क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन: लंबे समय से कैंसर से थे बीमार; पिता की बिगड़ती हालत देख बीच में छोड़ा था टी20 वर्ल्ड कप का साथ
स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता खचंद्र सिंह का शुक्रवार, 27 फरवरी 2026 को निधन हो गया। वे काफी लंबे समय से स्टेज-4 लिवर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उन्होंने ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में अंतिम सांस ली।
अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे खचंद्र सिंह : जानकारी के मुताबिक, खचंद्र सिंह की हालत पिछले कई दिनों से बेहद नाजुक बनी हुई थी। उन्हें अस्पताल में मैकेनिकल वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था और लगातार ‘रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी’ दी जा रही थी। डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी निगरानी कर रही थी, लेकिन उनकी स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।
पिता के लिए रिंकू ने छोड़ा था प्रैक्टिस सेशन : रिंकू सिंह टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया के साथ चेन्नई में थे। मंगलवार, 24 फरवरी को जब टीम इंडिया का प्रैक्टिस सेशन चल रहा था, तब रिंकू सिंह पिता की खराब सेहत की खबर मिलते ही अभ्यास छोड़कर तुरंत नोएडा रवाना हो गए थे। वह इस वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज और सुपर-8 के मैचों का हिस्सा रहे थे, हालांकि हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ हुए मैच में उन्हें प्लेइंग XI में शामिल नहीं किया गया था।
28 वर्षीय रिंकू सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के रहने वाले हैं। उनके पिता के निधन पर खेल जगत और उनके प्रशंसकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

