ब्रेकिंग न्यूज़
कनाडा: पेट्रोल की जगह गाड़ियों में भर दिया ‘पानी’; पंजाबी मूल के मालिक का पंप सील, 18 गाड़ियां हुई खराब

इंटरनेशनल डेस्क: कनाडा के ओंटारियो स्थित एलमवेल (Elmvale) में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक पेट्रोल पंप से तेल भरवाने के बाद कई गाड़ियां रास्ते में ही बंद हो गईं। जांच में पता चला कि पेट्रोल के नाम पर गाड़ियों के टैंक में 50% से ज्यादा पानी भर दिया गया था।

18 गाड़ियां हुई खराब: क्रॉसलैंड्स रोड स्थित ‘एसो’ (Esso) स्टेशन से पेट्रोल भरवाने के तुरंत बाद करीब 18 ग्राहकों की गाड़ियां कुछ ही किलोमीटर चलकर बंद हो गईं। मैकेनिक्स ने जब फ्यूल टैंक खोला तो वह पानी से भरा हुआ था, जिससे इंजन ‘हाइड्रोलिक लॉक’ हो गए।

लाखों का रिपेयर बिल: इस लापरवाही के कारण ग्राहकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रभावित लोगों को 16 हजार से लेकर 4 लाख रुपये तक के रिपेयर बिल का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: शिकायतों के बाद सरकारी संस्था TSSA (टेक्निकल स्टैंडर्ड्स एंड सेफ्टी अथॉरिटी) ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्टेशन को सील कर दिया है। जांच में अंडरग्राउंड टैंकों में पानी के रिसाव की पुष्टि हुई है।

पंप मालिक का पक्ष: पंप के मालिक, पंजाबी मूल के सुखविंदर कंधोला का कहना है कि यह सब एक तकनीकी खराबी की वजह से हुआ है। उनका ऑटोमैटिक मॉनिटरिंग सिस्टम पानी के रिसाव का पता लगाने में फेल रहा। उन्होंने ग्राहकों से माफी मांगते हुए इंश्योरेंस के जरिए क्लेम सेटल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

नस्लवाद (Racism) का मुद्दा: यह मामला तब और बढ़ गया जब मालिक ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्हें सोशल मीडिया पर नस्लीय टिप्पणियों और हेट कमेंट्स का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनका मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। हालांकि, नाराज ग्राहकों का कहना है कि असली पीड़ित वे परिवार हैं जिनकी गाड़ियां खराब हुई हैं।