मानसा जिला ट्रांसपोर्ट कार्यालय में विजिलेंस की रेड, कार्यालय में मिले सिर्फ दो कर्मचारी
अचानक जांच के दौरान एजेंटों में मची भगदड़, अधिकारियों की हाजिरी भी जांच के दायरे में
मानसा / सत्ता संदेश
मानसा जिला ट्रांसपोर्ट कार्यालय में शुक्रवार को विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने अचानक छापेमारी कर जांच की। रेड की सूचना मिलते ही कार्यालय परिसर में मौजूद कई एजेंट मौके से भाग निकले।
मौके पर मौजूद डीएसपी विजिलेंस कुलवंत सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई औचक निरीक्षण के तहत की गई। जांच के दौरान कार्यालय में केवल दो कर्मचारी ही मौजूद मिले, जबकि कई अधिकारी अवकाश पर बताए गए। उन्होंने कहा कि छुट्टी पर रहने वाले अधिकारियों की हाजिरी और रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
डीएसपी कुलवंत सिंह ने बताया कि जांच के दौरान कार्यालय की कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की उपस्थिति और अन्य संबंधित दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि जिला ट्रांसपोर्ट कार्यालय को लेकर लंबे समय से रिश्वतखोरी और एजेंटों की सक्रियता की शिकायतें सामने आती रही हैं। आम लोगों का आरोप रहा है कि विभिन्न कार्यों के लिए उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है और एजेंटों के माध्यम से काम करवाने का दबाव बनाया जाता है।
फिलहाल विजिलेंस की कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा किए जाने की संभावना है।

