ब्रेकिंग न्यूज़
लुधियाना: यूनिवर्सिटी में दर्दनाक हादसा, दूसरी मंजिल की रेलिंग से गिरकर छात्रा की मौत, लिफ्ट का कर रही थी इंतज़ार

पंजाब डेस्क : पंजाब के लुधियाना जिले के जगराओं में स्थित सीटी यूनिवर्सिटी (CT University) में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहाँ एक छात्रा की दूसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरी यूनिवर्सिटी में हड़कंप मच गया।

संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा : मृतक छात्रा की पहचान शबनम खातून के रूप में हुई है, जो लुधियाना की रहने वाली थी और यूनिवर्सिटी में बीबीए (BBA) प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। रिपोर्ट के अनुसार, शबनम अपनी सहेलियों के साथ दूसरी मंजिल पर लिफ्ट का इंतज़ार कर रही थी।

इंतज़ार के दौरान वह लिफ्ट के पास वाली सीढ़ियों की स्टील रेलिंग पर बैठी थी। जैसे ही लिफ्ट आई, छात्रा ने अपना संतुलन खो दिया और वह अपनी पीठ के बल पीछे की ओर सीधे बेसमेंट में जा गिरी।

इलाज के दौरान तोड़ा दम: हादसे में छात्रा को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद यूनिवर्सिटी स्टाफ ने उसे तुरंत लुधियाना के एक अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, जख्मों की ताव न सहते हुए उसने दम तोड़ दिया। सदर थाना प्रभारी सुरजीत सिंह ने घटना की पुष्टि की है।

पुलिस जांच और परिवार का हाल: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल और डीएसपी जसविंदर सिंह ढींडसा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मृतका के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने फिलहाल इस मामले में कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है।

पंजाब निकाय चुनाव पर हाईकोर्ट की रोक जारी: 8 दिन की देरी पर फंसा पेंच, अब 18 मार्च को होगी अगली सुनवाई

पंजाब डेस्क : पंजाब में होने वाले निकाय चुनावों को लेकर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए रोक को बरकरार रखा है। 18 फरवरी को हुई सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने अपना जवाब दाखिल किया, जिसके बाद अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 18 मार्च की तारीख तय की है।

वार्डबंदी में देरी बनी रुकावट : सुनवाई के दौरान यह बात सामने आई कि राज्य सरकार को वार्डबंदी (wardbandi) की प्रक्रिया 31 दिसंबर तक पूरी करनी थी, लेकिन यह काम 8 जनवरी तक खिंच गया। सरकार ने इस 8 दिन की देरी को माफ करने के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखा है। अदालत ने केंद्र सरकार के जवाब का इंतज़ार करने के लिए 4 हफ्ते का समय दिया है।

एक ही सोसाइटी को दो हिस्सों में बांटने का आरोप : याचिकाकर्ता के वकील ने अदालत में दलील दी कि 31 दिसंबर की समयसीमा बीतने के बाद वार्ड की सीमाओं में बदलाव नहीं किया जा सकता था, फिर भी ऐसा किया गया। याचिका में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक ही सोसाइटी को दो अलग-अलग हिस्सों में बांट दिया गया, जो कि नियमों के खिलाफ है।

इन शहरों के चुनावों पर पड़ा असर : हाईकोर्ट के इस आदेश के दायरे में पंजाब की 100 से अधिक म्युनिसिपल कमेटियां आ गई हैं। जिन प्रमुख नगर निगमों की वार्डबंदी को चुनौती दी गई है, उनमें मोहाली, बठिंडा, पठानकोट, बटाला, कपूरथला, होशियारपुर, अबोहर, मोगा और बरनाला शामिल हैं।

सरकार की चुनावी योजना पर संकट: इस न्यायिक रोक ने पंजाब सरकार की चुनाव कराने की तैयारियों को बड़ा झटका दिया है। प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां लगभग पूरी होने के बावजूद, अब अदालत की अनुमति के बिना चुनाव प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया जा सकेगा। फिलहाल पूरे राज्य में शहरी निकाय चुनावों पर न्यायिक ब्रेक लगा हुआ है।

तरनतारन में बड़ी वारदात: शादी समारोह में नाच रहे AAP सरपंच की गोलियों से भूनकर हत्या, चचेरा भाई घायल

पंजाब डेस्क : पंजाब के तरनतारन में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक शादी समारोह के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के मौजूदा सरपंच की दिन-दहाड़े हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गांव ठ्ठियां महंता के सरपंच हरपिंदर सिंह के रूप में हुई है।

स्टेज पर नाचते समय हुआ हमला: यह वारदात तरनतारन-बठिंडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सिद्धू फार्म में हुई। जानकारी के अनुसार, हरपिंदर सिंह अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ स्टेज पर नाच रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। हमलावरों ने सरपंच के पेट और सिर में चार गोलियां मारीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

AK-47 जैसे हथियार का इस्तेमाल: बताया जा रहा है कि हमलावरों की संख्या तीन से चार थी और उनमें से एक AK-47 जैसे आधुनिक हथियार से लैस था। इस अचानक हुई गोलीबारी में सरपंच का चचेरा भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस की जांच जारी : घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी सुरिंदर लांबा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सरहाली थाने की पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। दिन-दहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है।

अब बूंद-बूंद को तरसेगा पाकिस्तान! रावी का पानी रोकेगा भारत, शाहपुर कंडी बांध से सीमांत जिलों में आएगी खुशहाली

नेशनल डेस्क : भारत ने पाकिस्तान की ओर बहने वाले रावी नदी के अतिरिक्त पानी को रोकने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। शाहपुर कंडी बांध परियोजना (Shahpur Kandi Dam Project) का काम 31 मार्च, 2026 तक पूरा होने वाला है, जिसके बाद रावी नदी का जो पानी अब तक पाकिस्तान जा रहा था, उसका उपयोग भारत अपने राज्यों में सिंचाई के लिए करेगा।

जम्मू-कश्मीर और पंजाब को मिलेगा भरपूर पानी: इस बांध के पूरी तरह चालू होने से जम्मू-कश्मीर के कठुआ और सांबा जैसे सूखे प्रभावित जिलों में सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी। रिपोर्ट के अनुसार, यह प्रोजेक्ट 32,000 हेक्टेयर से अधिक जमीन की सिंचाई में मदद करेगा, जिससे पंजाब की 5,000 हेक्टेयर से ज्यादा खेती योग्य जमीन को सीधा लाभ होगा। जम्मू-कश्मीर के मंत्री जावेद राणा ने बताया कि इस कदम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय जनता को पर्याप्त पानी मुहैया कराना है।

पाकिस्तान पर मंडराया सूखे का संकट : भारत के इस कदम से पाकिस्तान के लिए आने वाली गर्मियां बेहद मुश्किल हो सकती हैं। पाकिस्तान की 80% खेती सिंधु नदी प्रणाली पर निर्भर है और रावी का पानी रुकने से उसके पंजाब प्रांत की सिंचाई व्यवस्था चरमरा सकती है। इसका सीधा असर लाहौर और मुल्तान जैसे बड़े शहरों की जलापूर्ति पर पड़ेगा, जिससे पाकिस्तान की पहले से ही बदहाल अर्थव्यवस्था और खाद्य सुरक्षा को बड़ा झटका लग सकता है।

46 साल बाद पूरा हो रहा है सपना : इस प्रोजेक्ट की नींव 1982 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने रखी थी, लेकिन आपसी विवादों के कारण यह 46 सालों तक लटका रहा। 2018 में मोदी सरकार के दखल के बाद इस काम में तेजी आई।

भारत का यह कदम 1960 की सिंधु जल संधि का उल्लंघन नहीं है, क्योंकि रावी, सतलुज और ब्यास जैसी पूर्वी नदियों के पानी पर भारत का पूर्ण अधिकार है। आतंकवाद पर कड़ा रुख अपनाते हुए भारत ने अन्य नदियों पर भी हाइड्रो-पावर प्रोजेक्ट्स का काम तेज कर दिया है।

मशहूर एक्ट्रेस प्रवीणा देशपांडे का निधन: कैंसर से हारीं जिंदगी की जंग, ‘द फैमिली मैन 3’ में आने वाली थीं नजर

मनोरंजन डेस्क : मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मराठी और हिंदी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री प्रवीणा देशपांडे का 17 फरवरी, 2026 को 60 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह पिछले काफी समय से मल्टीपल मायलोमा (ब्लड कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं और साल 2019 से उनका इलाज चल रहा था।

मुंबई में हुआ अंतिम संस्कार: प्रवीणा देशपांडे के निधन की जानकारी उनके आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए साझा की गई। उनका अंतिम संस्कार मुंबई के अंधेरी ईस्ट स्थित चकला पारसीवाड़ा श्मशान घाट में संपन्न हुआ। उनके जाने से पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

शानदार रहा फिल्मी और टीवी करियर : प्रवीणा देशपांडे को उनके दमदार सपोर्टिंग किरदारों के लिए पहचाना जाता था। उन्होंने सलमान खान की सुपरहिट फिल्म ‘रेडी’ में शालू चौधरी का यादगार किरदार निभाया था। इसके अलावा वह ‘परमाणु’, ‘एक विलेन’ और ‘जलेबी’ जैसी फिल्मों का भी हिस्सा रहीं। टेलीविजन की दुनिया में उन्होंने ‘घर एक मंदिर’, ‘कुमकुम’, ‘करम अपना अपना’ और ‘कुल्फी कुमार बाजेवाला’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया।

आखिरी प्रोजेक्ट्स: अपने निधन से पहले उन्होंने नीरज पांडे द्वारा निर्देशित वेब सीरीज ‘तस्करी’ में कैमियो किया था। इसके अलावा, उन्होंने मनोज बाजपेयी की चर्चित सीरीज ‘द फैमिली मैन सीजन 3’ की शूटिंग भी पूरी कर ली थी, जिसमें उन्होंने मुख्य किरदार (श्रीकांत तिवारी) की मां की भूमिका निभाई है।

चैंपियंस लीग: विजयी गोल करने के बाद विनीसियस जूनियर ने लगाए नस्लीय दुर्व्यवहार के आरोप

मैड्रिड, 18 फरवरी (एपी) ब्राजील के खिलाड़ी विनीसियस जूनियर ने चैंपियंस लीग फुटबाल टूर्नामेंट के प्लेऑफ के मुकाबले में रियाल मैड्रिड की तरफ से बेनफिका के खिलाफ विजयी गोल करने के बाद नस्लीय दुर्व्यवहार के आरोप लगाए।

खेल को तब रोक दिया गया जब विनीसियस ने दावा किया कि रियाल मैड्रिड की 1-0 से जीत के दौरान एक प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी ने नस्लीय टिप्पणी करके उनका अपमान किया।

रियाल मैड्रिड के डिफेंडर ट्रेंट अलेक्जेंडर अर्नोल्ड ने मैच के बाद कहा, ‘‘अपने करियर के दौरान उन्हें कई बार इस तरह की स्थिति का सामना करना पड़ा है और उन्होंने इसे बखूबी संभाला है। लेकिन उनके प्रति इस तरह का व्यवहार जारी रहना और आज रात ऐसा होना फुटबॉल के लिए शर्मनाक है।’’

इस बीच मौजूदा चैंपियन पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) को मोनाको के खिलाफ जीत दर्ज करने के लिए संघर्ष करना पड़ा। पीएसजी एक समय दो गोल से पीछे चल रहा था लेकिन स्थानापन्न खिलाड़ी डेज़ायर डूए के शानदार प्रदर्शन से वह आखिर में 3-2 से जीत हासिल करने में सफल रहा।

अन्य मैचों में गैलाटासराय ने युवेंटस को 5-2 से हराया जबकि बोरुसिया डॉर्टमुंड ने अटलांटा के खिलाफ 2-0 से जीत दर्ज की

विनीसियस ने स्टेडियम ऑफ लाइट में बेनफिका के खिलाफ प्लेऑफ के पहले चरण में रिकॉर्ड 15 बार के चैंपियन रियाल मैड्रिड को बढ़त दिलाने के बाद रेफरी फ्रांकोइस लेटेक्सियर को नस्लवादी टिप्पणी की जानकारी दी। उन्होंने अर्जेंटीना के खिलाड़ी जियानलुका प्रेस्टियानी की ओर इशारा किया।

बेनफिका के कोच जोस मोरिन्हो ने हालांकि कहा कि उनके खिलाड़ी ने नस्लीय टिप्पणी करने के आरोपों से इनकार किया है।

मोरिन्हो ने कहा, ‘‘उन्होंने मुझे अलग-अलग बातें बताईं। लेकिन कुछ तो गड़बड़ है क्योंकि हर बार ऐसा होता है। जहां भी विनीसियस खेला, वहां हमेशा कुछ न कुछ हुआ।’’

T20 वर्ल्ड कप 2026: आज नीदरलैंड्स से भिड़ेगी टीम इंडिया, प्लेइंग-11 में अर्शदीप की वापसी और कुलदीप को मिल सकता है आराम

स्पोर्ट्स डेस्क : अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज (18 फरवरी) भारत और नीदरलैंड्स के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का महत्वपूर्ण मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में अब तक अपने तीनों मैच जीतकर शानदार लय में है और सुपर-8 राउंड से पहले अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखना चाहती है।

प्लेइंग-11 में बदलाव की संभावना: इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग-11 में बड़े बदलावों के संकेत मिल रहे हैं। अहमदाबाद की तेज पिच को देखते हुए टीम प्रबंधन अतिरिक्त तेज गेंदबाज के रूप में अर्शदीप सिंह को वापस ला सकता है, जबकि स्पिनर कुलदीप यादव को आराम दिया जा सकता है। इसके अलावा, यह भी देखना दिलचस्प होगा कि जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या को आराम मिलता है या नहीं, हालांकि बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने मैच से पहले किसी को भी आराम देने की बात से स्पष्ट इनकार किया है।

अभिषेक शर्मा के फॉर्म पर नजरें : सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के लिए यह मैच काफी अहम है, क्योंकि टूर्नामेंट में अब तक उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। टीम मैनेजमेंट को उनकी क्षमता पर पूरा भरोसा है और उम्मीद की जा रही है कि सुपर-8 से पहले वह एक बड़ी पारी खेलेंगे।

अहमदाबाद की पिच और बड़े स्कोर की उम्मीद : अहमदाबाद में रात के मुकाबलों में बड़े स्कोर का ट्रेंड रहा है, जहाँ पिछले पांच में से चार मैचों में पहली पारी का स्कोर 210 के पार गया है। भारतीय टीम का फोकस इस मैच में एक विशाल स्कोर खड़ा करने पर होगा, क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक किसी भी टीम ने 300 का आंकड़ा पार नहीं किया है।

भारत की संभावित प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।

यूट्यूब यूजर्स के लिए राहत: करीब एक घंटे तक डाउन रहने के बाद बहाल हुई सेवा, जानें क्या थी वजह

टेक डेस्क : दुनिया के सबसे लोकप्रिय वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म यूट्यूब (YouTube) की सेवाएं करीब एक घंटे तक बाधित रहने के बाद अब सामान्य हो गई हैं। बुधवार, 18 फरवरी 2026 की सुबह यूट्यूब के अचानक डाउन होने से भारत सहित दुनिया भर के लाखों यूजर्स को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

रिकमंडेशन सिस्टम में आई तकनीकी खराबी: यूट्यूब की टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि उनके ‘रिकमंडेशन सिस्टम’ (recommendation system) में आई एक समस्या के कारण यूट्यूब के सभी प्लेटफॉर्म्स, जिनमें होमपेज, यूट्यूब ऐप, यूट्यूब म्यूजिक और यूट्यूब किड्स शामिल हैं, पर वीडियो दिखाई नहीं दे रहे थे। हालांकि अब होमपेज फिर से दिखने लगा है, लेकिन टीम अभी भी पूरी तरह से समस्या को ठीक करने पर काम कर रही है।

यूजर्स को मिलीं ये परेशानियां: आउटेज के दौरान यूजर्स को ऐप और वेबसाइट पर ‘something went wrong’ का एरर दिखाई दे रहा था। इसके अलावा, अमेरिका और भारत सहित कई देशों में यूजर्स के अकाउंट अपने आप लॉगआउट हो रहे थे। टीवी ऐप पर भी दोबारा लॉगिन मांगा जा रहा था।

भारत और अमेरिका में बड़े स्तर पर असर : डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, अमेरिका में लगभग 2,83,490 लोगों ने यूट्यूब एक्सेस न कर पाने की रिपोर्ट की। भारत में भी सुबह 6:42 बजे के करीब हजारों यूजर्स ने तकनीकी दिक्कत की शिकायत दर्ज कराई, जिनमें से 72% शिकायतें यूट्यूब ऐप को लेकर थीं। गूगल सपोर्ट और टीम यूट्यूब ने स्पष्ट किया है कि वे इस मामले की जांच कर रहे हैं और जल्द ही इसे पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाएगा।

पैरालंपिक खेलों में एक दशक बाद होगी रूसी ध्वज और राष्ट्रगान की वापसी

 मिलान, 18 फरवरी (एपी) रूसी खिलाड़ी एक दशक से अधिक समय में पहली बार पैरालंपिक शीतकालीन खेलों में अपने देश के ध्वज के तले प्रतिस्पर्धा करेंगे और उसके किसी खिलाड़ी के स्वर्ण पदक जीतने पर पदक वितरण समारोह में रूस का राष्ट्रगान बजाया जाएगा।

इसकी घोषणा मंगलवार को की गई जिसका मतलब है कि लॉस एंजिल्स में 2028 में होने वाले ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलों से काफी पहले ओलंपिक जगत में रूस और उसकी राष्ट्रीय पहचान पूरी तरह से बहाल हो जाएगी।

अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक समिति ने बयान में कहा कि रूस की राष्ट्रीय पैरालंपिक समिति को आगामी मिलान कोर्टिना पैरालंपिक खेलों के लिए छह स्थान आवंटित किए गए हैं।

यह 2014 में रूस के सोची में हुए पैरालंपिक शीतकालीन खेलों के बाद पहली बार होगा जब पैैरालंपिक खेलों में रूस का ध्वज फहराया जाएगा। रूस पर पहले सरकार प्रायोजित डोपिंग कार्यक्रम के कारण प्रतिबंध लगाया गया था। इसके बाद 2022 में यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बाद से उसके खिलाफ प्रतिबंध जारी रखे गए।

रूस के करीबी सहयोगी बेलारूस पर भी 2022 से प्रतिबंध लगा हुआ है, लेकिन मिलान कोर्टिना में उसके लिए चार स्थान उपलब्ध होंगे।

मिलान कोर्टिना पैरालंपिक खेल छह से 15 मार्च तक आयोजित किए जाएंगे।

हत्या के मामले में 12 अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा

आजमगढ़ (उप्र), 18 फरवरी (भाषा) आजमगढ़ की एक अदालत ने 27 साल पहले मुबारकपुर कस्बे में हुई हत्या के एक मामले में 12 अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

अदालत ने गत 13 फरवरी को सभी 12 आरोपियों को दोषी करार दिया था और 17 फरवरी को नियत तिथि पर उन्हें यह सजा सुनाई गई।

अभियोजन पक्ष के अनुसार स्थानीय निवासी नासिर हुसैन ने 30 अप्रैल 1999 को मुबारकपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें उसने कहा था कि पुरा ख्वाजा क्षेत्र में रहने वाले उसके चाचा अली अकबर 27 अप्रैल 1999 को लापता हो गये थे और लापता होने के तीसरे दिन 30 अप्रैल 1999 को अली अकबर का सिर कटा शव राजा भाट तालाब में पाया गया था।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शिया-सुन्नी दंगे के दौरान मुहर्रम के जुलूस से लौटते समय सुन्नी समुदाय के लोगों ने अली अकबर पर हमला करके उनकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में हुसैन अहमद, मोहम्मद अयूब फैजी, हाजी मोहम्मद सुलेमान, फहीम अख्तर, असरार अहमद, मोहम्मद याकूब, अली जहीर, नजीबुल्लाह, हमीदुल्लाह उर्फ झीनक, मोहम्मद असद, हाजी अब्दुल खालिक, अफजल, अलाउद्दीन, दिलशाद और वसीम के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था।

मामले के लंबित रहने के दौरान चार आरोपियों हाजी मोहम्मद सुलेमान, नजीबुल्लाह, हमीदुल्लाह उर्फ झीनक और हाजी अब्दुल खालिक की मौत हो गई थी।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश जय प्रकाश पांडेय ने मंगलवार को हुसैन अहमद, मोहम्मद अयूब फैजी, फहीम अख्तर, असरार अहमद, मोहम्मद याकूब, अली जहीर, इरशाद, मोहम्मद असद, अफजल, अलाउद्दीन, दिलशाद और वसीम को अली अकबर की हत्या का दोषी ठहराया।

अदालत में सभी को उम्र कैद और 66500-66500 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।