अबोहर : सीवरेज समस्या को लेकर कांग्रेस का रोष प्रदर्शन, निगम गेट पर जड़ा ताला
अबोहर / सत्ता संदेश
अबोहर में लंबे समय से बनी सीवरेज समस्या के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार को रोष रैली निकालकर धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस के वरिष्ठ जिला उपप्रधान सुधीर भादू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और शहरवासियों ने नगर निगम के मेन गेट पर ताला लगाकर निगम कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया।
प्रदर्शन की शुरुआत बाजार नंबर-9 स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक से हुई। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद रोष रैली निकाली और नगर निगम कार्यालय पहुंचे।
धरने को संबोधित करते हुए सुधीर भादू ने कहा कि अबोहर शहर के अधिकांश इलाकों में सीवरेज व्यवस्था चरमराई हुई है। सीवरेज जाम होने के कारण कई क्षेत्रों में महीनों से दूषित पानी जमा है, जिसके चलते लोगों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हालात इतने खराब हैं कि लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।
भादू ने आरोप लगाया कि शहर के कई इलाकों में घरों तक पहुंचने वाला पानी भी दूषित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसके कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जनता ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए नेताओं और पार्षदों को चुना था, लेकिन अब लोगों की समस्याओं की सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने भाजपा विधायक समेत अन्य जनप्रतिनिधियों से अबोहर की सीवरेज समस्या का तत्काल समाधान करवाने की मांग की।
सुधीर भादू ने चेतावनी दी कि जब तक नगर निगम कमिश्नर या मेयर धरनास्थल पर पहुंचकर लोगों की समस्याएं नहीं सुनते और उनके समाधान के लिए ठोस कार्रवाई शुरू नहीं करते, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।

