मोहाली में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ऑडी ने तुर्की की युवती को कुचला, मौके पर ही हुई मौत
पंजाब डेस्क : मोहाली में एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेकाबू ऑडी कार ने पैदल जा रही एक विदेशी युवती को जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि करीब 12 बजे वीआईपी रोड पर एमकेयर अस्पताल के ठीक सामने हुआ।
मृतक युवती की पहचान मावलूदा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से तुर्की की रहने वाली थी। जानकारी के अनुसार, मावलूदा अस्पताल में किसी मरीज से मिलकर बाहर निकली थी और सड़क पार कर रही थी, तभी काले रंग की एक तेज रफ्तार ऑडी ने उसे रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती 15 फीट हवा में उछल गई और सड़क के दूसरी ओर जा गिरी, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस पूरी वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार की टक्कर के बाद युवती को हवा में उछलते हुए देखा जा सकता है। पुलिस ने इस फुटेज को कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, पुलिस अन्य सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी चालक और ऑडी कार के नंबर की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

