मंत्री तरुनप्रीत सौंद ने खन्ना में आम आदमी क्लीनिकों का किया उद्घाटन
- कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने खन्ना में 87 लाख रूपये की लागत से बने तीन नए आम आदमी क्लीनिकों का किया उद्घाटन
- लोगों को घर के नजदीक ही उच्च स्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध होंगी : तरुनप्रीत सिंह सौंद
- खन्ना के नरोतम नगर, फोकल प्वाइंट और उत्तम नगर में शुरू हुए नए आम आदमी क्लीनिक
खन्ना / सत्ता संदेश
खन्ना विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने पंजाब सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घर-घर तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हुए शनिवार को खन्ना में 87 लाख रूपये की लागत से तैयार किए गए तीन नए आम आदमी क्लीनिकों का उद्घाटन कर उन्हें जनता को समर्पित किया। ये क्लीनिक नरोतम नगर, फोकल प्वाइंट तथा उत्तम नगर, खन्ना में स्थापित किए गए हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि नरोतम नगर स्थित आम आदमी क्लीनिक पर 27 लाख रूपये , जबकि फोकल प्वाइंट और उत्तम नगर स्थित क्लीनिकों पर 30-30 लाख रूपये की लागत आई है। उन्होंने कहा कि इन क्लीनिकों के माध्यम से आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अपने घर के निकट ही उच्च गुणवत्ता वाली प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि आम आदमी क्लीनिकों में 107 प्रकार की आवश्यक दवाइयां मुफ्त उपलब्ध कराई जाती हैं तथा योग्य चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच और परामर्श भी बिना किसी शुल्क के दिया जाता है। उन्होंने कहा कि इन तीन नए क्लीनिकों के शुरू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेष रूप से बुजुर्गों, माताओं और महिलाओं को उपचार के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि अब खन्ना विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी क्लीनिकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। इनमें से तीन क्लीनिक ग्रामीण क्षेत्रों में, चार पहले से ही खन्ना शहर में संचालित थे और आज तीन नए क्लीनिक जनता को समर्पित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में जहां भी ऐसे क्लीनिकों की आवश्यकता महसूस होगी, वहां भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
सौंद ने कहा कि पिछली सरकारों के समय सिविल अस्पताल, खन्ना की दैनिक ओपीडी केवल 300 से 400 मरीजों तक सीमित रहती थी और उस समय आम आदमी क्लीनिक जैसी कोई व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों के अनुसार वर्तमान में सिविल अस्पताल की दैनिक ओपीडी 1,500 से अधिक हो चुकी है, जबकि पहले से संचालित सात आम आदमी क्लीनिकों में प्रतिदिन लगभग 1,400 मरीज उपचार प्राप्त कर रहे हैं। इस प्रकार प्रतिदिन लगभग 2,900 लोग सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि तीनों नए क्लीनिकों में भी प्रतिदिन 150 से 200 मरीजों की जांच होगी, जिससे लोगों को और अधिक बेहतर तथा सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने लोगों से मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत बनाए जा रहे स्वास्थ्य कार्ड का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार को 10 लाख रूपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने वाला यह कार्ड अवश्य बनवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह योजना गंभीर बीमारियों के उपचार के दौरान परिवारों के लिए बड़ा सहारा साबित होगी तथा लोगों को महंगे इलाज के आर्थिक बोझ से बचाएगी।
इस अवसर पर सिविल अस्पताल, खन्ना के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) डॉ. मनिंदर भसीन सहित विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

