ब्रेकिंग न्यूज़
Ludhiana Encounter: आत्म पार्क में AGTF और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़, 25 राउंड फायरिंग

लुधियाना के आत्म पार्क में AGTF और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ की सूचना है। दोनों तरफ से करीब 25 राउंड फायरिंग हुई। पुलिस ने इलाके को सील कर जांच शुरू की।

लुधियाना / सत्ता संदेश

रिपोर्ट: विशाल कपूर

पंजाब के लुधियाना में रविवार को आत्म पार्क इलाके में एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ की सूचना सामने आई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों तरफ से करीब 25 राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की कार्रवाई में दो गैंगस्टरों के मारे जाने की सूचना है।

जानकारी के अनुसार, AGTF की टीम जब आत्म पार्क इलाके में पहुंची तो वहां मौजूद संदिग्ध गैंगस्टरों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलीबारी की। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया और मौके से हथियार तथा गोलियों के खोल बरामद किए गए हैं।

घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा के मुताबिक, विदेश में बैठे गैंगस्टर टोनी बल ने इन दोनों गैंगस्टरों को ऑटोमैटिक हथियार मुहैया करवाए थे। शुरुआती पुलिस जांच में इस मामले के तार विदेश में बैठे गैंगस्टर टोनी बल के नेटवर्क से जुड़े होने की बात सामने आई है।

पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या दोनों गैंगस्टरों को किसी वारदात को अंजाम देने के लिए भेजा गया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक रवि ख्वाजका की याद में आयोजित किए जा रहे एक रक्तदान कैंप में किसी व्यक्ति को निशाना बनाने की कथित योजना की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। मुठभेड़ में मारे गए दोनों संदिग्धों की पहचान और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी। मामले में पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

Ludhiana : सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान, DIG ने किया दौरा

लुधियाना / सत्ता संदेश

लुधियाना रेंज के DIG गुरसेवक सिंह बराड़ ने आज अलग-अलग थानों के पुलिस अधिकारियों और एरिया ACP के साथ लुधियाना मेट्रोपोलिस के कई इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शहर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस टीमों ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पार्किंग में खड़े वाहनों की फिजिकल और तकनीकी तरीके से जांच की गई। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया।

DIG गुरसेवक सिंह बराड़ ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि लुधियाना पुलिस की यह चेकिंग ड्राइव आगे भी लगातार जारी रहेगी। शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाकर लगातार निगरानी की जाएगी।

अमृतसर में सुरक्षा कड़ी: 1000 पुलिसकर्मी तैनात, रात 12 बजे के बाद रेस्टोरेंट पर सख्ती

अमृतसर में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। 68 पुलिस बीट पर करीब 1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती, रात में स्पेशल चेकिंग और नाइट डोमिनेशन प्लान लागू किया गया।

रिपोर्ट : विक्रमजीत सिंह / तरजिंदर सिंह

अमृतसर / सत्ता संदेश

शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए अमृतसर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। पुलिस कमिश्नर अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल, IPS के निर्देशों पर शहर में विशेष चेकिंग अभियान के साथ-साथ दिन-रात डोमिनेशन प्लान लागू किया गया है।

रंजीत एवेन्यू स्थित स्टारबक्स के पास डी-ब्लॉक में बनाए गए चेकपॉइंट पर चेकिंग के दौरान DCP ऑपरेशंस जुगराज सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस की टीमों और संबंधित थानों के SHO द्वारा संयुक्त रूप से वाहनों की जांच की जा रही है।

पुलिस की ओर से वाहनों पर लगी काली फिल्म, आपत्तिजनक या नियमों का उल्लंघन करने वाले स्टिकर तथा अन्य ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि चेकिंग का मुख्य उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और शहर में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

रात 12 बजे के बाद रेस्टोरेंट और फूड पॉइंट पर सख्ती

पुलिस कमिश्नर के निर्देशों के अनुसार अमृतसर शहर में सभी खाने-पीने की दुकानें, फूड पॉइंट और रेस्टोरेंट रात 12 बजे के बाद खुले नहीं रहेंगे। निर्धारित समय के बाद कारोबार जारी रखने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही वाहनों में जानलेवा हथियार या संदिग्ध सामान लेकर चलने वालों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। चेकिंग के दौरान यदि किसी व्यक्ति के पास हथियार या कोई संदिग्ध वस्तु बरामद होती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

तेज म्यूजिक बजाने वालों पर भी पुलिस की नजर

शहर में सार्वजनिक शांति बनाए रखने के लिए तेज आवाज में म्यूजिक बजाने वालों पर भी पुलिस नजर रख रही है। पुलिस के मुताबिक वाहनों या सार्वजनिक स्थानों पर तेज म्यूजिक बजाकर लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

68 पुलिस बीट पर दिन-रात डोमिनेशन

DCP ऑपरेशंस के अनुसार अमृतसर शहर में कुल 68 पुलिस बीट पर दिन-रात डोमिनेशन प्लान के तहत पुलिस बल तैनात किया गया है। EVR, PCR, QRT वाहनों, नाकाबंदी और पेट्रोलिंग प्वाइंट्स समेत अलग-अलग सुरक्षा व्यवस्थाओं में करीब 1000 पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं।

पुलिस टीमें लगातार शहर में पेट्रोलिंग कर रही हैं और संवेदनशील तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच की जा रही है। नाकाबंदी के साथ-साथ प्रमुख स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस नाइट डोमिनेशन प्लान का उद्देश्य शहर में आपराधिक गतिविधियों को रोकना, संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करना और आम लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।

कानून तोड़ने वालों को नहीं मिलेगी छूट

अमृतसर के पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल, IPS ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के साथ कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। पुलिस का फोकस अपराध पर नियंत्रण के साथ-साथ शहर में शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने पर है।

अमृतसर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे कानून और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, रात के समय निर्धारित समय-सीमा का सम्मान करें और शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में पुलिस का सहयोग करें।

Machhiwara Sahib : पिस्टल से हवाई फायर करना युवक को पड़ा भारी, पुलिस ने दबोचा

Report : जसबीर सिंह अलबेला

माछीवाड़ा साहिब / सत्ता संदेश

नजदीकी गांव बहलोलपुर के एक युवक को पिस्तौल से हवाई फायरिंग कर उसकी वीडियो सोशल मीडिया पर स्टेटस लगाना भारी पड़ गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

थाना प्रभारी करमजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव बहलोलपुर निवासी बिक्रमजीत सिंह ने अपने मोबाइल पर ऐसा स्टेटस लगाया है, जिसमें वह पिस्तौल से तीन हवाई फायर करता हुआ दिखाई दे रहा है।

पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि युवक के पास पिस्तौल का कोई लाइसेंस नहीं है। बताया जा रहा है कि युवक ने हवाई फायरिंग की वीडियो खुद बनाई और उस पर एक गाना लगाकर सोशल मीडिया पर स्टेटस के रूप में अपलोड कर दी।

वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद गांव में डर और दहशत का माहौल पैदा होने की बात सामने आई। पुलिस ने सूचना मिलते ही कार्रवाई करते हुए बिक्रमजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक के पास मौजूद हथियार किस व्यक्ति का है। इसके अलावा पुलिस वीडियो की भी जांच कर रही है कि इसे कब, कहां और किस उद्देश्य से बनाया गया था।

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन और हवाई फायरिंग कर वीडियो अपलोड करना कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर मामला है। पुलिस ऐसे मामलों में कार्रवाई जारी रखने की बात कह रही है।

Machhiwara : पड़ोसी के घर चोरी का आरोप, युवक गिरफ्तार; नकदी बरामद

माछीवाड़ा पुलिस ने पड़ोसी के घर में चोरी करने के कथित मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आकाशदीप सिंह उर्फ घोगड़ निवासी माछीवाड़ा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से चोरी की नकदी बरामद की गई है।

माछीवाड़ा / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : जसबीर सिंह अलबेला

थाना प्रभारी करमजीत सिंह ने बताया कि खुल्लरां मोहल्ला निवासी पंकज कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, पंकज कुमार रात को परिवार के साथ खाना खाने के बाद सो गए थे। तड़के जब वह बाथरूम जाने के लिए उठे तो उन्होंने अपने पड़ोसी आकाशदीप सिंह को घर की दीवार फांदकर भागते हुए देखा।

पंकज कुमार के मुताबिक, इसके बाद जब उन्होंने कमरे में जाकर सामान की जांच की तो उनकी मां के बैग से सोने की दो बालियां और कुछ नकदी गायब मिली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आकाशदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

थाना प्रभारी के अनुसार, सहायक थानेदार जरनैल सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाशदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की नकदी भी बरामद की है।

पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान पूछताछ कर चोरी किए गए सोने के गहनों की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए उसने कथित तौर पर पड़ोसी के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर चोरी के अन्य सामान की बरामदगी की कोशिश की जा रही है।

Mansa : नए SSP वैभव चौधरी ने संभाला पदभार, गैंगस्टरों और नशा तस्करों पर सख्ती

मानसा / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : बिट्टू बुढलाडा

पंजाब सरकार द्वारा पंजाब पुलिस में किए गए तबादलों के तहत वैभव चौधरी ने मानसा के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के रूप में पदभार संभाल लिया है। मानसा पहुंचने पर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पंजाब पुलिस की ओर से उन्हें सलामी भी दी गई।

पदभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए SSP वैभव चौधरी ने कहा कि मानसा जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य सेवा भावना के साथ आम लोगों को न्याय दिलाना और उन्हें बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध करवाना है।

SSP ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशे के खिलाफ युद्ध को और प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत गैंगस्टरों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी व्यक्ति को नशा बेचने या कानून-व्यवस्था भंग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

वैभव चौधरी ने कहा कि हर व्यक्ति को बराबर न्याय दिलाना पंजाब पुलिस का कर्तव्य है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस कार्यालय में अपनी समस्या लेकर आने वाला कोई भी व्यक्ति निराश होकर वापस नहीं जाएगा। सभी लोगों को समान अधिकार और निष्पक्ष पुलिस सेवा उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

नए SSP ने जिले की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि लोगों को जाम और अन्य ट्रैफिक समस्याओं से राहत मिल सके।

उन्होंने शरारती तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि कानून अपने हाथ में लेने या किसी भी तरह की शरारत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहेगी।

SSP वैभव चौधरी ने सोशल मीडिया पर गैंगस्टरों को फॉलो करने वाले युवाओं से भी अपील की कि वे ऐसी गतिविधियों से दूर रहें। उन्होंने युवाओं को गैंगस्टर संस्कृति को बढ़ावा नहीं देने और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

Free Fire खेलने से रोका तो घर छोड़ निकले तीन स्टूडेंट्स, राजस्थान से सुरक्षित बरामद

माछीवाड़ा साहिब / सत्ता संदेश

फ्री फायर गेम खेलने से रोकने पर घर से निकले माछीवाड़ा साहिब के दो स्टूडेंट्स और लुधियाना के उनके एक दोस्त को खन्ना पुलिस ने राजस्थान पुलिस की मदद से सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस की टेक्निकल जांच और राजस्थान पुलिस के सहयोग से तीनों युवकों को राजस्थान में रहने वाले उनके दोस्त के घर से बरामद किया गया।

बरामद किए गए युवकों की पहचान उत्कर्ष और वरुण कुमार, निवासी माछीवाड़ा साहिब, तथा मोहित कुमार, निवासी गिल रोड, लुधियाना के रूप में हुई है।

20 अगस्त को कार लेकर जयपुर गए थे

खन्ना के SP पवनजीत सिंह चौधरी के अनुसार, 20 अगस्त को वरुण कुमार अपने घर से कार लेकर अपने दोस्तों उत्कर्ष और मोहित कुमार के साथ जयपुर, राजस्थान के लिए निकला था। इसके बाद तीनों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए।

मोबाइल बंद होने के कारण परिवार के लोग बेहद परेशान हो गए और उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना दी। शिकायत मिलने के बाद खन्ना पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी।

Gmail और IMEI से मिली लोकेशन की जानकारी

पुलिस की टेक्निकल टीम ने युवकों की तलाश के लिए कई तकनीकी तरीकों का इस्तेमाल किया। जांच के दौरान युवकों की Gmail ID से जुड़े तकनीकी सुराग, CDR एनालिसिस और IMEI सर्च से पुलिस को अहम जानकारी मिली।

पुलिस ने ऑनलाइन गेम से जुड़ी प्रोफाइल और Gmail से मिले IMEI नंबरों को भी जांच का हिस्सा बनाया। इन तकनीकी सुरागों की मदद से पुलिस राजस्थान में युवकों की लोकेशन तक पहुंचने में कामयाब रही।

राजस्थान पुलिस ने दोस्त के घर से किया बरामद

लोकेशन का पता चलने के बाद खन्ना पुलिस ने राजस्थान पुलिस से संपर्क किया और संदिग्ध लोकेशन की जानकारी साझा की। इसके बाद राजस्थान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों को राजस्थान में रहने वाले उनके दोस्त शिखर के घर से सुरक्षित बरामद कर लिया।

तीनों युवकों के सुरक्षित मिलने के बाद उनके परिवारों ने राहत की सांस ली।

Free Fire खेलने से रोकने पर घर से निकले थे

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि तीनों युवक ऑनलाइन गेम Free Fire खेलने से माता-पिता द्वारा रोकने के बाद घर से चले गए थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवकों से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

खन्ना पुलिस की इस कार्रवाई में टेक्निकल टीम की भूमिका अहम रही, जिसने डिजिटल सुरागों के जरिए राजस्थान तक युवकों की लोकेशन ट्रेस की और राजस्थान पुलिस के साथ समन्वय कर उन्हें सुरक्षित बरामद कराया।

संगरूर पुलिस ने मोबाइल टावर इक्विपमेंट चोरी करने वाले इंटरस्टेट गैंग का किया पर्दाफाश

संगरुर / सत्ता संदेश

पंजाब में मोबाइल टावरों से महंगे उपकरण चोरी करने वाले एक इंटरस्टेट गैंग का संगरूर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। CIA स्टाफ संगरूर ने कार्रवाई करते हुए गैंग के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 करोड़ रुपये की कीमत के 16 GUC कार्ड, वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्विफ्ट कार, एक टेंपो और चोरी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए हैं।

मोबाइल टावरों से चोरी की लगातार मिल रही थीं शिकायतें

जिला पुलिस अधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि पिछले कुछ समय से अलग-अलग जिलों में मोबाइल टावरों से महंगे और कीमती इक्विपमेंट चोरी होने की शिकायतें सामने आ रही थीं। इन घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस को एक सक्रिय इंटरस्टेट गैंग के बारे में सुराग मिला।

जांच आगे बढ़ने पर CIA स्टाफ ने गैंग के सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 16 GUC कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक ये कार्ड मोबाइल टावरों की मेन प्रोसेसिंग यूनिट का अहम हिस्सा होते हैं। एक GUC कार्ड की कीमत करीब 5 से 6.5 लाख रुपये बताई जा रही है।

टावर रिपेयर की तकनीकी जानकारी का उठाया फायदा

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले मोबाइल टावरों की रिपेयरिंग का काम करते थे। इसी वजह से उन्हें टावरों में लगे महंगे उपकरणों और उनकी तकनीकी जानकारी के बारे में अच्छी जानकारी थी। आरोपियों ने इसी अनुभव का फायदा उठाकर अलग-अलग जगहों पर मोबाइल टावरों को निशाना बनाया।

पुलिस के अनुसार, गैंग ने पंजाब के कई जिलों के अलावा संगरूर, पटियाला, बरनाला, लुधियाना और मलेरकोटला में भी वारदातें की थीं। इसके अलावा दूसरे राज्यों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है।

दिल्ली में बिचौलियों के जरिए बेचते थे चोरी का सामान

पुलिस के मुताबिक गैंग के सदस्य मोबाइल टावरों से चोरी किए गए महंगे उपकरणों को दिल्ली में बिचौलियों के जरिए बेचते थे। अब पुलिस दिल्ली में मौजूद खरीदारों और गैंग से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए छापेमारी कर रही है।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के जरिए इस पूरे नेटवर्क की सप्लाई चेन और आरोपियों द्वारा की गई अन्य वारदातों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

तीन आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवप्रीत सिंह उर्फ शेरोन, सलीम निवासी मुजफ्फरनगर और रियाजुद्दीन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार लवप्रीत सिंह उर्फ शेरोन के खिलाफ पहले से चार मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गैंग में कितने लोग शामिल हैं और पंजाब समेत अन्य राज्यों में कितनी वारदातों को अंजाम दिया गया है।

मुख्य बिंदु:

  • संगरूर CIA स्टाफ की बड़ी कार्रवाई
  • मोबाइल टावर चोरी करने वाला इंटरस्टेट गैंग गिरफ्तार
  • करीब 1 करोड़ रुपये का सामान बरामद
  • 16 GUC कार्ड पुलिस के कब्जे में
  • एक GUC कार्ड की कीमत 5 से 6.5 लाख रुपये
  • स्विफ्ट कार, टेंपो और चोरी के औजार बरामद
  • पंजाब के कई जिलों में वारदातों का आरोप
  • दिल्ली में बिचौलियों के जरिए बेचते थे चोरी का सामान
  • तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने 240 एलप्राजोलम की नशीली गोलियों के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार

माछीवाड़ा / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : जसबीर सिंह अलबेला

माछीवाड़ा साहिब। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत माछीवाड़ा साहिब पुलिस ने एक व्यक्ति को 240 नशीली गोलियों समेत गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मनप्रीत सिंह उर्फ मोना पुत्र सरबजीत सिंह, निवासी चरन कमल चौक, रोपड़ रोड, माछीवाड़ा साहिब के रूप में हुई है।

समराला के डीएसपी प्रितपाल सिंह ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि थाना माछीवाड़ा साहिब के एसएचओ की टीम, सब-इंस्पेक्टर जरनैल सिंह के नेतृत्व में पुलिस कर्मचारियों के साथ इलाके में चेकिंग कर रही थी। पुलिस टीम रत्तीपुर से गुरुद्वारा श्री किरपान भेट साहिब होते हुए माछीवाड़ा साहिब की ओर आ रही थी।

इसी दौरान गुरुद्वारा श्री किरपान भेट साहिब से कुछ आगे पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान मनप्रीत सिंह उर्फ मोना को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 240 एलप्राजोलम 0.5 की गोलियां बरामद हुईं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मामले की आगे जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ मोना के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशीली गोलियों की सप्लाई और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

मजाक से शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में बदला, Blinkit वर्कर पर चेन से हमला

अमृतसर / सत्ता संदेश

अमृतसर। अमृतसर में Blinkit कंपनी से जुड़े दो युवकों के बीच मामूली मजाक को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवक पर मेटल की चेन से हमला किया गया, जिससे उसके सिर और आंख के पास गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक को गुरु नानक हॉस्पिटल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पीड़ित परिवार के अनुसार, दोनों युवक Blinkit में काम करते हैं। काम के दौरान एक युवक द्वारा दूसरे के पिता को लेकर किए गए मजाक के बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई। परिवार का आरोप है कि इसके बाद दूसरे पक्ष के युवक ने उनके बेटे के साथ मारपीट की और उसे चोटिल कर दिया।

मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद दोनों पक्षों को अपना पक्ष रखने के लिए थाने बुलाया गया। इसी दौरान थाने के अंदर ही दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने हो गए और उनके बीच बहस शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर माहौल को शांत कराया।

परिवार ने पुलिस पर लगाए पक्षपात के आरोप

घायल युवक के परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि उन पर समझौता करने का दबाव बनाया गया। परिवार ने दावा किया कि थाने में हंगामे के बाद दोनों पक्षों के लोगों को बैठाया गया था, लेकिन बाद में दूसरे पक्ष के कुछ लोगों को छोड़ दिया गया, जबकि उनके परिवार के सदस्यों को अंदर रखा गया।

पीड़ित परिवार ने इसे पक्षपात बताते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिवार की मांग है कि हमले के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और यदि उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ कोई कानूनी आधार नहीं बनता है तो उन्हें रिहा किया जाए।

पुलिस ने आरोपों पर दी सफाई

दूसरी ओर, पुलिस अधिकारी ने परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि दोनों पक्षों को बातचीत और मामले की जांच के लिए बुलाया गया था। पुलिस ने इस आरोप से भी इनकार किया कि घायल युवक को अस्पताल से छुट्टी मिले बिना थाने लाया गया था। पुलिस के अनुसार, बातचीत के लिए परिवार के सदस्यों को बुलाया गया था।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। MLR (मेडिको-लीगल रिपोर्ट), शिकायत और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल घायल युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में दोनों पक्षों के आरोपों और पुलिस जांच के बाद ही विवाद की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।