ब्रेकिंग न्यूज़
ऑपरेशन ब्लू स्टार को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, 2500 सुरक्षाकर्मियों को किया तैनात

पंजाब / सत्ता संदेश

ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी को लेकर अमृतसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मजबूत कदम उठाया गया है। शनिवार 6 जून को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। शहर में हाई अलर्ट घोषित करते हुए सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।

बरसी से दो दिन पहले अमृतसर पुलिस की ओर से शहर के विभिन्न हिस्सों में फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने प्रमुख बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, धार्मिक स्थलों तथा अन्य संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इस दौरान लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया गया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

70 से ज्यादा जगहों पर की नाकाबंदी

पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पूरे शहर में करीब 2500 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा केंद्रीय सुरक्षा बलों की कंपनियां भी सुरक्षा प्रबंधों में सहयोग कर रही हैं। शहर के प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों पर तकरीबन 70 के करीब विशेष नाके लगाए गए हैं, जहां आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियां आधुनिक तकनीक का भी सहारा ले रही हैं। शहरभर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी दल तैनात किए गए हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

इंटरनेट पर भी साइबर सेल की नजर

पुलिस आयुक्त ने बताया कि सोशल मीडिया मंचों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ संदेश या शांति भंग करने वाली सामग्री साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं को ही सही मानें।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार बरसी के अवसर पर विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के अमृतसर पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए भीड़ प्रबंधन के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं और संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई सुरक्षा

प्रशासन का कहना है कि शहर में शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से लगातार गश्त बढ़ाई गई है और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घल्लूघारा सप्ताह के मद्देनज़र अमृतसर में हाई अलर्ट, 6000 पुलिसकर्मी और 11 पैरामिलिट्री कंपनियां तैनात

अमृतसर / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : विक्रमजीत सिंह / कैमरामैन: तरजिंदर सिंह

घल्लूघारा सप्ताह के मद्देनज़र अमृतसर में सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से मजबूत किया गया है। इसी के तहत पंजाब के स्पेशल डीजीपी लॉ एंड ऑर्डर पी.के. सिन्हा ने कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर पहुंचकर सुरक्षा प्रबंधों का विस्तृत जायजा लिया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।


स्पेशल डीजीपी पी.के. सिन्हा ने कमिश्नर पुलिस अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, डीसीपी सिटी जगजीत सिंह वालिया तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहर में लागू सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि अमृतसर में बहु-स्तरीय सुरक्षा प्रबंध लागू किए गए हैं ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनाए रखी जा सके। शहर के प्रवेश और निकास मार्गों के अलावा संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष नाकाबंदी की गई है। पुलिस टीमें आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच कर रही हैं तथा उनके रिकॉर्ड भी दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने की कोशिश करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


स्पेशल डीजीपी ने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर की 2000 स्थानीय पुलिस फोर्स के साथ पंजाब पुलिस की अतिरिक्त 2000 फोर्स तैनात की गई है। इसके अलावा बीएसएफ, आरएएफ और आईटीबीपी की 11 पैरामिलिट्री कंपनियां तथा 30 गजेटेड अधिकारी सुरक्षा ड्यूटी पर लगाए गए हैं। शहर में लगातार फ्लैग मार्च, फुट पेट्रोलिंग और वाहन पेट्रोलिंग की जा रही है।

रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धार्मिक स्थलों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। स्निफर डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ते और विशेष चेकिंग टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पी.के. सिन्हा ने कहा कि पंजाब पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और प्रशासन का सहयोग करें।


उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं से बचने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। पंजाब पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि अमृतसर शहर में शांति, भाईचारे और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए पुलिस बल 24 घंटे पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात है।