ब्रेकिंग न्यूज़
बंगला साहिब में नतमस्तक हुए चरणजीत सिंह चन्नी, बोले- ‘जब भी दिल्ली आता हूं, आशीर्वाद लेने जरूर पहुंचता हूं’

नई दिल्ली / सत्ता संदेश

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने दिल्ली स्थित गुरुद्वारा बंगला साहिब में माथा टेका। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब भी वह दिल्ली आते हैं, गुरुद्वारा बंगला साहिब में माथा टेककर आशीर्वाद लेते हैं।

गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होने के बाद चन्नी ने पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व और संगठन से जुड़े मुद्दों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पार्टी में किसे कब पद देना है या किसी पद से बदलाव करना है, यह कांग्रेस आलाकमान और राहुल गांधी का अधिकार है।

सचिन पायलट को लेकर बोले चन्नी

पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी सचिन पायलट को लेकर चन्नी ने कहा कि वह पास के राज्य से आते हैं और उनके पंजाब प्रभारी बनने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई उम्मीद और ऊर्जा पैदा हुई है। इससे पहले भी चन्नी पायलट की नियुक्ति का स्वागत कर चुके हैं।

चन्नी ने दावा किया कि पंजाब कांग्रेस में अब दूरियां और मतभेद खत्म हो चुके हैं और सभी नेता एकजुट होकर काम करेंगे। हालांकि, हाल के दिनों में पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर खींचतान की खबरें सामने आती रही हैं।

अमित शाह की रैली पर चन्नी का हमला

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पंजाब में रैली को लेकर चन्नी ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि पंजाब की सीमा पर BSF, CRPF और सेना की तैनाती के बावजूद राज्य में नशे और ड्रोन की समस्या कैसे बनी हुई है।

चन्नी ने बीजेपी के नशा खत्म करने के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर इसे खत्म करने में दो साल लगेंगे तो बीजेपी को दिल्ली में ही रहना चाहिए और पंजाब आने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने आगे दावा किया कि पंजाब में बीजेपी के पैर कभी नहीं जम सकते। चन्नी ने कहा कि एजेंसियों के जरिए डराने की कोशिश की जा सकती है, लेकिन पंजाब झुकने वाला नहीं है।

सचिन पायलट बने पंजाब कांग्रेस प्रभारी, अजनाला में कांग्रेसियों ने बांटे लड्डू; 2027 को लेकर बड़ा दावा

सचिन पायलट के पंजाब कांग्रेस प्रभारी बनने पर अजनाला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटकर जश्न मनाया। हर प्रताप सिंह अजनाला ने हाईकमान का धन्यवाद करते हुए 2027 में कांग्रेस सरकार बनने का दावा किया।

अजनाला / सत्ता संदेश

कांग्रेस हाईकमान की ओर से वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन पायलट को पंजाब कांग्रेस का प्रभारी बनाए जाने के बाद अजनाला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाई। पूर्व विधायक हर प्रताप सिंह अजनाला की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए और लड्डू बांटकर सचिन पायलट की नई जिम्मेदारी का स्वागत किया।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “सचिन पायलट जिंदाबाद” और “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद” के नारे लगाते हुए पार्टी के प्रति अपना उत्साह जाहिर किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सचिन पायलट को पंजाब की जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी।

हर प्रताप सिंह अजनाला ने हाईकमान का जताया आभार

पूर्व विधायक हर प्रताप सिंह अजनाला ने सचिन पायलट को पंजाब कांग्रेस का प्रभारी बनाए जाने पर कांग्रेस हाईकमान का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट एक समझदार, अनुभवी और मजबूत नेतृत्व क्षमता वाले नेता हैं।

हर प्रताप सिंह अजनाला ने कहा कि पायलट की अगुवाई में पंजाब में कांग्रेस को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार हैं और कांग्रेस को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने के लिए काम किया जाएगा।

2027 में कांग्रेस सरकार बनने का दावा

हर प्रताप सिंह अजनाला ने दावा किया कि पंजाब के लोग मौजूदा सरकार से निराश हैं और 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने में जुटेंगे।

अजनाला में हुए इस कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने सचिन पायलट को पंजाब की जिम्मेदारी मिलने को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।