ब्रेकिंग न्यूज़
Australia Squad for 3rd Test: निक मैडिसन और सैम हार्पर रिलीज, स्टीव स्मिथ के खेलने पर सस्पेंस

ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट के लिए टीम घोषित की। निक मैडिसन और सैम हार्पर रिलीज, जबकि स्टीव स्मिथ की फिटनेस पर फैसला बाकी है।

खेल डेस्क / सत्ता संदेश

ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केप टाउन में खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट मैच के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबर होने के कारण तीसरा मुकाबला निर्णायक माना जा रहा है। दोनों टीमों के बीच यह टेस्ट 27 अक्टूबर से शुरू होने वाला है।

सीरीज के अहम मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलिया ने टीम में बदलाव किए हैं। निक मैडिसन और बैकअप विकेटकीपर सैम हार्पर को टीम से रिलीज कर दिया गया है। दोनों खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया लौटकर घरेलू टूर्नामेंट शेफील्ड शील्ड में हिस्सा लेंगे।

तीसरे टेस्ट में नई ओपनिंग जोड़ी की संभावना

निक मैडिसन अब टीम का हिस्सा नहीं हैं, ऐसे में ऑस्ट्रेलिया की ओपनिंग जोड़ी में बदलाव देखने को मिल सकता है। अब तक मैडिसन और ट्रेविस हेड पारी की शुरुआत कर रहे थे। मैडिसन की जगह मैट रेनशॉ को ओपनिंग की जिम्मेदारी मिलने की संभावना है।

सीरीज के निर्णायक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी की शुरुआत अहम होगी। ऐसे में नई ओपनिंग जोड़ी का प्रदर्शन मैच के परिणाम पर प्रभाव डाल सकता है।

स्टीव स्मिथ की फिटनेस पर नजर

तीसरे टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ की फिटनेस भी चर्चा का विषय है। गर्दन की समस्या के कारण उनके खेलने पर अभी अनिश्चितता बनी हुई है। उनकी उपलब्धता का फैसला मैच से पहले फिटनेस का आकलन करने के बाद किया जाएगा।

स्मिथ का अनुभव ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी क्रम के लिए अहम है। यदि वह मुकाबले के लिए फिट नहीं होते हैं, तो टीम को अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ सकता है।

तीसरे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम

पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, कैमरन ग्रीन, जॉश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जॉश इंग्लिस, मैथ्यू कुन्हेमन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लायन, माइकल नेसर, मैट रेनशॉ, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क और ब्यू वेब्स्टर।

सीरीज 1-1 से बराबर होने के कारण केप टाउन टेस्ट दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण है। ऑस्ट्रेलिया की नई ओपनिंग जोड़ी और स्टीव स्मिथ की उपलब्धता इस मुकाबले से पहले देखने वाले प्रमुख पहलू होंगे।

सूर्यकुमार यादव- श्रेयस अय्यर का टूटा रिकॉर्ड, 40 गेंदों पर शतक, स्टीव स्मिथ का इस बल्लेबाज के साथ धमाका

खेल डेस्क / सत्ता संदेश

मेजर लीग क्रिकेट में सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर का रिकॉर्ड टूट गया है। दोनों भारतीय बल्लेबाजों के साथ मिलकर बनाए रिकॉर्ड को तोड़ा है एंड्रीस गॉस और स्टीव स्मिथ ने। टूर्नामेंट के एलिमिनेटर 1 में मुंबई इंडियंस न्यू यॉर्क का सामना वॉशिंगटन फ्रीडम से हुआ। इस मुकाबले में ताबड़तोड़ ऐसे रन बने कि रिकॉर्डों की बाढ़ सी आ गई। मुकाबले में मुंबई इंडियंस न्यूयॉर्क ने पहले बल्लेबाजी करते हुए MLC के इतिहास का सबसे बड़ा टोटल खड़ा किया। उसने 20 ओवर में 9 विकेट पर 266 रन बनाए, जिसमें उसके कप्तान निकोलस पूरन के जमाए 30 गेंदों वाले शतक की बड़ी भूमिका रही. लीग के सबसे बड़े स्कोर को चेज कर पाना वॉशिंगटन फ्रीडम के लिए मुश्किल लग रहा था। लेकिन, उस मुश्किल चुनौती से पार पाने का तोड़ जिस तरह से एंड्रीस गॉस और स्टीव स्मिथ ने ढूंढा़ वो काबिल तारीफ रहा।

एंड्रीस गॉस और स्टीव स्मिथ ने किया धमाका

वॉशिंगटन फ्रीडम की शुरुआत खराब रही. 267 रन के रिकॉर्ड लक्ष्य के आगे उसके 2 विकेट 10 रन पर गिर गए। लेकिन, उसके बाद जो हुआ, वो इतिहास में दर्ज हो गया। एंड्रीस गॉस और स्टीव स्मिथ ने मिलकर MI न्यू यॉर्क को मुंहतोड़ जवाब दिया. दोनों ने तूफानी शतक जड़ा। भले ही उनका शतक निकोलस पूरन के शतक जितना तेज ना रहा हो। मगर उसमें MI न्यू यॉर्क को हार के मुंह में धकेलते हुए MLC के सबसे बड़े स्कोर को चेज कर लेने वाली धार जरूर रही।

दोनों ने 40-40 गेंदों में पूरा किया शतक

एंड्रीस गॉस ने 258.82 की स्ट्राइक रेट से 12 छक्के और 10 चौके के साथ 51 गेंदों पर 132 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने अपना शतक 40 गेंदों में पूरा किया। वहीं स्टीव स्मिथ ने 48 गेंदों पर 229.16 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 110 रन बनाए, जिसमें 9 छक्के और 7 चौके शामिल रहे। स्मिथ ने भी गॉस के जैसे 40वीं गेंद पर ही अपनी सेंचुरी पूरी की।

सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर का रिकॉर्ड टूटा

एंड्रीस गॉस और स्टीव स्मिथ के बीच 241 रन की साझेदारी हुई, जो कि T20 में तीसरे विकेट के लिए हुई सबसे बड़ी पार्टनरशिप का वर्ल्ड रिकॉर्ड है. इससे पहले ये रिकॉर्ड भारत के सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर के नाम था। उन दोनों 2019 में सिक्किम के खिलाफ T20 में मुंबई की ओर से खेलते हुए तीसरे विकेट के लिए 213 रन की पार्टनरशिप की थी।

एंड्रीस गॉस और स्टीव स्मिथ की रिकॉर्ड साझेदारी के दम पर वॉशिंगटन फ्रीडम ने 18.4 ओवर में ही 4 विकेट पर 270 रन बना लिए। इस तरह उन्होंने 8 गेंद शेष रहते ही 6 विकेट से मुकाबला जीत लिया।

PSL 2026 पर संकट के बादल: ऑस्ट्रेलिया ने खिलाड़ियों को पाकिस्तान जाने से रोका, क्या रद्द होगा टूर्नामेंट?

स्पोर्टस डेस्क: 26 मार्च से शुरू होने वाली पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) पर अब रद्द या स्थगित होने का बड़ा खतरा मंडराने लगा है। दरअसल, ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने अपने नागरिकों और खिलाड़ियों को पाकिस्तान न जाने की सख्त चेतावनी जारी की है। इस टूर्नामेंट में स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और ग्लेन मैक्सवेल जैसे 17 दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी और कोच हिस्सा लेने वाले थे, लेकिन सरकार की इस सलाह के बाद उनके खेलने पर संशय बन गया है।

तनाव का मुख्य कारण: इस खतरे के पीछे पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ता सैन्य संघर्ष है। 16 मार्च को पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में किए गए हवाई हमले के बाद स्थिति और बिगड़ गई है। इस हमले में एक अस्पताल को निशाना बनाने का आरोप है, जिसमें 400 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। इसके जवाब में अफगानिस्तान ने भी कार्रवाई करने का ऐलान किया है, जिससे युद्ध जैसी स्थिति पैदा हो गई है।

विदेशी खिलाड़ियों की सुरक्षा पर खतरा: रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान में विदेशियों, विशेषकर उन जगहों को निशाना बनाया जा सकता है जहाँ वे अधिक संख्या में रहते हैं। पीएसएल के कई मैच पेशावर और रावलपिंडी जैसे शहरों में होने हैं, जिन्हें खतरे की श्रेणी में रखा गया है। अकेले रावलपिंडी में 11 मैच निर्धारित हैं।

पीसीबी को लग सकता है करोड़ों का घाटा: पहले ही कई बड़े खिलाड़ी पीएसएल छोड़कर आईपीएल (IPL) खेलने जा चुके हैं। अब यदि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भी अपना नाम वापस लेते हैं, तो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के लिए टूर्नामेंट का आयोजन करना मुश्किल हो जाएगा। इससे पीसीबी को करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान होना तय माना जा रहा है।