 रुपये सीबीडीसी (डिजिटल वॉलेट) में दिए जाएंगे, जिनका उपयोग सरकार द्वारा निर्धारित आवश्यक मदों पर किया जा सकेगा। दूसरे विकल्प में पूरी 2500 रुपये की राशि आरडी या एफडी में जमा कराई जा सकेगी। सरकार का उद्देश्य महिलाओं में बचत की आदत को बढ़ावा देना भी है।

योजना के लिए पात्रता

योजना का लाभ 21 से 60 वर्ष की उन महिलाओं को मिलेगा, जिनके परिवार की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये तक है। फिलहाल योजना की अवधि तीन वर्ष तय की गई है। हालांकि आयकरदाता, जीएसटी रिटर्न दाखिल करने वाली महिलाएं, सरकारी कर्मचारी, तीन से अधिक जीवित बच्चों वाली महिलाएं, 2400 यूनिट से अधिक वार्षिक बिजली खपत वाले परिवार, सरकारी नौकरी वाले सदस्य या चारपहिया वाहन रखने वाले परिवार तथा आपराधिक रिकॉर्ड वाली महिलाएं योजना के दायरे से बाहर रहेंगी।


 

शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से भी जोड़ेगी योजना

सरकार का कहना है कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं होगी। लाभार्थियों को बच्चों के स्कूल नामांकन, अपार और आभा आईडी, टीकाकरण, पोषण ट्रैकर, स्वयं सहायता समूह, कौशल प्रशिक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण अभियानों से भी जोड़ा जाएगा, ताकि महिलाओं का सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण सुनिश्चित हो सके।

Andhra Pradesh : पीएम मोदी ने भोगपुरम में अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट का किया उद्घाटन

आंध्र प्रदेश / सत्ता संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगपुरम में बने अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। इस हवाई अड्डे के निर्माण पर करीब 5,000 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। आंध्र प्रदेश सरकार इस आधुनिक हवाई अड्डे को पूरे उत्तर आंध्र क्षेत्र के विकास के लिए बहुत अहम मान रही है।

पहले प्रधानमंत्री ने हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। इसके बाद वह राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के साथ हवाई अड्डे का निरीक्षण करने पहुंचे। इसके बाद प्रधानमंत्री खुली छत वाले वाहन से जनसभा स्थल पहुंचे। वहां जनजातीय समुदाय की 13,500 से अधिक महिलाओं और छात्र-छात्राओं ने ढिमसा नृत्य करके उनका भव्य स्वागत किया।   

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने क्या कहा?

भोगपुरम में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा, दुनिया के सभी लोकतांत्रिक देश नए नेतृत्व की तलाश में संकट का सामना कर रहे हैं। भारत भाग्यशाली है कि उसके पास परखा हुआ नेतृत्व है। नरेंद्र मोदी जी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 साल पूरे किए हैं और असाधारण काम किया है। विज्ञापन

पीएम मोदी का संबोधन

इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, आज का दिन आंध्र प्रदेश के विकास के लिए, स्वर्ण आंध्र के विजन के लिए बहुत अहम है। मुझे इस सुअवसर पर उत्तर आंध्र की इस पवित्र भूमि पर आने का सौभाग्य मिला है। 

उन्होंने कहा, आज यहां करीब 18 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ, लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। हवाई अड्डे के साथ साथ ये परियोजनाएं आंध्र प्रदेश के सड़क संपर्क से भी जुड़ी हैं। इनमें उर्जा सुरक्षा से जुड़ी परियोजनाएं भी शामिल हैं। ये विकास कार्य इस बात के प्रतीक हैं कि आंध्र किस गति से आगे बढ़ रहा है। मैं आप सभी को इन परियोजनाओं की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। 

उन्होंने आगे कहा, आज का यह आयोजन नया इतिहास, नए रिकॉर्ड इसे रचने का भी है। आज एक ओर विकास के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। तो साथ ही ढिमसा नृत्स का सांस्कृति रिकॉर्ड भी रचा गया है। ये चंद्रबाबू की विशेषता है कि उन्होंने दो क्षितिजों को छुआ है।  

हवाई अड्डे से विकास को कैसे मिलेगी रफ्तार?

सरकारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस हवाई अड्डे की योजना उद्योगों के विकास, रोजगार बढ़ाने, निर्यात, कौशल विकास और शोध को बढ़ावा देने के लिए बनाई गई है। हवाई अड्डे के पहले चरण में हर साल 60 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता है। भविष्य में इसकी क्षमता बढ़ाकर 4 करोड़ यात्रियों प्रति वर्ष करने की योजना भी तैयार की गई है।

कौन-सी नई तकनीकें शामिल हैं?

प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) की विज्ञप्ति के अनुसार, इस हवाई अड्डे में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), बिल्डिंग इन्फॉर्मेशन मॉडलिंग (बीआईएम), एयरसाइड 4.0 तकनीक, एयरपोर्ट प्रेडिक्टिव ऑपरेशंस सेंटर (एपीओसी) और बायोमेट्रिक यात्री प्रक्रिया जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है।

डिजाइन में क्या है खास?

हवाई अड्डे का डिजाइन आंध्र प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित है। टर्मिनल की छत की बनावट पारंपरिक चुट्टिलु झोपड़ियों और अराकू घाटी के प्राकृतिक दृश्यों से प्रेरित है। इसकी लहरदार आकृति उड़ती हुई मछली की सुंदर चाल को दर्शाती है। प्रधानमंत्री मोदी आज राज्य में करीब 18 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और कई नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।

किन बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत होगी?

वह विशाखापत्तनम में 460 करोड़ रुपये की लागत वाली एएसआईपी सेमीकंडक्टर परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इस परियोजना को एएसआईपी टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड और दक्षिण कोरिया की एपीएसीटी की साझेदारी में बनाया जा रहा है।

यह आंध्र प्रदेश की पहली सेमीकंडक्टर निर्माण इकाई होगी, जिसे इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के तहत मंजूरी मिली है। यहां हर साल करीब 9.6 करोड़ सेमीकंडक्टर चिप बनाई जाएंगी। इससे सेमीकंडक्टर उद्योग से जुड़े अन्य छोटे और सहायक उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।

ऊर्जा क्षेत्र में क्या मिलेगा?

इसी तरह प्रधानमंत्री कुरनूल-4 नवीकरणीय ऊर्जा परियोजना (4.5 गीगावाट) के लिए बिजली पहुंचाने वाली नई ट्रांसमिशन लाइन की आधारशिला रखेंगे। यह परियोजना पावरग्रिड बना रहा है। इस पर करीब 5,550 करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्रधानमंत्री कुरनूल के पवन और सौर ऊर्जा क्षेत्रों के लिए बनाई गई बिजली ट्रांसमिशन लाइन का भी उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना पर करीब 3,550 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।

सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर भी फोकस?

इसके अलावा, प्रधानमंत्री अनंतपुरम और कुरनूल के सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए बनाई गई बिजली ट्रांसमिशन लाइन का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना को पावरग्रिड ने 820 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया है।

बाबा दीप सिंह चौक में शराब के नए ठेके पर बवाल, वार्डवासियों की चेतावनी ‘ठेका नहीं खुलने देंगे, पक्का धरना देंगे’

स्कूल-कॉलेजों के पास दूसरा ठेका खोलने की तैयारी का विरोध, प्रशासन को अल्टीमेटम

होशियारपुर / सत्ता संदेश

शहर के बाबा दीप सिंह जी चौक में प्रस्तावित नए शराब ठेके को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया है। वार्ड नंबर-1 के निवासियों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए साफ चेतावनी दी है कि यदि ठेका खोलने की प्रक्रिया तुरंत नहीं रोकी गई तो चौक में अनिश्चितकालीन पक्का धरना शुरू कर दिया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जिस स्थान पर नया ठेका खोला जा रहा है, वहां पहले से ही एक शराब का ठेका संचालित है। ऐसे में उसी इलाके में दूसरा ठेका खोलने का कोई औचित्य नहीं बनता। उनका आरोप है कि प्रशासन स्थानीय लोगों की भावनाओं और सामाजिक माहौल की अनदेखी कर रहा है।

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि इस इलाके के आसपास बड़ी संख्या में स्कूल और कॉलेज हैं। उनका दावा है कि होशियारपुर में जितने 19 स्कूल और कॉलेज हैं, उतने शराब के ठेके भी नहीं हैं, फिर भी आबादी वाले क्षेत्र में एक और ठेका खोलने की तैयारी की जा रही है। इससे विद्यार्थियों और युवाओं पर गलत प्रभाव पड़ने की आशंका है।

वार्डवासियों ने प्रशासन से मांग की कि प्रस्तावित ठेके की अनुमति तत्काल रद्द की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बाबा दीप सिंह चौक पर पक्का धरना लगाया जाएगा और यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक ठेका बंद नहीं हो जाता।

फिलहाल प्रशासन की ओर से इस विरोध प्रदर्शन और स्थानीय लोगों की मांगों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

होशियारपुर-फगवाड़ा रोड पर दर्दनाक हादसा: पति-पत्नी और 5 वर्षीय बेटे की मौत, 3 साल की मासूम की बची जान

हिमाचल जा रहे परिवार की बाइक हादसे का शिकार, राहगीरों की सतर्कता से घायल बच्ची को समय पर मिला इलाज

होशियारपुर / सत्ता संदेश

होशियारपुर-फगवाड़ा रोड पर स्थित अड्डा डेविडा रिहाना के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 2 से 3 वर्ष की एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों की तत्परता के चलते बच्ची को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उसकी जान बच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वे अपने परिवार के साथ हिमाचल प्रदेश घूमने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें सड़क किनारे एक बुरी तरह क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल दिखाई दी। उन्होंने वाहन रोककर देखा तो एक पुरुष, महिला और एक छोटे बच्चे के शव मौके पर पड़े थे, जबकि एक मासूम बच्ची गंभीर हालत में रो रही थी।

राहगीरों ने बिना देर किए तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा मृतकों के शवों और घायल बच्ची को सरकारी अस्पताल होशियारपुर पहुंचाया गया।

मृतकों के परिजनों ने बताया कि घायल बच्ची की हालत में अब सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार के अन्य सदस्य जम्मू-कश्मीर से आने वाले हैं, इसलिए उनके पहुंचने तक तीनों शवों को अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है।

जानकारी के अनुसार, मृतक परिवार मूल रूप से जम्मू-कश्मीर का रहने वाला था और वर्तमान में चब्बेवाल में रहकर मेहनत-मजदूरी करता था। हादसे में मृत पति-पत्नी की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। उनके साथ उनका करीब 5 वर्षीय इकलौता बेटा भी इस हादसे में जान गंवा बैठा, जबकि करीब 3 वर्षीय बेटी जीवित बच गई।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।

फरीदाबाद में करंट लगने से दो मजदूरों की मौत, सीवर लाइन की खुदाई के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा

फरीदाबाद / सत्ता संदेश

हरियाणा के फरीदाबाद से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सेक्टर-14 में सीवर लाइन का काम कर रहे दो मजदूरों की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की शिकायत पर मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह दर्दनाक हादसा फरीदाबाद के सेक्टर-14 स्थित कोठी नंबर-692 के बाहर हुआ, जहां सीवर लाइन के पाइप जोड़ने के लिए गड्ढे की खुदाई की जा रही थी। खुदाई के दौरान जमीन के नीचे से गुजर रही बिजली की लाइन की चपेट में आने से दो मजदूरों को जोरदार करंट लगा। करंट इतना तेज था कि दोनों मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 55 वर्षीय मनीष और शहंशाह के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और फरीदाबाद में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मकान मालिक को जमीन के नीचे से गुजर रही बिजली की लाइन की जानकारी थी, लेकिन काम शुरू कराने से पहले मजदूरों को इसके बारे में नहीं बताया गया। कर्मचारियों का कहना है कि यदि समय रहते यह जानकारी दे दी जाती, तो दो मजदूरों की जान बचाई जा सकती थी।

परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अब जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि यह हादसा लापरवाही का नतीजा था या किसी और वजह से हुआ।

समराला में दवा लेने आई बुजुर्ग महिला से बाइक सवारों ने छीना पर्स, स्नैचिंग से दहशत में लोग

बाईपास पर वारदात को दिया अंजाम, पीड़िता का आरोप- 45 मिनट तक पुलिस ने फोन नहीं उठाया; CCTV के आधार पर जांच जारी

समराला / सत्ता संदेश

समराला में लगातार बढ़ रही स्नैचिंग और लूटपाट की घटनाओं ने लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। ताजा मामले में दवा लेने आई एक बुजुर्ग महिला बाइक सवार स्नैचरों का शिकार बन गई। दो अज्ञात युवक उनका पर्स छीनकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मोरिंडा के निकट स्थित गांव दुम्मड़ा निवासी बलजीत कौर दवा लेने के लिए बस से समराला आई थीं। उन्होंने बताया कि जब वह बाईपास पर बस से उतरकर पैदल जा रही थीं, तभी पीछे से आए दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया और फरार हो गए।

पीड़िता के अनुसार, पर्स में करीब 1,500 रुपये नकद के अलावा उनके जरूरी दस्तावेज भी थे। घटना के बाद वह मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाईं। उनकी आवाज सुनकर नगर परिषद में मौजूद सफाई कर्मचारी और पास के एक मकान की छत पर मौजूद महिला मौके पर पहुंचे। उन्होंने बुजुर्ग महिला को संभाला, पानी पिलाया और पुलिस को सूचना देने का प्रयास किया।

बलजीत कौर ने आरोप लगाया कि घटना के बाद करीब 45 मिनट तक किसी पुलिसकर्मी ने फोन नहीं उठाया। बाद में 112 पर कॉल करने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

शहर में लगातार हो रही स्नैचिंग की घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मानसा में वकीलों का LADCSनीति के खिलाफ रोष मार्च, 7 अगस्त को जंतर-मंतर पर देशव्यापी प्रदर्शन की चेतावनी

जिला बार एसोसिएशन ने केंद्र सरकार से नीति पर पुनर्विचार की मांग की, कहा- मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन होगा तेज

मानसा/ सत्ता संदेश

जिला बार एसोसिएशन मानसा के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम (LADCS) नीति के विरोध में जोरदार रोष मार्च निकाला। कोर्ट कॉम्प्लेक्स से शुरू होकर बस स्टैंड तक निकाले गए इस मार्च में बड़ी संख्या में वकीलों ने भाग लिया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द स्वीकार करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि वकील समुदाय लंबे समय से एलएडीसीएस नीति का विरोध कर रहा है। उनका आरोप है कि यह नीति अधिवक्ताओं के हितों के विपरीत है और इससे उनके पेशे पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस नीति पर पुनर्विचार करने और अधिवक्ताओं की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।

बार एसोसिएशन के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो 7 अगस्त 2026 को देशभर के अधिवक्ता नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर एकत्र होकर केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने सभी राज्यों के वकीलों से इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की भी अपील की।

रोष मार्च के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

वकीलों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

रैपिडो चालक पर जानलेवा हमला : मुख्य आरोपी समेत दो महिलाएं गिरफ्तार, बाकी आरोपियों की तलाश जारी

किराया मांगने पर विवाद के बाद 30-35 लोगों पर हमला करने का आरोप, नकदी, चेन और मोबाइल लूटने का भी मामला दर्ज

लुधियाना / सत्ता संदेश

लुधियाना के ताजपुर रोड स्थित बिहारी कॉलोनी में रैपिडो चालक पर कथित जानलेवा हमला और लूटपाट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नेहा और उसकी एक महिला साथी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

पीड़ित रोहित भारद्वाज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पार्ट-टाइम रैपिडो चालक है और पिछले करीब छह महीने से नेहा को नियमित रूप से जैन कॉलोनी से समराला चौक तक छोड़ता था। आरोप है कि 16 जुलाई की रात जब वह नेहा को समराला चौक छोड़ने जा रहा था और ताजपुर रोड स्थित बिहारी कॉलोनी के पास पहुंचा, तो उसने किराया मांगा। इसी बात पर नेहा ने शोर मचाना शुरू कर दिया।

रोहित के अनुसार, शोर सुनकर कॉलोनी के प्रधान जय प्रकाश समेत करीब 30 से 35 युवक लोहे की रॉड, डंडों और अन्य हथियारों के साथ मौके पर पहुंच गए और उस पर हमला कर दिया। इस दौरान उसकी मोटरसाइकिल में भी तोड़फोड़ की गई।

पीड़ित ने बताया कि वह किसी तरह अपनी जान बचाकर पहले एक पेट्रोल पंप और फिर पास के गुरुद्वारे तक पहुंचा। वहां उसका भाई राहुल, दोस्त शिवम नंदा और जमाल पहुंचे। आरोप है कि हमलावर वहां भी पहुंच गए और रोहित व शिवम को घेरकर बेरहमी से पीटा।

हमले में शिवम नंदा के सिर, जबड़े और आंख के नीचे गंभीर चोटें आईं, जबकि रोहित भी घायल हो गया। दोनों घायलों को पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से शिवम की गंभीर हालत को देखते हुए उसे डीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पीड़ित का आरोप है कि हमलावर शिवम के गले से सोने की चेन, चांदी का ब्रेसलेट और मोबाइल फोन, जबकि रोहित से 4,500 रुपये नकद और चांदी की चेन लूटकर फरार हो गए।

पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी नेहा और उसकी एक महिला साथी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

रिपोर्ट: गुरमीत सिंह, लुधियाना

SEO Keywords:
Ludhiana Rapido Driver Attack, Tajpur Road Crime, Bihari Colony Ludhiana, Neha Arrested, Ludhiana Loot Case, Rapido Driver Assault, Punjab Crime News, Ludhiana Police, Shivam Nanda, Breaking News Ludhiana

Hashtags:
#Ludhiana #PunjabCrime #Rapido #BreakingNews #LudhianaPolice #CrimeNews #LootCase #PunjabNews #SattaSandesh

NISD और पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला के बीच MoU, सोशल वेलफेयर और युवा सशक्तिकरण पर मिलकर करेंगे काम

ड्रग्स के खिलाफ जागरूकता, रिसर्च, ट्रेनिंग और स्पोर्ट्स को मिलेगा बढ़ावा; सुखविंदर सिंह बिंद्रा बोले- युवाओं को नशे से दूर रखना हमारी प्राथमिकता

नई दिल्ली / सत्ता संदेश

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अधीन कार्यरत नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल डिफेंस (NISD) और पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला के बीच नई दिल्ली में एक महत्वपूर्ण मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी का उद्देश्य सोशल प्रोटेक्शन को मजबूत करना, सोशल वेलफेयर को प्रशासनिक प्रशिक्षण का हिस्सा बनाना, संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रमों को बढ़ावा देना, क्षमता निर्माण और क्षेत्रीय स्तर पर प्रभावी हस्तक्षेप सुनिश्चित करना है।

MoU हस्ताक्षर कार्यक्रम में पंजाबी यूनिवर्सिटी की ओर से डॉ. दमनजीत संधू और डॉ. जगजीत सिंह चट्ठा मौजूद रहे। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में सुखविंदर सिंह बिंद्रा, सदस्य (NISD) एवं स्पेशल मेंबर/इनवाइट (NCCDR), सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डॉ. एच.सी. श्रीधर चाणक्य रंगा रेड्डी, विवेक कुमार और तान्या सेनगुप्ता सहित अन्य अधिकारी भी शामिल हुए।

इस अवसर पर सुखविंदर सिंह बिंद्रा ने कहा कि यह साझेदारी सोशल वेलफेयर के क्षेत्र में रिसर्च, एविडेंस-बेस्ड पॉलिसी और समावेशी विकास को नई दिशा देगी। साथ ही देशभर में सोशल प्रोटेक्शन सिस्टम को और अधिक मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

उन्होंने बताया कि इससे पहले भी NISD ने सामाजिक पहल को आगे बढ़ाने के लिए देश भगत यूनिवर्सिटी (DBU) के साथ भी MoU किया था। उनका कहना था कि मंत्रालय का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।

बिंद्रा ने कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में मंत्रालय युवाओं के कल्याण, उनके विकास और नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने ड्रग्स के दुरुपयोग को रोकने में युवा सशक्तिकरण, जागरूकता अभियान और खेलों की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने जानकारी दी कि आने वाले समय में युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने के लिए स्पोर्ट्स किट वितरित की जाएंगी और विभिन्न खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि युवाओं की ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगे और वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें।

बिंद्रा ने कहा कि पंजाब यूथ डेवलपमेंट बोर्ड के पूर्व स्टेट चेयरपर्सन के रूप में भी उन्होंने युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे से दूर रखने के लिए कई पहल की थीं। उस दौरान यूथ क्लबों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में खिलाड़ियों को निःशुल्क स्पोर्ट्स किट वितरित की गईं और खिलाड़ियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया गया। उन्होंने कहा कि आज भी उनका विभाग खिलाड़ियों और युवाओं की हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के अंत में सुखविंदर सिंह बिंद्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार का युवाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।

PM करेंगे ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का शुभारंभ, युवाओं से करेंगे वर्चुअल संवाद

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत माय भारत और चंडीगढ़ प्रशासन के सहयोग से रविवार 2 अगस्त 2026 को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। चंडीगढ़ के टैगोर थिएटर में होने वाले इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे।

इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के खिलाफ एकजुट करना और उन्हें जागरूकता, खेल, संस्कृति तथा सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। यह पहल ‘नशा मुक्त भारत’ और ‘विकसित भारत@2047’ के लक्ष्य को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान देशभर के करीब 10 हजार स्थानों पर एक साथ आयोजन होंगे, जिनमें एक करोड़ से अधिक युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें माय भारत स्वयंसेवक, एनएसएस स्वयंसेवक, युवा क्लब, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी, गैर-सरकारी संगठन और विभिन्न सहयोगी संस्थाएं भाग लेंगी।

इस अवसर पर सभी प्रतिभागी नशा मुक्ति की सामूहिक शपथ लेंगे और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संकल्प करेंगे। साथ ही 100 सप्ताह के राष्ट्रव्यापी रविवार सहभागिता अभियान की भी शुरुआत होगी, जिसके तहत खेल, फिटनेस, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता अभियान, ध्यान और सामुदायिक गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी।

अभियान के अगले चरण में 3 अगस्त 2026 को देव समाज कॉलेज फॉर वूमेन, सेक्टर-45, चंडीगढ़ में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें समूह नृत्य, समूह लोकगीत, माइम एक्ट, शॉर्ट फिल्म/रील, पेंटिंग, वाद-विवाद और स्लोगन लेखन जैसी प्रतियोगिताएं शामिल होंगी।

माय भारत चंडीगढ़ और चंडीगढ़ प्रशासन ने विद्यार्थियों, शिक्षण संस्थानों, युवा संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा नशा मुक्त भारत के संकल्प को सशक्त बनाने की अपील की है।