सोना-चांदी के दामों में ऐतिहासिक गिरावट; चांदी ₹1.75 लाख और सोना ₹37,000 हुआ सस्ता
बिजनेस डेस्क : भारतीय सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। हालांकि बीते शुक्रवार को कीमतों में कुछ सुधार देखा गया, लेकिन अपने ऑल-टाइम हाई (Life Time High) स्तर से तुलना करें तो दोनों कीमती धातुओं के भाव बुरी तरह क्रैश हुए हैं।
चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड गिरावट: चांदी की कीमतों ने बीती 29 जनवरी को ₹4,20,048 प्रति किलोग्राम का ऐतिहासिक स्तर छुआ था। इसके बाद शुरू हुए गिरावट के सिलसिले में चांदी करीब ₹1.75 लाख प्रति किलो (₹1,75,688) तक सस्ती हो चुकी है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर फिलहाल चांदी का भाव ₹2,44,360 के आसपास बना हुआ है।
सोना भी हुआ काफी सस्ता: चांदी की तरह सोने के भाव में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। 29 जनवरी को सोना ₹1,93,096 प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। वर्तमान में 24 कैरेट सोना अपने हाई लेवल से करीब ₹37,201 प्रति 10 ग्राम सस्ता मिल रहा है। शुक्रवार को सोने का वायदा भाव ₹1,55,895 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
16 दिनों में बेहाल हुआ बाजार: बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, 29 जनवरी से 13 फरवरी के बीच महज 16 कारोबारी दिनों में ही कीमतों में यह बड़ा अंतर देखने को मिला है। हालांकि, शुक्रवार को चांदी में ₹7,925 और सोने में भी मामूली बढ़त दर्ज की गई, लेकिन निवेशकों के लिए ये अभी भी अपने उच्चतम स्तरों से काफी नीचे उपलब्ध हैं।

