LPU हिंसा मामले में 9 गिरफ्तार, 7 छात्र शामिल; पुलिस ने 40 संदिग्धों की पहचान की
जालंधर / सत्ता संदेश
फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में 27 और 28 सितंबर को हुए हिंसक प्रदर्शन, तोड़फोड़ और आगजनी के मामले में पंजाब पुलिस ने अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 7 LPU के छात्र हैं, जबकि 2 अन्य लोग बाहरी बताए गए हैं। पुलिस ने मामले में 20 लोगों को नामजद किया है और जांच के दौरान 40 से अधिक संदिग्धों की पहचान किए जाने की बात कही है।
जालंधर रेंज के DIG नवीन सिंगला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि 26 सितंबर को सोशल मीडिया पर एक मैसेज वायरल होने के बाद छात्रों में रोष बढ़ा और अगले दिन प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान यूनिवर्सिटी परिसर में तोड़फोड़ हुई, वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और आगजनी की घटनाएं सामने आईं। छात्रों ने जालंधर-फगवाड़ा नेशनल हाईवे भी जाम कर दिया था।
पुलिस के मुताबिक हिंसा के दौरान पुलिसकर्मियों पर भी हमला किया गया। DIG नवीन सिंगला ने कहा कि पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान CCTV फुटेज, सोशल मीडिया सामग्री, समाचार चैनलों की वीडियो फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए 9 लोगों में 7 छात्र शामिल हैं। इनमें एक नाबालिग भी है, जिसकी तस्वीर यूनिवर्सिटी के गेट के पास लगे MiG-23 विमान के ऊपर चढ़ने के दौरान सामने आई थी। गिरफ्तार किए गए दो बाहरी आरोपियों की पहचान फगवाड़ा निवासी गगनदीप और जस्मीत कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में 20 आरोपियों को FIR में नामजद किया गया है, जबकि जांच के दौरान 40 से अधिक संदिग्धों की पहचान हुई है। पुलिस डिजिटल और CCTV साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
वहीं, LPU में प्रदर्शन की शुरुआत एक छात्रा से कथित दुष्कर्म और आत्महत्या से जुड़े सोशल मीडिया दावों के बाद हुई थी। पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इन दावों की जांच के लिए अलग से SIT गठित की है। पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान DIG नवीन सिंगला के साथ कपूरथला के SSP गौरव तूरा और SIT से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस ने कहा है कि हिंसा और तोड़फोड़ में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है।

