ब्रेकिंग न्यूज़
पंजाब पुलिस की स्पेशल यूनिट्स की CM मान ने की समीक्षा, गैंगस्टर-ड्रग नेटवर्क पर बड़े ऑपरेशन के निर्देश

पंजाब CM भगवंत मान ने पुलिस की CI, AGTF और ANTF इकाइयों की समीक्षा की। 8 महीनों में 10 विदेशी भगोड़ों को भारत लाने और गैंगस्टर-ड्रग नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई पर जोर।

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को पंजाब पुलिस की प्रमुख विशेष इकाइयों के कामकाज और उनकी परिचालन तैयारियों की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में काउंटर इंटेलिजेंस (CI), एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) द्वारा चलाए जा रहे जमीनी अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पुलिस अधिकारियों को पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर लगातार बड़े ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गैंगस्टरवाद, संगठित अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को पंजाब से जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस को पूरी मजबूती के साथ कार्रवाई जारी रखनी होगी।

बैठक के दौरान प्रवासी भगोड़े ट्रैकिंग और प्रत्यर्पण प्रकोष्ठ (OFTEC) के प्रदर्शन की भी विशेष रूप से समीक्षा की गई। पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 में स्थापित इस विशेष प्रकोष्ठ ने महज आठ महीनों में विदेशों में छिपे 10 भगोड़ों को भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है।

इनमें से 9 आरोपियों को प्रत्यर्पण प्रक्रिया के माध्यम से भारत लाया गया, जबकि एक आरोपी को कानूनी प्रक्रिया के तहत वापस लाया गया। OFTEC का नेतृत्व IG आशीष चौधरी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस व्यवस्था को मजबूत करने में AIG डी. सुदरवी और SP दीपिका सिंह के प्रयासों की सराहना की।

मोल्दोवा से अमृत दलम को लाने में सफलता

बैठक के दौरान SP बिक्रम बराड़ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक विशेष स्मृति चिन्ह भेंट किया। पुलिस के अनुसार, यह स्मृति चिन्ह मोल्दोवा गणराज्य के अधिकारियों द्वारा पंजाब पुलिस को दिया गया था।

पंजाब पुलिस ने मोल्दोवा प्रशासन के साथ समन्वय करते हुए कुख्यात जग्गू भगवानपुरिया गिरोह के प्रमुख सक्रिय सदस्य अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत दलम को यूरोप के मोल्दोवा से कानूनी प्रत्यर्पण प्रक्रिया के जरिए भारत वापस लाया था।

AGTF के ऑपरेशन की मुख्यमंत्री ने की सराहना

मुख्यमंत्री ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) की कार्यशैली और राज्य में गैंगस्टरों के नेटवर्क को कमजोर करने के लिए किए जा रहे अभियानों पर संतोष जताया। उन्होंने DSP राजन परमिंदर सिंह और उनकी ऑपरेशनल टीम के प्रयासों और साहस की सराहना की।

इस दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए समय से पहले पदोन्नति पाने वाले सुखजीत सिंह को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने DSP का पदभार ग्रहण कराया और उनके कंधों पर DSP का बैज लगाया। मुख्यमंत्री ने इंस्पेक्टर से DSP पद पर पदोन्नत हुए सुखजीत सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विदेशी नेटवर्क और सीमा पार गतिविधियों पर नजर

बैठक के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में संगठित अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पंजाब पुलिस अब स्थानीय स्तर पर कार्रवाई के साथ-साथ केंद्रीय और अंतरराष्ट्रीय जांच एजेंसियों के साथ भी खुफिया जानकारी साझा कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेशों में बैठकर पंजाब का माहौल खराब करने की साजिश रचने वाले भगोड़ों, उनके स्थानीय सहयोगियों और उन्हें आर्थिक मदद पहुंचाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस को ऐसे नेटवर्क की पहचान कर आरोपियों को गिरफ्तार करने और उन्हें कानून के तहत सजा दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *