ब्रेकिंग न्यूज़
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026: टीम इंडिया ने रचा इतिहास, इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर रिकॉर्ड छठी बार जीता खिताब

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय अंडर-19 टीम ने आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को 100 रनों से मात देकर छठी बार विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। इस जीत के साथ ही भारत इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे सफल टीम बन गई है, जिसने अब तक सबसे ज्यादा बार यह टाइटल जीता है।

वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन: फाइनल मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 50 ओवरों में 411/9 का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 80 गेंदों पर 175 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर मैच को एकतरफा कर दिया। उन्होंने अपनी इस पारी में 15 चौके और 15 छक्के लगाए। वैभव को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ दोनों पुरस्कारों से नवाजा गया। उनके अलावा कप्तान आयुष म्हात्रे ने 53 रन और अभिज्ञान कुंडू ने 40 रनों का अहम योगदान दिया।

इंग्लैंड की हार और भारतीय गेंदबाजी: 412 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवर्स में 311 रनों पर सिमट गई। भारतीय गेंदबाजी में आरएस अंबरीश ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए, जबकि दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान ने 2-2 विकेट हासिल किए। इंग्लैंड की ओर से बेन मेयस ने 66 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।

प्रधानमंत्री और दिग्गजों ने दी बधाई: भारतीय टीम की इस शानदार उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर बधाई देते हुए लिखा कि “भारत का क्रिकेट टैलेंट चमका! हमारी U-19 टीम पर गर्व है जिसने वर्ल्ड कप घर लाया”।

पूर्व कप्तान विराट कोहली ने भी टीम की सराहना करते हुए कहा कि क्रिकेट के जूनियर स्तर पर हमारा दबदबा जारी है। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी युवा खिलाड़ियों को उनकी मेहनत और जीत के लिए शुभकामनाएं दीं।

U19 वर्ल्ड कप: सेमीफाइनल में वैभव सूर्यवंशी रच सकते हैं इतिहास, बाबर आजम और अजीजुल हकीम के रिकॉर्ड निशाने पर

स्पोर्ट्स डेस्क : अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत का सामना अफगानिस्तान से होने जा रहा है। यह मुकाबला भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के लिए एक बड़ा मील का पत्थर साबित हो सकता है। उनके पास न केवल एक्टिव प्लेयर्स की लिस्ट में नंबर 1 बनने का मौका है, बल्कि वह पाकिस्तान के दिग्गज खिलाड़ी बाबर आजम का रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं।

नंबर 1 एक्टिव प्लेयर बनने के लिए ‘मिशन 93‘ : अंडर-19 वनडे में फिलहाल एक्टिव प्लेयर्स में सबसे ज्यादा रन बांग्लादेश के अजीजुल हकीम (1261 रन) के नाम हैं। वैभव सूर्यवंशी अब तक 23 मैचों की 23 पारियों में 1169 रन बना चुके हैं और वह इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं। चूंकि बांग्लादेश की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है, इसलिए वैभव को हकीम को पीछे छोड़कर नंबर 1 बनने के लिए सेमीफाइनल में केवल 93 रनों की जरूरत है।

बाबर आजम का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 103 रनों की दरकार : अगर वैभव सूर्यवंशी अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में शतक जड़ने में कामयाब होते हैं, तो वह बाबर आजम के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ देंगे। बाबर आजम के नाम अंडर-19 वनडे में 1271 रन दर्ज हैं। वैभव को बाबर से आगे निकलने के लिए इस मैच में 103 रनों की आवश्यकता है।

इतिहास का सबसे बेहतरीन स्ट्राइक रेट : वैभव सूर्यवंशी की सबसे बड़ी ताकत उनकी आक्रामक बल्लेबाजी है। उनका 158.18 का स्ट्राइक रेट अंडर-19 वनडे के इतिहास में किसी भी बल्लेबाज की तुलना में सबसे ज्यादा है। उनका बल्लेबाजी औसत भी शानदार 50.82 का है। हालांकि, वर्तमान टूर्नामेंट में उन्होंने अब तक 5 मैचों में 39.20 की औसत से 196 रन बनाए हैं, लेकिन सेमीफाइनल जैसे बड़े मंच पर उनसे एक बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है।