ब्रेकिंग न्यूज़
हरियाणा के राज्यपाल ने जनगणना 2027 के लिए लोगों से स्व-गणना करने के लिए की अपील 

सभी हरियाणावासी अपने स्व-गणना करें — प्रो. असीम कुमार घोष

चंडीगढ़/सत्ता संदेश

 निदेशक, जनगणना एवं नागरिक पंजीकरण (हरियाणा), गृह मंत्रालय द्वारा आज माननीय राज्यपाल हरियाणा, प्रो. अशीम कुमार घोष से शिष्टाचार भेंट की गई तथा उन्हें जनगणना 2027 से संबंधित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर जनगणना गतिविधियों से संबंधित एक कैलेंडर भी जारी किया गया। हरियाणा राज्य में स्व-गणना (Self-Enumeration) की सुविधा 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक उपलब्ध रहेगी। सभी नागरिक मोबाइल, टैबलेट या कंप्यूटर के माध्यम से घर बैठे Self-Enumeration पोर्टल पर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। यह एक सरल, सुरक्षित एवं आधुनिक पहल है। इसके पश्चात, 1 मई से 30 मई 2026 तक पूरे राज्य में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (Houselisting Operations) के अंतर्गत प्रगणक प्रत्येक घर का दौरा करेंगे।
इस मौके पर माननीय राज्यपाल हरियाणा ने श्री ललित जैन, निर्देशक, जनगणना विभाग, हरियाणा तथा उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह विश्व की सबसे बड़ी प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके आंकड़ों के आधार पर हरियाणा के विकास की दिशा और नीति निर्धारित की जाएगी।

राज्यपाल ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्व-गणना का अधिक से अधिक उपयोग करें, क्योंकि यह अत्यंत सुविधाजनक एवं सुगम है। इससे समय और संसाधनों की बचत भी होगी।

अंत में, प्रो. घोष ने सभी हरियाणा निवासियों से अपील की कि वे जनगणना कर्मचारियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें, ताकि यह महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

फरीदाबाद में दिल दहला देने वाली घटना: 50 तक के गिनती न लिख पाने पर पिता ने 4 साल की मासूम बेटी को पीट-पीटकर मार डाला

नेशनल डेस्क: दिल्ली से सटे फरीदाबाद के सेक्टर-58 थाना इलाके में पिता-बेटी के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाला एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने अपनी 4 साल की मासूम बेटी को सिर्फ इसलिए मार डाला क्योंकि वह 1 से 50 तक के गिनती नहीं लिख पाई थी।

मामूली बात पर खोया आपा: पुलिस पूछताछ और जांच में पता चला कि आरोपी पिता 31 साल का कृष्ण जायसवाल अपनी बेटी को घर पर पढ़ा रहा था। उसने बच्ची को कागज के एक टुकड़े पर 50 तक के गिनती लिखने का टास्क दिया था। जब मासूम बच्ची यह टास्क पूरा नहीं कर पाई तो कृष्ण अपना आपा खो बैठा और बच्ची को बेरहमी से पीटने लगा। बच्ची के सिर और शरीर के दूसरे हिस्सों पर गंभीर चोटें आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

मां के घर लौटने पर खुलासा: यह घटना 21 जनवरी की है, जिसका खुलासा शुक्रवार को पुलिस जांच के बाद हुआ। शाम को जब लड़की की मां काम से घर लौटी तो उसने अपनी बेटी की बेजान बॉडी देखी। घर का माहौल और पति का बर्ताव देखकर उसे कुछ अजीब सा शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को इन्फॉर्म किया गया।

आरोपी पुलिस रिमांड पर: पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी पिता को अरेस्ट कर लिया, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सोनभद्र का रहने वाला है। कोर्ट ने आरोपी कृष्णा जायसवाल को एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आरोपी ने पहले भी लड़की के साथ ऐसी हैवानियत की है।