ब्रेकिंग न्यूज़
पीआईबी चंडीगढ़ द्वारा झज्जर में सरकारी योजनाओं पर ‘वार्तालाप’ का आयोजन

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

झज्जर में सरकारी योजनाओं पर PIB चंडीगढ़ का ‘वार्तालाप’, मीडिया से जन-जन तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने की अपील

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय (PIB), चंडीगढ़ की ओर से बुधवार को झज्जर में केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं पर मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी पहलों की जानकारी मीडिया के माध्यम से आमजन तक पहुंचाना और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशासन तथा मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ झज्जर की उपायुक्त वर्षा खांगवाल ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त जग निवास, एसडीएम रवि मीणा, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी नेहा दहिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका

उपायुक्त वर्षा खांगवाल ने कहा कि ‘वार्तालाप’ भारत सरकार, राज्य सरकार, जिला प्रशासन और मीडिया के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे कार्यक्रमों के जरिए जमीनी स्तर पर लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में मदद मिलती है।

उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच सके।

उपायुक्त ने सोशल मीडिया की भूमिका पर भी जोर देते हुए कहा कि सोशल मीडिया दूरदराज के क्षेत्रों की समस्याओं और मुद्दों को सामने लाने तथा सूचनाओं को तेजी से साझा करने का प्रभावी माध्यम है। हालांकि, उन्होंने फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं से बचने के लिए खबर प्रसारित करने से पहले विश्वसनीय स्रोत से तथ्य सत्यापित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

स्वतंत्रता दिवस अभियानों की भी दी जानकारी

वर्षा खांगवाल ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’, ‘देश के नाम संदेश’ और ‘वंदे मातरम् अभियान’ का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों को कवर करने के लिए ‘हर घर तिरंगा’ वैन भी चलाई जा रही है।

उन्होंने ‘वार्तालाप’ के आयोजन के लिए PIB चंडीगढ़ के प्रयासों की सराहना की और कहा कि इस तरह के कार्यक्रम केंद्र एवं राज्य के सूचना तंत्र तथा मीडिया के बीच बेहतर समन्वय बनाने में मददगार हैं।

योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी

अतिरिक्त उपायुक्त जग निवास ने कहा कि सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एकजुटता और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने मीडिया से जनहितकारी योजनाओं की सही और सकारात्मक जानकारी जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ लोगों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की।

एसडीएम रवि मीणा ने स्वयं सहायता समूहों (SHG) के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि SHG उत्पादों को व्यापक पहचान मिलने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।

2017 से करीब 35 हजार लाभार्थियों को PMMVY का लाभ

महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी नेहा दहिया ने महिलाओं और बच्चों के कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने आपकी बेटी हमारी बेटी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) और मुख्यमंत्री मातृत्व सहायता योजना सहित कई योजनाओं के बारे में बताया।

उन्होंने जानकारी दी कि 2017 से अब तक झज्जर जिले में करीब 35 हजार लाभार्थी प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ उठा चुके हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार लाने में मदद की है।

किसानों और पर्यावरण से जुड़ी योजनाओं पर भी चर्चा

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के एसडीओ जगजीत सिंह सांगवान ने किसानों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (PMKSY), ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’, ड्रिप सिंचाई, पीएम-किसान सम्मान निधि और जैविक खेती जैसी पहलों पर प्रकाश डाला।

वन विभाग के आशीष कादियान ने पर्यावरण संरक्षण से संबंधित पहलों की जानकारी देते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि झज्जर जिले में इस वर्ष तीन लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि झज्जर स्थित भिंडावास वन्यजीव अभयारण्य अंतरराष्ट्रीय महत्व की आर्द्रभूमि के रूप में रामसर साइट के तौर पर मान्यता प्राप्त है।

PIB की विभिन्न इकाइयों की भूमिका की जानकारी

PIB चंडीगढ़ के मीडिया एवं संचार अधिकारी अहमद खान ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तहत कार्यरत विभिन्न संगठनों की भूमिका की जानकारी दी। इनमें PIB, केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC), प्रेस रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया (PRGI), प्रसार भारती, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC), प्रकाशन विभाग और फैक्ट चेक इकाई शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि ‘वार्तालाप’ सरकारी योजनाओं और पहलों की प्रमाणिक जानकारी के प्रभावी प्रसार तथा बेहतर संवाद का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने पत्रकारों को PIB की रिसर्च यूनिट और वेबसाइट पर उपलब्ध विश्लेषण एवं आंकड़ों के उपयोग की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम के दौरान डीआईपीआरओ दिनेश कुमार ने मीडिया से सूचनाओं को सकारात्मक, संतुलित और जिम्मेदारी के साथ प्रस्तुत करने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में PIB चंडीगढ़ के मीडिया एवं संचार अधिकारी अहमद खान ने उपायुक्त, जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों का सहभागिता एवं सुझावों के लिए आभार व्यक्त किया।

भारत–ब्रिटेन FTA को बढ़ावा, हरियाणा से ब्रिटेन के लिए फास्टनर्स की पहली शिपमेंट रवाना

हरियाणा / सत्ता संदेश

भारत–ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते को मिली नई उड़ान, यूपीएस ने हरियाणा से फास्टनर्स की पहली शिपमेंट ब्रिटेन के लिए रवाना

भारत–ब्रिटेन के बीच हुए ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के बाद हरियाणा से फास्टनर्स की पहली निर्यात शिपमेंट आज यूपीएस से ब्रिटेन के लिए रवाना की गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) के अधिकारियों एवं यूपीएस के अधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में डीजीएफटी की सहायक निदेशक हेमलता हेड़ाऊ, सहायक निदेशक हीरा लाला, अनुभाग प्रमुख योगेंद्र मीणा तथा यूपीएस के निदेशक अमित जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि भारत–ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौता भारतीय विनिर्माण और निर्यात क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे विशेष रूप से एमएसएमई एवं विनिर्माण उद्योगों को वैश्विक बाजारों में नई संभावनाएँ प्राप्त होंगी तथा भारतीय उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मकता और अधिक सशक्त होगी।

उन्होंने कहा कि इस समझौते से हरियाणा सहित पूरे देश के उद्योगों को निर्यात बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा। फास्टनर उद्योग के लिए यह एक नए युग की शुरुआत है, जो ‘मेक इन इंडिया’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाने के राष्ट्रीय संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।

इस अवसर पर यूपीएस के निदेशक अमित जैन ने कहा कि कंपनी के लिए यह अत्यंत गौरव का क्षण है कि भारत–ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते के बाद हरियाणा से पहली फास्टनर्स निर्यात शिपमेंट उनके संसथान से ब्रिटेन के लिए रवाना की जा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह समझौता भारतीय उद्योगों के लिए नए व्यापारिक अवसरों के द्वार खोलेगा तथा देश के निर्यात को नई गति प्रदान करेगा।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर फास्टनर्स की पहली निर्यात शिपमेंट को ब्रिटेन के लिए रवाना किया। उपस्थित सभी अतिथियों ने इस उपलब्धि को भारतीय उद्योग, निर्यात क्षेत्र और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया। इस अवसर पर राजीव जैन, सन्नी निझावन , बलजीत सिंह, रविंदर , शिमला रानी आदि मौजूद रहे |

BIS हरियाणा शाखा कार्यालय द्वारा जींद में जिला स्तरीय प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

जींद / सत्ता संदेश

भारतीय मानक ब्यूरो हरियाणा शाखा कार्यालय चंडीगढ़ द्वारा 29 जून को मिनी सचिवालय, जींद के सम्मेलन कक्ष में जिला स्तरीय प्रशिक्षण एवं जागरुकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न जिला स्तरीय सरकारी विभागों के 23 अधिकारियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुश्री आरती चौधरी, मानक संवर्धन अधिकारी, बीआईएस हरियाणा शाखा कार्यालय के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने देश में गुणवत्ता, सुरक्षा एवं मानकीकरण को बढ़ावा देने में भारतीय मानक ब्यूरो की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रतिभागियों को जिला स्तरीय प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम के उद्देश्य, आईएसआई प्रमाणन योजना, एचयूआईडी सहित हॉलमार्किंग, अनिवार्य पंजीकरण योजना (CRS), बीआईएस केयर ऐप, उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम, स्टैंडर्ड्स क्लब, एमएसएमई मीट, ग्राम पंचायत कार्यक्रम, SHINE कार्यक्रम तथा विभिन्न क्षमता निर्माण पहलों की जानकारी दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री प्रदीप कुमार–II, एचसीएस, अतिरिक्त उपायुक्त, जींद ने की। उन्होंने अपने संबोधन में सरकारी कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा, पारदर्शिता तथा मानक आधारित खरीद सुनिश्चित करने के लिए भारतीय मानकों के महत्व पर बल दिया। उन्होंने सभी सरकारी विभागों से अपने कार्यों में भारतीय मानकों को अपनाने एवं प्रभावी रूप से लागू करने का आह्वान किया।

तकनीकी सत्र का संचालन श्री सौरभ चंद्रा, वैज्ञानिक-सी एवं उप निदेशक, बीआईएस हरियाणा शाखा कार्यालय द्वारा किया गया। उन्होंने भारतीय मानक ब्यूरो के कार्यों, भारतीय मानकों के निर्माण की प्रक्रिया, उत्पाद प्रमाणन योजना (आईएसआई मार्क), हॉलमार्किंग, अनिवार्य पंजीकरण योजना (CRS) तथा गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों (QCOs) के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही उन्होंने Know Your Standards Portal, Manakonline Portal तथा BIS Care App का प्रदर्शन करते हुए प्रतिभागियों को भारतीय मानकों तक पहुंच, प्रमाणित उत्पादों के सत्यापन तथा उपभोक्ता शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया से अवगत कराया।

कार्यक्रम का समापन सरकारी विभागों में भारतीय मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन पर आयोजित एक संवादात्मक चर्चा के साथ हुआ। चर्चा के दौरान सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता (XEN) एवं अन्य अधिकारियों ने बताया कि विभाग द्वारा अपने निर्माण एवं अन्य आधिकारिक कार्यों में आईएस 456, आईएस 800 सहित अन्य प्रासंगिक भारतीय मानकों का अनुपालन किया जा रहा है, जो गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

यह कार्यक्रम सरकारी विभागों के बीच भारतीय मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन को प्रोत्साहित करने की दिशा में भारतीय मानक ब्यूरो की सतत प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण प्रयास रहा।

मांग में अचानक और तेज़ी से वृद्धि के बीच सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां (ओएमसी) हरियाणा में निर्बाध ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित कर रही

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां (ओएमसी) – इंडियनऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल – देश भर में परिचालन और लॉजिस्टिक्स समन्वय जारी रखे हुए हैं ताकि कई क्षेत्रों में ईंधन की मांग में अचानक और तीव्र वृद्धि के बावजूद पेट्रोल (एमएस), डीजल (एचएसडी) और एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

हाल के दिनों में, ओएमसी ने कई राज्यों में मौसमी कृषि गतिविधियों और कटाई कार्यों के कारण पेट्रोलियम उत्पादों की उल्लेखनीय रूप से अधिक खपत देखी है। अन्य आपूर्तिकर्ताओं की तुलना में कम कीमत के कारण खुदरा ग्राहकों के सार्वजनिक क्षेत्र के खुदरा आउटलेट्स की ओर रुख करने और संस्थागत और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के खुदरा ईंधन आउटलेट्स की ओर स्पष्ट रुझान के कारण भी अतिरिक्त मांग का दबाव उत्पन्न हुआ है।

सार्वजनिक क्षेत्र की ओएमसी अपने टर्मिनलों, डिपो, पाइपलाइनों, एलपीजी बॉटलिंग संयंत्रों और खुदरा आउटलेट्स के व्यापक राष्ट्रव्यापी नेटवर्क के माध्यम से निर्बाध आपूर्ति बनाए हुए हैं। आपूर्ति दल, परिवहन नेटवर्क, टर्मिनल संचालन और चुनिंदा खुदरा आउटलेट्स बाजारों में निर्बाध उत्पाद आवागमन और समय पर पुनःपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 24×7 कार्यरत हैं। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां निर्बाध ईंधन आपूर्ति के लिए राज्य प्रशासन के साथ घनिष्ठ समन्वय बनाए हुए हैं।

सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां स्टॉक की स्थिति की लगातार समीक्षा कर रही हैं और बढ़ी हुई मांग को कुशलतापूर्वक पूरा करने के लिए रसद और वितरण योजना पर घनिष्ठ समन्वय स्थापित कर रही हैं।

अनिल कुमार सिंह, राज्य स्तरीय समन्वयक, हरियाणा, नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे सामान्य खरीदारी जारी रखें और अनावश्यक रूप से घबराकर खरीदारी करने से बचें। उपभोक्ताओं से यह भी अनुरोध है कि वे ईंधन की उपलब्धता से संबंधित सटीक जानकारी के लिए केवल अधिकृत एजेंसियों और तेल विपणन कंपनियों द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

सोनीपत में लोहे की रॉड से तिहरा हत्याकांड, दंपति समेत तीन लोगों की हत्या

सोनीपत / सत्ता संदेश

हरियाणा के कुंडली क्षेत्र में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला कर दंपति और एक अन्य महिला की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान ब्रह्मप्रकाश के रूप में हुई है। उस पर आरोप है कि उसने रविवार देर रात तीनों पीड़ितों पर लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में यह हमला बेहद क्रूर और सुनियोजित बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक मृतकों में एक पति-पत्नी और एक अन्य महिला शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती स्तर पर आपसी विवाद या व्यक्तिगत रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी ठोस वजह की पुष्टि नहीं हुई है।

मामले के बाद क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने घटना पर चिंता जताते हुए इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है और उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

अधिकारियों ने कहा कि जांच के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

यूआईडीएआई ने हरियाणा में आधार सेवाओं का विस्तार किया, गुरुग्राम में नया आधार सेवा केंद्र शुरू

हरियाणा / सत्ता संदेश

यूआईडीएआई ने हरियाणा में आधार सेवाओं का विस्तार किया, गुरुग्राम में नया आधार सेवा केंद्र शुरूचंडीगढ़, 20 मई 2026: यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (यूआईडीएआई), क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ ने हरियाणा में अपनी सेवा वितरण व्यवस्था को और सुदृढ़ करते हुए गुरुग्राम में एक नए आधार सेवा केंद्र (एएसके) का शुभारंभ किया है। यह केंद्र प्लॉट नंबर 804, प्रथम तल, सरस्वती विहार, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, चक्करपुर मेन मार्केट रोड, चक्करपुर विलेज, सेक्टर-12, गुरुग्राम – 122002, हरियाणा में स्थित है। केंद्र का उद्घाटन आज निदेशक कर्नल हरमीत सिंह कपूर द्वारा किया गया।

नव स्थापित आधार सेवा केंद्र का उद्देश्य नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं अधिक सुगमता, दक्षता और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराना है। यहां निवासी आधार नामांकन, नाम, पता एवं जन्म तिथि जैसे जनसांख्यिकीय विवरणों में संशोधन के साथ-साथ बायोमेट्रिक अपडेट की सेवाएं भी प्राप्त कर सकेंगे।

इस नए केंद्र के शुरू होने से विशेष रूप से आसपास के कस्बों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को बड़ी सुविधा मिलेगी, क्योंकि उन्हें अब आधार सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। केंद्र में आधुनिक अवसंरचना, प्रशिक्षित कर्मियों एवं सुव्यवस्थित प्रक्रियाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि नागरिकों को न्यूनतम प्रतीक्षा समय में बेहतर सेवा अनुभव प्राप्त हो सके।

यूआईडीएआई के अनुसार, इस आधार सेवा केंद्र की स्थापना से मौजूदा केंद्रों पर भीड़ कम होगी, अनुरोधों का त्वरित निपटान सुनिश्चित होगा तथा आधार सेवाओं की समग्र गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा। इसके साथ ही सेवाओं में पारदर्शिता और विश्वसनीयता को भी बढ़ावा मिलेगा।

यह केंद्र वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों सहित समाज के सभी वर्गों के लिए आधार सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बेहतर पहुंच से अधिक निवासी अपने आधार विवरण समय-समय पर अद्यतन रख सकेंगे, जिससे उन्हें विभिन्न सरकारी एवं वित्तीय सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।

यूआईडीएआई ने हरियाणा के निवासियों से अपील की है कि वे नामांकन एवं अपडेट संबंधी आवश्यकताओं के लिए इस आधार सेवा केंद्र का उपयोग करें। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे आवश्यक वैध दस्तावेज साथ लेकर आएं अथवा सुविधा हेतु ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करें।

अधिक जानकारी के लिए निवासी यूआईडीएआई की आधिकारिक वेबसाइट अथवा अपने निकटतम आधार सेवा केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।

हरियाणा में पेट्रोल व डीजल की उपलब्धता पर्याप्त, आपूर्ति की स्थिति स्थिर बनी हुई

हरियाणा / सत्ता संदेश

चंडीगढ़, 18 मई 2026: हरियाणा में तेल उद्योग के राज्य स्तरीय समन्वयक अनिल कुमार सिंह ने सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों — इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) — के सभी आपूर्ति चैनलों में पेट्रोल (MS), डीजल (HSD) और द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (LPG) सहित आवश्यक पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता सामान्य और निर्बाध बनी रहने का सार्वजनिक आश्वासन देते हुए एक बयान जारी किया है।

उन्होंने कहा कि पूरे हरियाणा में समग्र ईंधन आपूर्ति की स्थिति स्थिर है और उपभोक्ता मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त है। टर्मिनल, डिपो और रिटेल आउटलेट सहित पूरी आपूर्ति शृंखला बिना किसी व्यवधान के कुशलतापूर्वक कार्य कर रही है। ईंधन भंडारों की कड़ी निगरानी की जा रही है, जबकि निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी स्थानों पर पूर्ति क्रियाएँ सुचारू रूप से जारी हैं।

वर्तमान मांग प्रवृत्तियों को रेखांकित करते हुए उन्होंने बताया कि मई 2026 के पहले दो सप्ताह के दौरान रिटेल आउटलेटों पर पेट्रोल की बिक्री में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत और डीजल में 21 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई। यह वृद्धि राज्य के रिटेल नेटवर्क में ईंधन की निरंतर उपलब्धता और निर्बाध वितरण को दर्शाती है।

उन्होंने आगे कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं को LPG का वितरण सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और हरियाणा भर में यह सामान्य बनी हुई है। समय पर और निर्बाध डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए स्थिति पर कड़ाई से निगरानी की जा रही है ताकि सभी घरों तक पहुंच सुनिश्चित हो सके।

अनिल कुमार सिंह ने कहा कि तेल उद्योग लॉजिस्टिक्स, स्टॉक मूवमेंट और रिटेल संचालन पर निकट समन्वय बनाए रख रहा है ताकि पूरे क्षेत्र में पेट्रोलियम उत्पादों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

जनता से आश्वस्त रहने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है और उपभोक्ताओं से सामान्य खपत के पैटर्न बनाए रखने के साथ पैनिक बायिंग से बचने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी सलाह दी कि ईंधन उपलब्धता के संबंध में सटीक और सत्यापित जानकारी के लिए केवल तेल विपणन कंपनियों द्वारा जारी आधिकारिक संचार पर ही भरोसा किया जाए।

दूरसंचार विभाग, हरियाणा एलएसए ने फतेहाबाद, हरियाणा में साइबर धोखाधड़ी और साइबर अपराध को रोकने के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया

फतेहाबाद, 16 अप्रैल 2026: दूरसंचार विभाग (डीओटी), हरियाणा एलएसए ने फतेहाबाद पुलिस के साथ समन्वय से पुलिस लाइंस, फतेहाबाद में एक उच्च प्रभाव वाले संवाद-सह-जागरूकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया। हरियाणा एलएसए के अपर महानिदेशक दूरसंचार श्री राधाचरण शाक्य और फतेहाबाद की पुलिस अधीक्षक सुश्री निकिता खट्टर ने संयुक्त रूप से बैठक की अध्यक्षता की। इस कार्यक्रम में जिले भर के पुलिस अधिकारियों, दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टीएसपी) और प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) सहित लगभग 100 लोगों ने भाग लिया।

फतेहाबाद के पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए दूरसंचार विभाग की पहल की सराहना की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वर्तमान डिजिटल युग में धोखेबाजों द्वारा उत्पन्न खतरों से निपटने के लिए साइबर अपराध को प्रभावी ढंग से रोकने और उस पर अंकुश लगाने के लिए सभी हितधारकों के बीच घनिष्ठ समन्वय की आवश्यकता है।

हरियाणा एलएसए के अपर महानिदेशक ने राष्ट्र निर्माण और माननीय प्रधानमंत्री के डिजिटल भारत के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने में सुरक्षित संचार की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने साइबर धोखाधड़ी और दूरसंचार सेवाओं के बढ़ते दुस्र्पयोग के खतरे को रेखांकित किया, सभी हितधारकों द्वारा सतर्कता और सक्रिय उपायों की आवश्यकता पर बल दिया।

इसके अलावा, दूरसंचार विभाग की विभिन्न नई पहलों पर प्रकाश डाला और दूरसंचार विभाग की प्रक्रियाओं के पालन पर जोर दिया, जिनका उल्लेख नीचे किया गया है:
• साइबर धोखाधड़ी से निपटने के उपाय:
o चोरी/दुरुपयोग किए गए उपकरणों का पता लगाने के लिए केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (सीईआईआर) का उपयोग
o नागरिक केंद्रित दूरसंचार सुरक्षा सेवाओं के लिए संचार साथी पोर्टल
o साइबर अपराध पैटर्न की पहचान करने के लिए आई4सी और एनसीआरबी के साथ सहयोग
o संदिग्ध लेन-देन को चिह्नित करने के लिए बैंकों के साथ वित्तीय जोखिम संकेतक (एफआरआई) का विकास
• नागरिक जागरूकता और रिपोर्टिंग तंत्र:
o साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की तत्काल रिपोर्टिंग के लिए 1930 हेल्पलाइन
o शिकायत दर्ज करने के लिए www.cybercrime.gov.in
o सुरक्षित बैंकिंग संचार के लिए 1600 श्रृंखला नंबरों पर जागरूकता
• संचार साथी पहल का प्रदर्शन किया गया:
o चक्षु – संदिग्ध कॉल/संदेशों की रिपोर्ट करना
o खोए/चोरी हुए मोबाइल हैंडसेट को ब्लॉक करें
o किसी के नाम पर जारी किए गए मोबाइल कनेक्शनों को जानें
o अपने मोबाइल हैंडसेट को जानें (KYM)
o रिकविन – अंतर्राष्ट्रीय कॉल पर नज़र रखना
• सिम जारी करने के दिशानिर्देश: कार्यक्रम में सिम अधिग्रहण प्रक्रिया को भी शामिल किया गया, जिसमें दुरुपयोग को रोकने के लिए PoS ऑपरेटरों और TSP के लिए आवश्यक सावधानियों पर जोर दिया गया।

दूरसंचार विभाग ने जागरूकता पहल, निवारक उपायों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों और सेवा प्रदाताओं के साथ मजबूत समन्वय के माध्यम से नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की, जिससे एक सुरक्षित, विश्वसनीय और जिम्मेदार दूरसंचार इकोसिस्टम को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यालय नियंत्रक संचार लेखा हरियाणा द्वारा प्रथम त्रैमासिक पेंशन अदालत का आयोजन

हिसार, 17 अप्रैल 2026: नियंत्रक संचार लेखा (CCA), हरियाणा दूरसंचार सर्किल, अंबाला के कार्यालय द्वारा दिनांक 17.04.2026 को कार्यालय महाप्रबंधक, बीएसएनएल, हिसार में प्रथम त्रैमासिक पेंशन अदालत तथा KYP, LC/DLC एवं आईडी कार्ड शिविर का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती शिल्पी सिन्हा, नियंत्रक संचार लेखा, हरियाणा दूरसंचार सर्किल द्वारा की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पेंशनरों ने भाग लिया तथा अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान पेंशनरों को SAMPANN सॉफ्टवेर का उमंग ऐप एवं DigiLocker के साथ एकीकरण के बारे में जानकारी दी गई, जिससे वे डिजिटल माध्यम से पेंशन सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें।

पेंशनरों के लिए एक स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें केसरी अस्पताल,हिसार के चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श प्रदान किया गया।

इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान (PMTBMBA) के अंतर्गत डॉ. धर्मेन्द्र मनडया द्वारा टीबी जागरूकता पर व्याख्यान दिया गया, जिसमें रोग की पहचान, रोकथाम एवं उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर वरिष्ठतम पेंशनरों को श्रीमती शिल्पी सिन्हा द्वारा सम्मानित किया गया, जिससे उनके योगदान को सराहा गया।

यह आयोजन पेंशनरों के कल्याण, जागरूकता एवं सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में कार्यालय नियंत्रक संचार लेखा, हरियाणा की एक महत्वपूर्ण पहल है।

हरियाणा के राज्यपाल ने जनगणना 2027 के लिए लोगों से स्व-गणना करने के लिए की अपील 

सभी हरियाणावासी अपने स्व-गणना करें — प्रो. असीम कुमार घोष

चंडीगढ़/सत्ता संदेश

 निदेशक, जनगणना एवं नागरिक पंजीकरण (हरियाणा), गृह मंत्रालय द्वारा आज माननीय राज्यपाल हरियाणा, प्रो. अशीम कुमार घोष से शिष्टाचार भेंट की गई तथा उन्हें जनगणना 2027 से संबंधित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर जनगणना गतिविधियों से संबंधित एक कैलेंडर भी जारी किया गया। हरियाणा राज्य में स्व-गणना (Self-Enumeration) की सुविधा 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक उपलब्ध रहेगी। सभी नागरिक मोबाइल, टैबलेट या कंप्यूटर के माध्यम से घर बैठे Self-Enumeration पोर्टल पर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। यह एक सरल, सुरक्षित एवं आधुनिक पहल है। इसके पश्चात, 1 मई से 30 मई 2026 तक पूरे राज्य में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (Houselisting Operations) के अंतर्गत प्रगणक प्रत्येक घर का दौरा करेंगे।
इस मौके पर माननीय राज्यपाल हरियाणा ने श्री ललित जैन, निर्देशक, जनगणना विभाग, हरियाणा तथा उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह विश्व की सबसे बड़ी प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके आंकड़ों के आधार पर हरियाणा के विकास की दिशा और नीति निर्धारित की जाएगी।

राज्यपाल ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्व-गणना का अधिक से अधिक उपयोग करें, क्योंकि यह अत्यंत सुविधाजनक एवं सुगम है। इससे समय और संसाधनों की बचत भी होगी।

अंत में, प्रो. घोष ने सभी हरियाणा निवासियों से अपील की कि वे जनगणना कर्मचारियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें, ताकि यह महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।