ब्रेकिंग न्यूज़
ईंधन संकट के बीच बड़ी राहत: केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर ₹10 तक घटाई एक्साइज ड्यूटी; डीजल पर अब ‘जीरो’ टैक्स

नेशनल डेस्क: वैश्विक कच्चे तेल की आपूर्ति में जारी संकट और देश के कई शहरों में तेल की किल्लत की खबरों के बीच केंद्र सरकार ने आम जनता और तेल कंपनियों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी (Excise Duty) में ₹10 प्रति लीटर की भारी कटौती करने का फैसला किया है।

टैक्स में कटौती का गणित सरकारी आदेश के अनुसार, अब पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी ₹13 से घटकर केवल ₹3 रह गई है। वहीं, डीजल पर इसे ₹10 से घटाकर ‘जीरो’ (शून्य) कर दिया गया है। यह कटौती उन तेल कंपनियों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजार से महंगे दामों पर कच्चा तेल खरीदना पड़ रहा था। हालांकि, राज्य सरकारों द्वारा लगाया जाने वाला वैट (VAT) पहले की तरह लागू रहेगा।

क्या कम होंगे पेट्रोल-डीजल के दाम? एक्साइज ड्यूटी में इस कटौती के बाद, यदि तेल कंपनियां इस लाभ को पूरी तरह ग्राहकों तक पहुंचाती हैं, तो देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें ₹10 तक कम हो सकती हैं। फिलहाल, दिल्ली में पेट्रोल ₹94.77 और मुंबई में ₹103.54 प्रति लीटर बिक रहा है।

अफवाहों पर लगाम और पर्याप्त भंडार : पिछले कुछ दिनों से देश के विभिन्न शहरों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें और ‘पैनिक बाइंग’ (घबराहट में खरीदारी) देखी जा रही थी। सरकार ने इस कटौती के जरिए यह स्पष्ट करने का प्रयास किया है कि देश में तेल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। तेल कंपनियां लगातार बाहर से तेल खरीद रही हैं, इसलिए आपूर्ति में कोई कमी नहीं आएगी।