ब्रेकिंग न्यूज़
19 सितंबर को माछीवाड़ा साहिब पहुंचेगी नशा मुक्त पंजाब यात्रा, दशहरा मैदान में बड़ी रैली

बीजेपी की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ 19 सितंबर को फतेहगढ़ साहिब से शुरू होकर माछीवाड़ा साहिब पहुंचेगी। दशहरा मैदान में रैली आयोजित होगी, रेखा गुप्ता भी होंगी शामिल।

माछीवाड़ा साहिब / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : जसबीर सिंह अलबेला

पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बीजेपी की ओर से निकाली जा रही ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ 19 सितंबर को फतेहगढ़ साहिब से शुरू होगी। यात्रा में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल होंगी और इसके बाद यह माछीवाड़ा साहिब पहुंचेगी।

माछीवाड़ा साहिब के दशहरा मैदान में यात्रा के स्वागत के मौके पर बड़ी रैली का आयोजन किया जा रहा है। रैली की तैयारियों को लेकर बीजेपी के वरिष्ठ नेता नीशू शर्मा ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ तैयारियों का जायजा लिया।

नीशू शर्मा के अनुसार, यात्रा 19 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे माछीवाड़ा साहिब पहुंचेगी। इससे पहले यात्रा में शामिल बीजेपी के वरिष्ठ नेता ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री चरण कंवल साहिब में नतमस्तक होंगे।

उन्होंने बताया कि रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से क्षेत्र के गांवों में बैठकें की जा रही हैं। इसके साथ ही लोगों से संपर्क कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।

बीजेपी नेता के मुताबिक, हलका समराला में ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के तहत माछीवाड़ा साहिब, समराला और गांव चहलां में तीन रैलियां आयोजित की जाएंगी।

नीशू शर्मा ने पंजाब में नशे के मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार नशे की समस्या को खत्म करने में सफल नहीं रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की यात्रा का उद्देश्य नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करना और पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी बढ़ाना है।

बीजेपी ने राज्य में नशे के खिलाफ चार ‘नशा मुक्त पंजाब यात्राओं’ का कार्यक्रम घोषित किया है। पार्टी के अनुसार, ये यात्राएं अलग-अलग मार्गों से होकर पंजाब के विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेंगी।