बिना इंटरनेट चलेगा भारत का अपना AI; Sarvam AI ने लॉन्च किया ‘Sarvam Edge’, ChatGPT और Gemini को मिलेगी टक्कर
गैजेट डेस्क : भारतीय एआई स्टार्टअप सर्वम एआई (Sarvam AI) ने अपना नया ‘देसी’ एआई मॉडल ‘सर्वम एज’ (Sarvam Edge) पेश कर दिया है। इस टूल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे चलाने के लिए इंटरनेट की जरूरत नहीं होगी और इसे सीधे स्मार्टफोन या लैपटॉप पर एक्सेस किया जा सकेगा।
इंटरनेट के बिना भी मिलेगी हाई स्पीड और प्राइवेसी: सर्वम एज को विशेष रूप से स्पीड, प्राइवेसी और रिलायबिलिटी (विश्वसनीयता) पर ध्यान केंद्रित करते हुए बनाया गया है। चूंकि यह मॉडल ऑफलाइन काम करता है, इसलिए डेटा डिवाइस पर ही प्रोसेस होता है और इसे क्लाउड पर भेजने की आवश्यकता नहीं पड़ती, जिससे यूजर की प्राइवेसी बेहतर होती है। यह उन क्षेत्रों के लिए वरदान साबित हो सकता है जहाँ इंटरनेट कनेक्टिविटी कमजोर या अस्थिर है।
भारतीय भाषाओं पर मजबूत पकड़: यह एआई टूल मुख्य भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करता है और यह स्वयं पहचान सकता है कि यूजर कौन सी भाषा बोल रहा है। इसके फीचर्स में शामिल हैं:ट्रांसलेशन: अंग्रेजी सहित 11 भाषाओं में सपोर्ट और 100 से अधिक भाषाओं के कॉम्बिनेशन में टू-वे ट्रांसलेशन।
स्पीच रिकग्निशन और टेक्स्ट-टू-स्पीच: यह वॉयस असिस्टेंट के रूप में भी बेहद उपयोगी है।
स्मार्टफोन और लैपटॉप के लिए अनुकूल: कंपनी का दावा है कि सर्वम एज मॉडर्न स्मार्टफोन्स और लैपटॉप्स के लिए ऑप्टिमाइज किया गया है और इसके लिए किसी विशेष हार्डवेयर की जरूरत नहीं है। यह कम मेमोरी का इस्तेमाल करते हुए मौजूदा प्रोसेसर्स पर भी तेज रिस्पॉन्स टाइम देने में सक्षम है। अपनी इन खूबियों के साथ यह मॉडल वैश्विक दिग्गजों जैसे चैटजीपीटी (ChatGPT) और जेमिनी (Gemini) को कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार है।

