Wildlife Week 2026: छतबीड़ जू में बर्ड वॉक, ट्राईसिटी के फोटोग्राफर्स और वन्यजीव प्रेमियों ने लिया हिस्सा
वाइल्डलाइफ वीक-2026 के तहत छतबीड़ जू में बर्ड वॉक और नेचर फोटो वॉक आयोजित की गई। चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली के फोटोग्राफर्स व वन्यजीव प्रेमियों ने पक्षियों और प्रकृति को कैमरे में कैद किया।
चंडीगढ़ / सत्ता संदेश
पंजाब सरकार के वन एवं वन्यजीव संरक्षण विभाग की ओर से वाइल्ड लाइफ वीक-2026 मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार सुबह छतबीड़ जू में विशेष बर्ड वॉक और नेचर फोटो वॉक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली सहित ट्राईसिटी के नामी वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर्स, आर्ट फोटोग्राफर्स और वन्यजीव प्रेमियों ने हिस्सा लिया।
यह बर्ड वॉक छतबीड़ जू अथॉरिटी और सोशल सब्सटेंस के सहयोग से आयोजित की गई। कार्यक्रम में सोशल सब्सटेंस, ट्राई सिटी फोटो आर्ट सोसाइटी (TAPAS) सहित विभिन्न संस्थाओं से जुड़े सदस्यों ने भाग लिया। सुबह के शांत वातावरण में प्रतिभागियों ने छतबीड़ जू परिसर में पक्षियों की विभिन्न गतिविधियों और प्राकृतिक वातावरण का करीब से अवलोकन किया।
इस दौरान फोटोग्राफरों ने छतबीड़ जू में मौजूद खूबसूरत पक्षियों के साथ-साथ वन्यजीवों और प्राकृतिक दृश्यों को अपने कैमरों में कैद किया। प्रतिभागियों ने पक्षियों की आवाज, उड़ान, भोजन की तलाश और उनके प्राकृतिक आवास के साथ संबंधों को करीब से देखने का अवसर प्राप्त किया।
सोशल सब्सटेंस के अरुण भाटिया ने बताया कि उनकी संस्था फोटोग्राफी और डॉक्युमेंटेशन के माध्यम से लगातार वन्यजीवन और प्रकृति के संरक्षण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि फोटोग्राफी के माध्यम से लोगों को प्रकृति और वन्यजीवों के करीब लाने के साथ-साथ संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है।
ट्राई सिटी फोटो आर्ट सोसाइटी (TAPAS) के मेंटर दीप भाटिया ने बताया कि उनकी संस्था पिछले करीब 10 वर्षों से फोटोग्राफी के क्षेत्र में कलात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम फोटोग्राफर्स को प्रकृति को समझने और उसे रचनात्मक तरीके से दस्तावेज करने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान छतबीड़ जू के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भागीदारी करने वाली संस्थाओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। फोटोग्राफी से जुड़ी संस्थाओं की मांग पर अधिकारियों ने बताया कि वाइल्डलाइफ और आर्ट फोटोग्राफी से जुड़े कलाकारों के लिए कैमरा फीस माफ करने की व्यवस्था की जाएगी।
नेचर वॉक के दौरान प्रतिभागियों को जैव विविधता और प्राकृतिक आवासों के संरक्षण के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। आयोजकों ने बताया कि पक्षी किसी भी पारिस्थितिकी तंत्र के महत्वपूर्ण संकेतक होते हैं और उनकी मौजूदगी पर्यावरण के स्वास्थ्य के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी देती है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं और प्रकृति प्रेमियों में पक्षी अवलोकन, जैव विविधता संरक्षण और प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा के प्रति रुचि पैदा करना रहा। आयोजकों ने कहा कि ऐसे प्रकृति-आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को वन्यजीवों और जैव विविधता से जोड़ने तथा संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
बर्ड वॉक में ट्राई सिटी फोटो आर्ट सोसाइटी की ओर से दीप भाटिया, हेमंत चौहान, प्रवीण नैन, पीयूष चित्रा, राजेश आर्य, राहुल बक्शी, अशोक गोयल, सुभाष गोयल, संदीप सैनी, अंगसुमन राय चौधरी और तरनजीव सिंह सहित अन्य प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

