ब्रेकिंग न्यूज़
रफ्तार का कहर: चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर दिल्ली नंबर की कार ने तीन को रौंदा; दो महिलाओं की मौत

पंजाब डेस्क: चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर इंडस इंटरनेशनल अस्पताल के सामने एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

अस्पताल से बाहर निकलते ही हुआ हादसा : जांच अधिकारी एएसआई अमरजीत सिंह के अनुसार, अंबाला निवासी धर्मपाल सिंह अपनी पत्नी गुरदेवी कौर (58) और एक अन्य रिश्तेदार कुलदीप कौर (66) के साथ इंडस अस्पताल में भर्ती एक परिचित से मिलने आए थे। जब वे अस्पताल से बाहर निकलकर बस पकड़ने के लिए सड़क पार कर रहे थे, तभी अंबाला की ओर से आ रही दिल्ली नंबर की एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

एक की मौके पर मौत, दूसरी ने अस्पताल में तोड़ा दम : टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुलदीप कौर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गुरदेवी कौर ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे में धर्मपाल सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

लोगों ने आरोपी को पीछा कर दबोचा: हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया और डेराबस्सी फ्लाई ओवर के पास उसे घेर लिया। आरोपी की पहचान राजन कुमार के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पटियाला में घरेलू क्लेश का खौफनाक अंत; पति ने परिवार के साथ मिलकर पत्नी का बेरहमी से हत्या

पंजाब डेस्क : पंजाब के पटियाला जिले के पास स्थित गांव गंडा खेड़ी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक महिला की तेजधार हथियारों से बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक महिला की पहचान रमनप्रीत कौर के रूप में हुई है।

शादी के 7 साल बाद खूनी संघर्ष: जानकारी के अनुसार, रमनप्रीत कौर का विवाह करीब सात साल पहले हुआ था। परिजनों ने बताया कि घर में अक्सर घरेलू क्लेश रहता था। घटना वाले दिन परिवार के सदस्य एक शादी समारोह से लौटे थे। शाम करीब 7 बजे रमनप्रीत के भाई सिमरन सिंह को फोन पर सूचना मिली कि उसकी बहन के ससुराल में बड़ा झगड़ा हो रहा है। जब परिजनों ने रमनप्रीत और उसके पति को फोन किया तो किसी ने कॉल रिसीव नहीं की, जिसके बाद पुलिस स्टेशन पहुँचने पर उन्हें हत्या का पता चला।

पति समेत 4 लोगों पर मामला दर्ज: घनौर के डीएसपी हरमनप्रीत सिंह चीमा ने बताया कि मृतका के भाई के बयानों के आधार पर पुलिस ने पति गुरमीत सिंह, सास, देवर और ससुराल पक्ष के मामा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

मेरे बयान हमेशा संवैधानिक दायरे में ही होते हैं : हिमंत विश्व शर्मा

 मिर्जापुर (उप्र), 17 फरवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मुस्लिम समुदाय के खिलाफ कथित टिप्पणियों को लेकर अपने खिलाफ दायर याचिकाओं पर उच्चतम न्यायालय द्वारा सुनवाई से इनकार के बीच दावा किया कि उन्होंने जो भी कहा, वह संविधान के दायरे में रहकर कहा है।

शर्मा ने यह भी कहा कि वह ‘‘असम और हिंदू समाज की भलाई’’ के लिए आगे भी आवाज उठाते रहेंगे।

शर्मा ने सोमवार शाम यहां संवाददाताओं से बातचीत में अपने खिलाफ कार्रवाई के आग्रह वाली याचिका पर उच्चतम न्यायालय के इनकार के बारे में पूछे गये एक सवाल पर कहा, ‘‘मैं जो भी बयान देता हूं वे हमेशा संवैधानिक दायरे में होते हैं, इसलिए मुझे कोई डर नहीं है। कोई कहीं भी जा सकता है लेकिन मैं जो भी कहता हूं वह असम और हिंदू समाज की भलाई के लिए बोलता हूं… और मैं बोलता रहूंगा।’’

उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के खिलाफ एक वायरल वीडियो को लेकर दायर याचिका पर विचार करने से मना कर दिया था। वीडियो में शर्मा को कथित तौर पर एक खास समुदाय के लोगों पर राइफल से निशाना साधते और गोली चलाते हुए दिखाया गया था।

इस सवाल पर कि क्या किसी मुख्यमंत्री को किसी खास समुदाय पर बंदूक तानना शोभा देता है, शर्मा ने कहा कि वह वही काम करते हैं, जो उन्हें शोभा देता है।

उन्होंने कहा, ‘‘एक बात हमेशा याद रखें कि जब असम में हमारी संख्या 80 से 60 प्रतिशत रह गई है तो तथाकथित धर्मनिरपेक्ष लोगों को भी हमारी चिंता समझनी चाहिए।’’

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने पक्षकारों द्वारा सीधे उच्चतम न्यायालय का रुख करने के चलन पर कड़ी आपत्ति जताते हुए याचिकाकर्ताओं से कहा था कि वे इस मामले को लेकर गुवाहाटी उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएं।

बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर निकालने पर शर्मा ने कहा कि यह असम में एक बड़ी समस्या है।

उन्होंने दावा किया, ‘‘मैं रोजाना 100 से 150 बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर निकालता हूं। लेकिन उनकी संख्या बहुत बड़ी है। अभी हमने उनसे असम में 50 हजार एकड़ जमीन खाली करवायी है। प्रधानमंत्री के साथ एक बैठक में मैंने यह भी कहा था कि अगली बार मैं डेढ़ लाख एकड़ जमीन को घुसपैठियों के कब्जे से मुक्त कराऊंगा। घुसपैठियों के कब्जे में कुल 10 लाख एकड़ ज़मीन है।’’

शिवाजी महाराज और टीपू सुल्तान की तुलना पर शर्मा ने कहा, ‘‘टीपू सुल्तान ने हिंदुओं पर अत्याचार किया। एक हिंदुओं का रक्षक (शिवाजी महाराज) था और दूसरा (टीपू सुल्तान) हिंदुओं का विनाशक था। तो, दोनों बराबर कैसे हो सकते हैं?’’

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के पाकिस्तान से कथित संबंधों के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर असम के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमने सुबूत दे दिए हैं। केंद्र सरकार इस पर फैसला लेगी।’’

कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के हालिया बयान पर शर्मा ने कहा कि यह कांग्रेस का अपना मामला है।

तृणमूल कांग्रेस के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर के पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में ‘बाबरी मस्जिद’ की तर्ज पर मस्जिद बनवाने के ऐलान पर तंज करते हुए शर्मा ने कहा कि वह असली बाबरी मस्जिद नहीं बल्कि उसका ‘पुतला’ है।

उन्होंने एक सवाल पर कहा, ‘‘वह असली बाबरी मस्जिद नहीं है। वह तो पुतला है। जब असली ही नहीं रहेगा, तो पुतला क्या करेगा?’’

तुर्कमान गेट हिंसा : दिल्ली की अदालत ने सभी 12 आरोपियों को जमानत दी

नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने पिछले महीने तुर्कमान गेट स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान पथराव के आरोपी सभी 12 लोगों को मंगलवार को जमानत दे दी।

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश भूपिंदर सिंह ने मोहम्मद कैफ, मोहम्मद काशिफ, मोहम्मद उबैदुल्लाह, मोहम्मद इमरान, मोहम्मद अदनान, समीर हुसैन, मोहम्मद नावेद, मोहम्मद अथर, मोहम्मद अरीब, मोहम्मद आदिल, आमिर हमजा और अदनान को 50,000 रुपये के मुचलके पर जमानत दे दी।

विस्तृत आदेश अभी आना बाकी है। दिल्ली उच्च न्यायालय ने 20 जनवरी को उबैदुल्ला को दी गयी जमानत रद्द कर दी ती और याचिका को सत्र न्यायालय को वापस भेज दिया था, जिसके बाद एक अलग सत्र न्यायालय ने आरोपी को 24 जनवरी को जमानत दे दी थी।

यह मामला छह और सात जनवरी की दरमियानी रात को रामलीला मैदान इलाके में मस्जिद के पास अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान हुई हिंसा से संबंधित है। पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई गईं कि तुर्कमान गेट के सामने वाली मस्जिद को गिराया जा रहा है, जिसके बाद लोग मौके पर जमा हो गए। आरोप है कि करीब 150 से 200 लोगों ने पुलिस और एमसीडी कर्मियों पर पथराव की और कांच की बोतलें फेंकीं।

पुलिस ने बताया कि इलाके के थानेदार समेत छह पुलिसकर्मी घायल हुए थे।

देश के युवा विकसित भारत के लाभार्थी ही नहीं प्राथमिक शिल्पकार भी : विजेंद्र गुप्ता

नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने युवाओं से तकनीक और आधुनिकता के इस युग में भी अपनी जड़ों और मानवीय मूल्यों से जुड़े रहने का मंगलवार को आग्रह किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि युवा केवल विकसित भारत के लाभार्थी नहीं हैं, बल्कि इस परिवर्तन के प्राथमिक शिल्पकार भी हैं।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, गुप्ता ने यहां दिल्ली विश्वविद्यालय के भीमराव आंबेडकर कॉलेज में विद्यार्थियों से कहा कि युवा पीढ़ी की ऊर्जा और नवाचार ही भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मिशन की प्रेरक शक्ति है।

कॉलेज के 35वें वार्षिकोत्सव को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि तकनीक और आधुनिकता के इस युग में भी छात्रों को अपनी जड़ों और मानवीय मूल्यों से जुड़े रहना चाहिए।

उन्होंने कहा, “हमेशा याद रखें, आपकी डिग्री केवल कागज का एक टुकड़ा नहीं है, बल्कि समाज के प्रति आपकी जिम्मेदारी की घोषणा है।”

संविधान निर्माता भीमराव आंबेडकर के मशहूर आह्वान “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” का उल्लेख करते हुए, विधानसभा अध्यक्ष ने ज़ोर दिया कि आधुनिक संदर्भ में इसका अर्थ राष्ट्रीय चुनौतियों को हल करने और समावेशी विकास को गति देने के लिए शिक्षा के उपयोग से है।

सोनभद्र में बालक के साथ कुकर्म के दोषी को 20 साल की सजा

सोनभद्र (उप्र), 17 फरवरी (भाषा) सोनभद्र जिले की एक अदालत ने 10 वर्षीय बालक के साथ कुकर्म किए जाने के मामले में आरोपी को दोषी करार देते हुए मंगलवार को 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई और 35 हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया। एक शासकीय अधिवक्‍ता ने यह जानकारी दी।

शासकीय अधिवक्ता नीरज कुमार सिंह ने बताया कि अपर सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो अधिनियम) अमित वीर सिंह की अदालत ने मंगलवार को सुनवाई करते हुए आरोपी विजय उर्फ टीपू साहनी (23) को दोषी करार दिया।

अदालत ने अर्थदंड अदा न करने पर दो माह की अतिरिक्त सजा का आदेश दिया। अदालत ने आदेश दिया कि अर्थदंड की राशि में से 20 हजार रुपये पीड़ित को दिए जाएं।

नीरज कुमार सिंह ने बताया कि चोपन थाना क्षेत्र निवासी पीड़ित के पिता ने 21 मार्च 2022 को थाने में तहरीर देकर विजय उर्फ टीपू साहनी पर आरोप लगाए थे।

भारत वैश्विक दक्षिण के लिए एक सशक्त, भरोसेमंद आवाज के रूप में उभरा: प्रधानमंत्री मोदी

 मुंबई, 17 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत वैश्विक संवादों को आकार और अधिक संतुलित एवं समावेशी विश्व व्यवस्था में योगदान देने के साथ वैश्विक दक्षिण के लिए एक सशक्त और विश्वसनीय आवाज के रूप में उभरा है।

मोदी ने वैश्विक आर्थिक सहयोग परिषद द्वारा विदेश मंत्रालय और महाराष्ट्र सरकार के सहयोग से आयोजित ‘वैश्विक आर्थिक सहयोग 2026’ कार्यक्रम में अपने लिखित संबोधन में कहा कि जब दुनिया अनिश्चित समय में स्थिर नेतृत्व की तलाश कर रही है, तब भारत उम्मीद की किरण बनकर उभरा है।

उन्होंने कहा कि देश साझा वैश्विक चुनौतियों का व्यावहारिक समाधान प्रदान कर रहा है। साथ ही उच्च वृद्धि दर और कम मुद्रास्फीति का दुर्लभ संतुलन भी बनाए हुए है।

भारतीय जनता पार्टी के नेता विजय चौथाईवाले ने प्रधानमंत्री का भाषण पढ़ा। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, ‘‘भारत वैश्विक दक्षिण की एक सशक्त और विश्वसनीय आवाज के रूप में उभरा है, जो वैश्विक संवादों को आकार देने के साथ अधिक संतुलित एवं समावेशी विश्व व्यवस्था में योगदान दे रहा है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘इस युग की प्रमुख चुनौतियों में से एक कल्याणकारी योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना, किसी को भी पीछे न छोड़ना और इसे कुशलतापूर्वक हासिल करना है। भारत ने विश्व स्तरीय डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के माध्यम से इस महत्वाकांक्षा को वास्तविकता में बदल दिया है, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि कल्याणकारी लाभ पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ नागरिकों तक एक क्लिक में पहुंचें।

उन्होंने कहा कि भारत सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है, जिसकी प्रगति के मूल में स्थिरता समाहित है। देश में स्थापित ऊर्जा क्षमता में 50 प्रतिशत से अधिक हिस्सा गैर-जीवाश्म यानी हरित ईंधन स्रोतों से आता है, जिससे भारत इस उपलब्धि को हासिल करने वाले पहले प्रमुख देशों में से एक बन गया है।

मोदी ने कहा कि 2014 से सौर ऊर्जा क्षमता में 40 गुना से अधिक की वृद्धि हुई है, जबकि पवन ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहन क्रांति ने उल्लेखनीय गति पकड़ी है।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत की विकास गाथा न केवल तेज है, बल्कि यह हरित, समावेशी और व्यापक स्तर पर लागू होने के लिए डिजाइन की गई है…। भारत में उभर रहे मॉडल अनुकूलनीय मार्ग प्रदान करते हैं जिन्हें दुनिया भर के देशों के लिए दोहराया जा सकता है।’’

मोदी ने कहा कि देश में विनिर्माण और उभरते क्षेत्रों में हो रही प्रगति से इसके सतत विकास के एजेंडा को और मजबूती मिलती है। भारत अब विश्व का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल विनिर्माता है और साथ ही सेमीकंडक्टर और दुर्लभ खनिज जैसे उभरते क्षेत्रों में भी विविधता ला रहा है, जो आत्मनिर्भरता, नवाचार और वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में गहन एकीकरण की दिशा में निर्णायक कदम का संकेत है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस संदर्भ में, वैश्विक सहयोग अत्यावश्यक है। जैसे-जैसे विश्व आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती और विश्वसनीयता पर पुनर्विचार कर रहा है, भारत सीमाओं के पार विश्वास, स्थिरता और साझा समृद्धि को मजबूत करने के लिए विशिष्ट रूप से सक्षम है।

38वीं आधुनिक ग्रामीण मिनी ओलंपिक – जरखड़ खेल उत्साह और जोश के साथ संपन्न

लुधियाना, 16 फरवरी — जेएसटी ट्रक परमिट अमेरिका, एवन साइकिल और कोका-कोला के प्रायोजन में आयोजित 38वीं आधुनिक ग्रामीण मिनी ओलंपिक जरखड़ खेल धूमधाम से संपन्न हो गए, जिसमें इस आयोजन के इतिहास में नई मिसालें कायम की गईं। ओपन कबड्डी श्रेणी में नाइब सिंह ग्रेवाल मेमोरियल कबड्डी कप के लिए 16 टीमों ने मुकाबला किया। घल्लूघारा कप टीम चैंपियन बनी, जबकि चकर मोगा उप-विजेता रही। सीनियर हॉकी श्रेणी में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी जालंधर ने जरखड़ अकादमी को 3-1 से हराकर महिंदर प्रताप ग्रेवाल गोल्ड कप हॉकी ट्रॉफी जीती। लड़कियों की हॉकी श्रेणी में पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी जालंधर को 4-2 से हराकर मोहिंदर प्रताप ग्रेवाल ट्रॉफी हासिल की। सब-जूनियर हॉकी जगतार मेमोरियल हॉकी कप में जरखड़ अकादमी ने अमरगढ़ को 2-1 से हराकर खिताब जीता।  फुटबॉल अमरजीत सिंह ग्रेवाल कप में लड़कों की श्रेणी में भैणी अरोड़ा ने भुट्टा को 2-1 से हराया। लड़कियों की श्रेणी में गुजरवाल ने कोटला को 3-2 से हराया। दोनों टीमों को अपनी-अपनी श्रेणियों में चैंपियन घोषित किया गया। बाबा सूरजन सिंह सरिंह रस्साकशी कप में रोपड़ ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि बठिंडा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 50+ कबड्डी धर्म सिंह कप में रायकोट ने पहला स्थान और सीहादोड़ ने दूसरा स्थान हासिल किया। समापन समारोह में सात विशिष्ट व्यक्तित्वों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। एवन साइकिल के मालिक पद्म श्री ओंकार सिंह पाहवा और पद्म श्री हॉकी कोच बलदेव सिंह को भगत पूरण सिंह अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के उप निदेशक प्रभदीप सिंह नाथोवाल को पंजाब का मान अवॉर्ड प्रदान किया गया। सीटी यूनिवर्सिटी लुधियाना की प्रो-वाइस चांसलर श्रीमती सिमरनजीत कौर गिल को पंजाब की धियों का मान अवॉर्ड दिया गया। चंडीगढ़ के पत्रकार दविंदरपाल शर्मा को पंजाबी पत्रकारिता का मान अवॉर्ड से नवाजा गया। उभरते साइक्लिस्ट हरश्वीर सिंह सेखों को ओलंपियन सुरजीत सिंह रंधावा अवॉर्ड प्रदान किया गया। वेटरन हॉकी खिलाड़ी करमजीत सिंह ग्रेवाल (यूएसए) को ओलंपियन प्रिथीपाल सिंह अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

सम्मानित व्यक्तियों की उपलब्धियों का ब्यौरा पढ़ा गया और मुख्य अतिथि संत बाबा बलवीर सिंह सीचेवाल तथा विधायक जीवन सिंह सांगोवाल ने अवॉर्ड, स्मृति चिन्ह और ट्रॉफियां प्रदान कीं। अन्य मुख्य अतिथियों में कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड़ियां, जेएसटी ट्रक परमिट अमेरिका के मालिक जंगशेर सिंह और एवन साइकिल के मालिक ओंकार सिंह पाहवा शामिल थे। संत बाबा बलवीर सिंह सीचेवाल ने जरखड़ ट्रस्ट को 11 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की, जबकि कैबिनेट मंत्री खुड़ियां ने 5 लाख रुपये का वादा किया। जंगशेर सिंह (अमेरिका) ने 2.5 लाख रुपये दिए, तथा हाउंसलो यूके के पूर्व मेयर प्रीतम सिंह ग्रेवाल ने महिंदर प्रताप ग्रेवाल ट्रस्ट की ओर से 2 लाख रुपये की सहायता प्रदान की। प्रसिद्ध लोक गायिका सतविंदर बिट्टी, जसवंत संदीला, नीतू विर्क और गुरजान ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। खासतौर पर सतविंदर बिट्टी ने अपने चुनिंदा गीतों से पूरे स्टेडियम को झूमने पर मजबूर कर दिया। अध्यक्ष नरिंदर पाल सिंह सिद्धू, मुख्य आयोजक जगरूप सिंह जरखड़ और अध्यक्ष एडवोकेट हरकमल सिंह ने गोल्ड स्पॉन्सर जेएसटी ट्रक परमिट फ्रेस्नो, सिल्वर स्पॉन्सर कोका-कोला, एवन साइकिल, पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड, डाबर कंपनी, विशाल साइकिल तथा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने टूर्नामेंट को मजबूत सहयोग दिया। डाबर कंपनी ने खिलाड़ियों और अतिथियों के लिए विशेष उपहार वितरित किए, जबकि कोका-कोला ने जनता के लिए विशेष जूस उपलब्ध कराए। एवन साइकिल ने विजेता खिलाड़ियों को 50 साइकिलें भेंट कीं, और विशाल साइकिल ने हॉकी विजेताओं को 20 साइकिलें प्रदान कीं।

अंतिम दिन प्रमुख उपस्थित लोगों में शरणपाल सिंह मक्कड़ (अध्यक्ष, इंडस्ट्री विंग पंजाब), राज कौर देओल (कनाडा), परविंदर कौर (अध्यक्ष, एनआरआई विंग पंजाब), हरिंदर सिंह होशियारपुर, सुरिंदर सिंह खन्ना, निरमल सिंह खेहड़ा (इंग्लैंड), हरदीप सिंह बीरमपुर, दलजीत सिंह भट्टी (कोका-कोला), मनप्रीत सिंह भाटिया (कोका-कोला), बलवंत सिंह बुद्धेवाल, अमरीक सिंह मनिहास, सुखविंदर सिंह (अध्यक्ष, लुधियाना स्पोर्ट्स वेलफेयर), जीवन सिंह गिल, हरनेक सिंह भप्प, मनु घलोटी, गुरस्तिंदर सिंह परगट, सरपंच संदीप सिंह जरखड़, तेजिंदर सिंह जरखड़, शिंगारा सिंह जरखड़ सहित क्षेत्र की कई अन्य हस्तियां बड़ी संख्या में मौजूद रहीं।

भाजपा समर्थक सोशल मीडिया खाते से की गई मोदी-कांथापुरम की मुलाकात की सराहना

तिरुवनंतपुरम, 17 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रभावशाली सुन्नी मुस्लिम नेता कांथापुरम ए पी अबूबकर मुसलियार के बीच हुई उच्च स्तरीय मुलाकात की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थक सोशल मीडिया खातों से सरहाना की गई।

मुसलियार को भारत के ग्रैंड मुफ्ती शेख अबूबकर अहमद के रूप में भी जाना जाता है।

भाजपा नेता पद्मजा वेणुगोपाल ने सोमवार को अपने फेसबुक पेज पर मोदी की मुसलियार का हाथ पकड़े हुए एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा ‘‘यह तस्वीर कितनी खूबसूरत है।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘यह एक ऐसी तस्वीर है कि जो भी इसे देखता है उसे स्नेह, प्रेम और अपनेपन का भाव दिखाई देता है। केरल वाम मोर्चा और कांग्रेस द्वारा भाजपा के बारे में फैलाए गए दुष्प्रचार और भ्रामक विमर्श को पहचान रहा है। केरल बदल रहा है।’’

इस बीच मुसलियार के कार्यालय ने कहा कि प्रभावशाली सुन्नी मुस्लिम नेता ने प्रधानमंत्री के साथ सामाजिक, मानवीय, शैक्षिक और विकासात्मक मामलों पर विस्तार से सार्थक चर्चा की।

मुसलियार के कार्यालय ने कहा कि अल्पसंख्यकों के कल्याण से संबंधित प्रमुख मुद्दों और महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

कार्यालय ने बताया, ‘‘शेख अबूबकर अहमद ने प्रधानमंत्री का ध्यान उन चिंताओं और अनुरोधों की ओर आकृष्ट किया जो हाल में उनकी ‘मानवता के साथ’ विषय पर आयोजित केरल यात्रा के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों से प्राप्त हुए थे। उन्होंने रमजान के महीने के लिए अपने संदेश और विचार भी साझा किए।’’

मुसलियार के कार्यालय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘समस्त केरल जमीयतुल उलमा और जामिया मरकज’ के नेतृत्व में शुरू की गई शैक्षिक और सामाजिक कल्याणकारी पहलों की सराहना की और कहा कि ऐसे प्रयास सामाजिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा को बढ़ाते हैं।

रुपया शुरुआती कारोबार में एक पैसे की बढ़त के साथ 90.73 प्रति डॉलर पर

मुंबई, 17 फरवरी (भाषा) रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में एक पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.73 पर पहुंच गया। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से घरेलू मुद्रा को बल मिला।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि मजबूत डॉलर और विदेशी पूंजी की निकासी ने हालांकि स्थानीय मुद्रा की बढ़त को सीमित कर दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.72 पर खुला। हालांकि बाद में फिसलकर 90.73 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से एक पैसा की बढ़त दर्शाता है।

रुपया सोमवार को आठ पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.74 पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 97.14 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 245.87 अंक टूटकर 83,031.28 अंक पर जबकि निफ्टी 106.45 अंक फिसलकर 25,576.30 अंक पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.47 प्रतिशत की गिरावट के साथ 68.33 डॉलर प्रति बैरल रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 972.13 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।