ब्रेकिंग न्यूज़
बाबा केदार के भक्तों का इंतजार खत्म; 22 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट

नेशनल डेस्क : उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 22 अप्रैल 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। मंदिर समिति के अधिकारियों के अनुसार, कपाट सुबह 8 बजे वृष लग्न में खोले जाएंगे।

महाशिवरात्रि पर निकला शुभ मुहूर्त: बाबा केदार के कपाट खुलने की तिथि की घोषणा रविवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर की गई। केदारनाथ के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर (उखीमठ) में परंपरागत पूजा-अर्चना और पंचांग गणना के बाद धर्माचार्यों ने इस मुहूर्त को सार्वजनिक किया। इस विशेष अवसर पर मंदिर को करीब साढ़े नौ क्विंटल फूलों से सजाया गया था।

चारों धामों की तिथियां घोषित : केदारनाथ के साथ ही उत्तराखंड के अन्य प्रमुख धामों के कपाट खुलने का कार्यक्रम भी तय हो गया है:

गंगोत्री और यमुनोत्री धाम: 19 अप्रैल 2026 (अक्षय तृतीया के अवसर पर)।

बदरीनाथ धाम: 23 अप्रैल 2026।

तैयारियां हुई तेज : कपाट खुलने की आधिकारिक घोषणा के साथ ही प्रशासन और मंदिर समिति ने यात्रा मार्ग से बर्फ हटाने और नागरिक सुविधाओं को बहाल करने का काम तेज कर दिया है। देश-विदेश से आने वाले लाखों तीर्थयात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और आवास के लिए कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत अचानक बिगड़ी; मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती

पंजाब डेस्क :पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सेहत अचानक खराब होने के बाद उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, रविवार को संगरूर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री का ब्लड प्रेशर (BP) अचानक बढ़ गया था।

मंदिर में पूजा के बाद बिगड़ी सेहत: मुख्यमंत्री मान आज दोपहर संगरूर के धूरी स्थित श्री रणकेश्वर महादेव शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। उनके साथ आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया भी मौजूद थे। इस धार्मिक कार्यक्रम और हवन-यज्ञ में शामिल होने के कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत में सुधार न होता देख उन्हें तुरंत हेलीकॉप्टर के जरिए मोहाली लाया गया।

अस्पताल में आला अधिकारियों का जमावड़ा: फिलहाल विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम मुख्यमंत्री की जांच कर रही है। अस्पताल के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव और मुख्य सचिव (Chief Secretary) भी स्थिति का जायजा लेने के लिए अस्पताल में मौजूद हैं। अस्पताल प्रशासन ने मेडिकल बुलेटिन जारी कर उनके भर्ती होने की पुष्टि की है।

रद्द हुए आगामी कार्यक्रम: सेहत खराब होने के चलते मुख्यमंत्री का फाजिल्का दौरा रद्द कर दिया गया है। साथ ही, सोमवार (16 फरवरी) को मोगा में होने वाली उनकी रैली पर भी संशय बना हुआ है। गौरतलब है कि इससे पहले सितंबर 2025 में भी ‘लो हार्ट रेट’ और थकान के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। मुख्यमंत्री के शुभचिंतक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

टी20 वर्ल्ड कप 2026: टीम इंडिया के सामने पाकिस्तान का ‘टोटल सरेंडर’; कोलंबो में 61 रनों से जीता भारत, शान से सुपर-8 में मारी एंट्री

स्पोर्ट्स डेस्क : कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया है। इस बड़ी जीत के साथ ही भारतीय टीम ने शान से टूर्नामेंट के सुपर-8 राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है।

मैदान पर दिखा भारत का दबदबा: मैच में भारतीय बल्लेबाज ईशान किशन ने शानदार अर्धशतक (Fifty) जड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुँचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह पस्त नजर आई और मैच हार गई। इस जीत के साथ ही टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 8-1 कर लिया है, यानी अब तक हुए मुकाबलों में भारत ने 8वीं बार पाकिस्तान को मात दी है।

मैच से पहले हुआ था बड़ा विवाद: दिलचस्प बात यह है कि यह मैच विवादों के साये में शुरू हुआ था। बांग्लादेश के वर्ल्ड कप से बाहर होने के विरोध में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मैच के बॉयकॉट का ऐलान किया था। हालांकि, ICC द्वारा कड़ी सजा की चेतावनी मिलने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को अपने फैसले से यू-टर्न लेना पड़ा और टीम मैच खेलने मैदान पर उतरी। फिलहाल जीत के बाद भारतीय खेमे में जश्न का माहौल है।

महाशिवरात्रि 2026: कब और कैसे खोलें व्रत? जानें पारण का सबसे सटीक समय और जरूरी नियम

धर्म डेस्क: महाशिवरात्रि के पर्व पर जितना महत्व व्रत रखने का है, उतना ही महत्व ‘पारण’ यानी व्रत खोलने का भी माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार, यदि व्रत का पारण सही समय और विधि से न किया जाए, तो की गई साधना का पूर्ण फल प्राप्त नहीं होता है।

वर्ष 2026 में पारण का शुभ मुहूर्त : साल 2026 में फाल्गुन मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि 15 फरवरी को शाम 05:04 बजे से शुरू होगी और 16 फरवरी को शाम 05:34 बजे समाप्त होगी। इस अनुसार, व्रत पारण का सबसे शुभ और सटीक समय 16 फरवरी 2026 को सुबह 06:59 बजे से दोपहर 03:24 बजे तक रहेगा। विद्वानों के अनुसार, सूर्योदय के बाद और चतुर्दशी तिथि के भीतर ही पारण करना कल्याणकारी होता है।

पारण से पहले करें ये काम : व्रत खोलने से पहले सुबह स्नान के बाद भगवान शिव की संपूर्ण पूजा करें और शिवलिंग पर जल अर्पित करें। पारण से पूर्व अपनी सामर्थ्य के अनुसार किसी जरूरतमंद व्यक्ति या ब्राह्मण को अनाज, फल या वस्त्र दान करना बहुत शुभ माना जाता है, क्योंकि दान से ही व्रत की पूर्णता होती है।

कैसा हो पारण का भोजन? व्रत का पारण हमेशा सात्विक भोजन से ही करना चाहिए। पारण की शुरुआत जल, फल या हल्के भोजन जैसे चावल और मूंग की दाल से करना सबसे अच्छा रहता है। इस दौरान अधिक तला-भुना या भारी भोजन करने से बचें और भोजन में लहसुन-प्याज का प्रयोग बिल्कुल न करें। भोजन ग्रहण करने से पहले “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का जाप करना शुभ फलदायी रहता है।

सोना-चांदी के दामों में ऐतिहासिक गिरावट; चांदी ₹1.75 लाख और सोना ₹37,000 हुआ सस्ता

बिजनेस डेस्क : भारतीय सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। हालांकि बीते शुक्रवार को कीमतों में कुछ सुधार देखा गया, लेकिन अपने ऑल-टाइम हाई (Life Time High) स्तर से तुलना करें तो दोनों कीमती धातुओं के भाव बुरी तरह क्रैश हुए हैं।

चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड गिरावट: चांदी की कीमतों ने बीती 29 जनवरी को ₹4,20,048 प्रति किलोग्राम का ऐतिहासिक स्तर छुआ था। इसके बाद शुरू हुए गिरावट के सिलसिले में चांदी करीब ₹1.75 लाख प्रति किलो (₹1,75,688) तक सस्ती हो चुकी है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर फिलहाल चांदी का भाव ₹2,44,360 के आसपास बना हुआ है।

सोना भी हुआ काफी सस्ता: चांदी की तरह सोने के भाव में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। 29 जनवरी को सोना ₹1,93,096 प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। वर्तमान में 24 कैरेट सोना अपने हाई लेवल से करीब ₹37,201 प्रति 10 ग्राम सस्ता मिल रहा है। शुक्रवार को सोने का वायदा भाव ₹1,55,895 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

16 दिनों में बेहाल हुआ बाजार: बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, 29 जनवरी से 13 फरवरी के बीच महज 16 कारोबारी दिनों में ही कीमतों में यह बड़ा अंतर देखने को मिला है। हालांकि, शुक्रवार को चांदी में ₹7,925 और सोने में भी मामूली बढ़त दर्ज की गई, लेकिन निवेशकों के लिए ये अभी भी अपने उच्चतम स्तरों से काफी नीचे उपलब्ध हैं।

जापान में मुस्लिम कब्रिस्तानों पर लगा बैन; मृतकों की अस्थियां मूल देश भेजने का आदेश जारी

टोक्यो: जापान सरकार ने देश में मुस्लिम कब्रिस्तानों (Muslim Cemeteries) पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। सरकार के इस नए आदेश के अनुसार, अब जापान में शवों को दफनाने की अनुमति नहीं होगी और मृतकों की अस्थियों को उनके मूल देश (Country of Origin) वापस भेजना होगा।

शवदाह संस्कृति का हवाला : जापानी अधिकारियों का कहना है कि जापान में शवदाह (Cremation) संस्कृति प्रचलित है, इसलिए विदेशी समुदायों को भी स्थानीय नियमों का पालन करना होगा। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि अस्थियों को उनके देश वापस भेजने की व्यवस्था में वह सहायता प्रदान करेगी।

ओसाका का एकमात्र कब्रिस्तान भी होगा बंद: बता दें कि जापान के ओसाका शहर में वर्तमान में केवल एक मुस्लिम कब्रिस्तान है, जिसे नए आदेश के तहत अब बंद कर दिया जाएगा।

जापान में पहले से ही सड़कों पर नमाज पढ़ने, लाउडस्पीकर पर अज़ान देने और नई मस्जिदों के निर्माण पर प्रतिबंध लागू है।2 लाख मुस्लिमों पर पड़ेगा असर जापान में लगभग 2 लाख मुस्लिम रहते हैं, जिनमें से अधिकांश इंडोनेशिया और मलेशिया जैसे देशों से आए प्रवासी मजदूर हैं।

वर्ष 2025 के इस नए कानून के लागू होने पर मुस्लिम समुदाय ने विरोध जताया है, लेकिन जापानी कानून के तहत विदेशी धार्मिक प्रथाओं को स्थानीय नियमों के अधीन रखा गया है।

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हनी सेठी गिरफ्तार; डोप टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

लुधियाना/खन्ना: पंजाब के खन्ना जिले के अंतर्गत आते कस्बा दोराहा के मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और जूता कारोबारी हनी सेठी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर नशा करने के आरोप लगे थे, जिसकी पुष्टि मेडिकल जांच के दौरान डोप टेस्ट पॉजिटिव आने से हुई है।

पुलिस कार्रवाई और मेडिकल रिपोर्ट : दोराहा थाना के एसएचओ आकाश दत्त ने बताया कि पुलिस को हनी सेठी के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उनका मेडिकल परीक्षण करवाया गया, जिसमें उनके शरीर में नशीले पदार्थों की मौजूदगी की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।

विवादों से रहा है पुराना नाता: हनी सेठी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और अक्सर अपने बयानों और विभिन्न गतिविधियों के कारण विवादों में घिरे रहते हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद इलाके में काफी चर्चा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ उनकी मुहिम जारी है और कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

साइकिल न मिलने से नाराज बालक घर से निकला, अपहरण की मनगढ़ंत कहानी गढ़ी

गुना (मप्र), सत्ता संदेश (भाषा) मध्यप्रदेश के गुना में शुक्रवार से लापता 12 वर्षीय लड़के को शनिवार सुबह बरामद किया गया, जिसके बाद उसने अपने अपहरण की कहानी सुनायी लेकिन पुलिस जांच में यह दावा झूठा निकला। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
गुना नगर पुलिस अधीक्षक प्रियंका मिश्रा ने बताया कि सातवीं कक्षा का छात्र साइकिल न मिलने से अपने माता-पिता से नाराज था।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को स्कूल में परीक्षा देने के बाद बच्चा घर नहीं लौटा, जिसके बाद परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। शनिवार सुबह उसे बिलोनिया गांव के पास एक पुल के नीचे ‘बेहोशी’ की हालत में पाया गया।
अधिकारी ने कहा कि लड़के ने पुलिस को बताया कि स्कूल के बाहर कार सवार कुछ लोगों ने उसे कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर अगवा कर लिया और बाद में उसे छोड़ दिया। हालांकि, उसके बयान में कई विरोधाभास पाए गए।
उन्होंने बताया कि बाद में उसने स्वीकार किया कि वह साइकिल न मिलने से नाराज होकर राजमार्ग के रास्ते बिलोनिया गांव की ओर पैदल निकल गया था। थकावट के कारण वह पुल के नीचे सो गया।
मिश्रा ने बताया कि बच्चे ने यह भी शिकायत की थी कि उसकी बहनों की इच्छाएं पूरी कर दी जाती हैं, जबकि उसकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जाता।
उन्होंने बताया कि परामर्श के बाद बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

दिल्ली के आरके पुरम स्थित आभूषण की दुकान से तीन करोड़ रुपये के जेवर चोरी

नयी दिल्ली, (सत्ता संदेश) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के आरके पुरम स्थित एक आभूषण की दुकान से शनिवार तड़के लगभग तीन करोड़ रुपये के सोने और चांदी के जेवर कथित तौर पर चोरी हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि शुक्रवार शाम को दुकान बंद करते समय कुछ गहने अनजाने में तिजोरी के बाहर ही छूट गए थे।
पुलिस ने बताया कि तिजोरी अगली सुबह सही सलामत मिली, लेकिन बाहर रखी चीजें गायब थीं।
पुलिस के अनुसार, चोरी की गई वस्तुओं की सही मात्रा और मूल्य का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, लेकिन इनकी कीमत लगभग तीन करोड़ रुपये है।
पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।

”यह मात्र प्रदर्शनी नहीं, बल्कि गरिमा, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का उत्सव है” — डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने चंडीगढ़ में 29वें दिव्य कला मेले का उद्घाटन किया

चंडीगढ़, : “यह मात्र प्रदर्शनी नहीं, बल्कि गरिमा, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का उत्सव है।” इन प्रभावशाली शब्दों के साथ डॉ. वीरेन्द्र कुमार, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री, ने आज चंडीगढ़ के एग्ज़ीबिशन ग्राउंड में 29वें दिव्य कला मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने इस मेले को एक परिवर्तनकारी अभियान बताते हुए कहा कि यह देशभर के दिव्यांगजनों के जीवन में आशा की नई किरण बनकर उभरा है और समावेशी विकास तथा समान अवसर के प्रति सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

साल 2014 के बाद सशक्तिकरण की यात्रा का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपमानजनक शब्दावली से हटकर “दिव्यांग” जैसे सम्मानजनक शब्द का प्रयोग केवल भाषा का परिवर्तन नहीं, बल्कि दृष्टिकोण का परिवर्तन था। दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 का लागू होना, दिव्यांगता की श्रेणियों का विस्तार तथा ‘सुगम्य भारत अभियान’ के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों को सुलभ बनाने के प्रयासों ने गरिमा, पहुंच और सहभागिता की मजबूत नींव रखी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सच्चा सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि आर्थिक सशक्तिकरण, सामाजिक समावेशन और आत्मनिर्भरता से सुनिश्चित होता है। दिव्य कला मेला इसी सोच का साकार रूप है, जो दिव्यांग कारीगरों और उद्यमियों की प्रतिभा को सीधे बाजार से जोड़ता है।

श्री सतनाम सिंह संधू,  माननीय राज्यसभा सांसद, ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति के अनुरूप दिव्यांगजनों को सम्मान देना एक ऐतिहासिक कदम है। हालांकि उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि सम्मान के साथ सशक्तिकरण आवश्यक है। “रोजगार और आत्मनिर्भरता के बिना गरिमा अधूरी है,” उन्होंने कहा और दिव्य कला मेला जैसे मंचों की सराहना की, जो विशेषकर दूर-दराज़ के दिव्यांग युवाओं को अपने उत्पाद प्रदर्शित और विपणन करने का अवसर प्रदान करते हैं।

श्री सौरभ जोशी, चंडीगढ़ के महापौर, ने इस अवसर को प्रतिभा, आत्मविश्वास और मानवीय क्षमता का उत्सव बताया। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में दिव्य कला मेला, दिव्य कला शक्ति और रोजगार मेले का आयोजन समावेशन के प्रति शहर की प्रतिबद्धता को दर्शाता है और यह संदेश देता है कि दिव्यांगता कोई सीमा नहीं, बल्कि विशिष्ट क्षमता की पहचान है।

अपने स्वागत भाषण में श्री राजीव शर्मा संयुक्त सचिव, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग (DEPwD), ने इस पहल के ठोस आर्थिक प्रभाव को रेखांकित किया। पिछले तीन वर्षों में विभिन्न शहरों में आयोजित दिव्य कला मेलों के माध्यम से ₹2366.43 लाख का उल्लेखनीय व्यापार दर्ज किया गया है, जो दिव्यांग उत्पादों की बढ़ती बाजार स्वीकृति और उद्यमशीलता की क्षमता को प्रमाणित करता है। उन्होंने कहा कि ये मेले केवल प्रदर्शनी नहीं, बल्कि आर्थिक समावेशन और आत्मनिर्भरता के सशक्त माध्यम हैं।

चंडीगढ़ में आयोजित 29वें दिव्य कला मेले में श्रीमती अनुराधा एस. चगती, सचिव, सामाजिक कल्याण एवं महिला एवं बाल विकास विभाग, चंडीगढ़; श्री विनीत राणा, मुख्य महाप्रबंधक, NDFDC; श्री एम. के. साहू, सहायक महाप्रबंधक, NDFDC सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अब तक देश के 28 स्थानों पर दिव्य कला मेलों का आयोजन किया जा चुका है, जिनमें लगभग 2,362 दिव्यांग उद्यमियों ने भाग लिया और सामूहिक रूप से ₹23 करोड़ से अधिक की आय अर्जित की — जो समावेशी उद्यमिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

इन मेलों के माध्यम से सरकार ने दिव्यांग उद्यमियों को प्रोत्साहित करने हेतु ₹20 करोड़ से अधिक के ऋण भी स्वीकृत किए हैं। साथ ही आयोजित रोजगार मेलों में अब तक 3,131 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें से 1,007 प्रतिभागियों को शॉर्टलिस्ट किया गया और 313 से अधिक को रोजगार प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

चंडीगढ़ मेले में लगभग 75 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें दिव्यांग उद्यमियों के साथ-साथ भारत सरकार की संस्थाओं और विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों की भागीदारी है। 19 फरवरी 2026 को दिव्यांगजनों के लिए एक विशेष रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। आगंतुक ALIMCO स्टॉल पर सहायक उपकरणों के लिए पंजीकरण कर सकते हैं, जबकि विभिन्न संस्थाएँ सशक्तिकरण से संबंधित नवाचार और नई पहलों का प्रदर्शन कर रही हैं। बोच्चिया, ब्लाइंड क्रिकेट जैसे समावेशी खेलों तथा प्रतिदिन आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मेला जीवंत बना हुआ है। 21 फरवरी 2026 को “दिव्य कला शक्ति” शीर्षक से विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति भी आयोजित की जाएगी।

चंडीगढ़ में आयोजित यह मेला केवल एक बाजार नहीं, बल्कि एक सशक्त आंदोलन है — जो यह संदेश देता है कि जब दिव्यांगजन आर्थिक रूप से सशक्त होते हैं, तो वे परिवार, समाज और राष्ट्र को भी सशक्त बनाते हैं। दिव्य कला मेला एक समावेशी भारत की दिशा में निरंतर अग्रसर है, जहाँ गरिमा, अवसर और आत्मनिर्भरता साथ-साथ चलते हैं।