ब्रेकिंग न्यूज़
LPU हिंसा मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 11 गिरफ्तारियां; 20 लोग नामजद

जालंधर / सत्ता संदेश

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) हिंसा मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश अपूर्वा, निवासी मेहराटा, राजस्थान और आदित्य, निवासी हाजीपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पर हिंसा के दौरान गाड़ियों में तोड़फोड़ करने का आरोप है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की तैयारी की जा रही है।

इससे पहले पुलिस इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी और 20 लोगों को नामजद किया गया था। नई गिरफ्तारियों के बाद मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

LPU परिसर में हुई हिंसा के दौरान तोड़फोड़, दुकानों में लूटपाट, पुलिस वाहनों में आगजनी और NH-44 को 18 घंटे से अधिक समय तक जाम किए जाने के मामले सामने आए थे। पुलिस ने पूरे मामले में 4 अलग-अलग केस दर्ज किए हैं। जांच को आगे बढ़ाने के लिए 8 सदस्यीय SIT (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) का भी गठन किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए CCTV फुटेज समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। वहीं, सोशल मीडिया पर कथित भड़काऊ और फर्जी AI वीडियो के प्रसार को लेकर भी साइबर क्राइम टीम कार्रवाई कर रही है। पुलिस के मुताबिक ऐसे करीब 300 पोस्ट हटाए गए हैं।

इस मामले में सोशल मीडिया पर एक छात्रा के साथ कथित रेप की खबर भी तेजी से वायरल हुई थी। हालांकि, संबंधित छात्रा ने वीडियो जारी कर खुद को सुरक्षित बताया था और ऐसी किसी घटना से इनकार किया था।

LPU हिंसा मामले को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने भी पंजाब सरकार और पुलिस से स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। मामले की अगली सुनवाई 8 अक्टूबर को होगी। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर आगे भी गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।

समराला : हेडों गांव में दिनदहाड़े चोरी, घर से 25-30 तोले सोना ले उड़े चोर

समराला के हेडों गांव में परिवार के नानकियां जाने के बाद चोरों ने घर के दरवाजे तोड़कर करीब 25 से 30 तोले सोना चोरी कर लिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

समराला / सत्ता संदेश

समराला के हेडों गांव में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। परिवार के लोग नानकियां गए हुए थे और पीछे से चोरों ने घर के दरवाजे तोड़कर करीब 25 से 30 तोले सोना चोरी कर लिया। चोरी हुए सोने की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

घर के मालिक तरनजीत सिंह ने बताया कि वह रविवार सुबह करीब 9:30 बजे अपने परिवार के साथ नानकियां गए थे। शाम करीब 4:30 बजे जब वह वापस घर पहुंचे और दरवाजा खोला तो अंदर के दरवाजे टूटे हुए थे और घर का सामान बिखरा पड़ा था।

घर की जांच करने पर उन्हें पता चला कि चोर घर से करीब 25 से 30 तोले सोना चोरी कर ले गए हैं। तरनजीत सिंह के मुताबिक, चोरी हुए सोने की कीमत लाखों रुपये में है।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। आसपास के घरों और अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों के आने-जाने और फरार होने से जुड़ा कोई सुराग मिल सके।

घर के मालिक के अनुसार, उनका घर किसी सुनसान स्थान पर नहीं, बल्कि घनी आबादी वाले इलाके में स्थित है। इसके बावजूद दिनदहाड़े घर को निशाना बनाए जाने से लोगों में चिंता का माहौल है।

लुधियाना में बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा ड्राइवर से की मारपीट

लुधियाना / सत्ता संदेश

लुधियाना: टिब्बा थाना क्षेत्र के प्रेम विहार चौक के पास ई-रिक्शा ड्राइवर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार कुछ युवकों ने ई-रिक्शा ड्राइवर को घेरकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने ई-रिक्शा ड्राइवर के साथ मारपीट करने के साथ-साथ एक ई-रिक्शा में भी तोड़फोड़ की। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

बिना वजह मारपीट का आरोप

पीड़ित ई-रिक्शा ड्राइवर ने बताया कि उसकी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं है। इसके बावजूद बाइक सवार युवकों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करने की वजह उसके पिता को कथित तौर पर गाली दिए जाने को बताया। हालांकि, पीड़ित ने इस आरोप से इनकार करते हुए कहा कि उसे समझ नहीं आया कि उसके साथ इस तरह मारपीट क्यों की गई।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

मारपीट की यह घटना इलाके में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में बाइक सवार युवकों द्वारा ई-रिक्शा ड्राइवर को घेरकर मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। घटना के दौरान ई-रिक्शा में तोड़फोड़ किए जाने की बात भी सामने आई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत टिब्बा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस CCTV फुटेज और अन्य तथ्यों की जांच कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। मामले में जांच पूरी होने के बाद ही मारपीट की वास्तविक वजह और आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।

अमृतसर के 88 फीट रोड पर देर रात फायरिंग, एक व्यक्ति घायल

कार सवार हमलावरों ने युवक को बनाया निशाना, इलाके में दहशत का माहौल

अमृतसर / सत्ता संदेश

अमृतसर शहर के 88 फीट रोड क्षेत्र में देर रात हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात इलाके में सामान्य गतिविधियां चल रही थीं कि अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। फायरिंग होते ही आसपास मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि कुछ ही क्षणों में पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के कारण दुकानों तथा घरों में छिप गए।

बताया जा रहा है कि हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि गोली किसी राहगीर या अन्य व्यक्ति को लग जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।

मामले की जानकारी देते हुए सदर थाना अमृतसर के एसएचओ इंस्पेक्टर किरणदीप सिंह ने बताया कि फायरिंग की इस घटना में सिमरनजीत सिंह उर्फ बिल्ला नामक व्यक्ति घायल हुआ है। उन्होंने बताया कि घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसमें सिमरनजीत सिंह अपनी स्विफ्ट कार में जाता दिखाई दे रहा है, जबकि दो युवक पीछे से उस पर फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, मामले में सदर थाना अमृतसर में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही हैं।

एसएचओ किरणदीप सिंह ने कहा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल घायल व्यक्ति का इलाज जारी है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

लुधियाना में सनसनीखेज लूट: ग्राहक बनकर आए बदमाशों ने सुनार पर किया चाकू से हमला, लाखों के गहने और रिवॉल्वर लेकर फरार

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना शहर से एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहाँ एटीआई (ATI) रोड पर स्थित एक ज्वेलरी शॉप को हथियारबंद लुटेरों ने अपना निशाना बनाया। यह घटना दोपहर करीब 12 बजे की है, जब दो बदमाश ग्राहक बनकर दुकान के अंदर दाखिल हुए।

वारदात का विवरण: जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने पहले कुछ देर सामान देखने का बहाना किया और फिर अचानक दुकानदार रणजीत सिंह पर हमला कर दिया। लुटेरों ने उन्हें बंधक बना लिया और घसीटते हुए दुकान के अंदर बने स्ट्रांग रूम में ले गए। वहां उन्होंने रणजीत सिंह पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

लूट का सामान: लुटेरे दुकान से न केवल लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी ले गए, बल्कि दुकानदार का लाइसेंसी रिवॉल्वर (जो उन्होंने मात्र चार दिन पहले खरीदा था), उनका मोबाइल फोन और उनकी स्कूटी भी लूटकर फरार हो गए।

पुलिस जांच और स्थिति: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। दुकान में लगे सीसीसीटीवी (CCTV) कैमरों में यह पूरी वारदात कैद हो गई है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले दुकान की पूरी रेकी की थी।

पीड़ित रणजीत सिंह को गंभीर हालत में इलाज के लिए सीएमसी (CMC) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लुधियाना में कांग्रेसी यूथ नेता के शोरूम पर हमला: पार्किंग विवाद के बाद 5 नकाबपोशों ने मचाया उत्पाद, कर्मचारी घायल

पंजाब डेस्क: पंजाब के लुधियाना स्थित जवाहर कैंप इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ शाम करीब 4 बजे कांग्रेसी यूथ नेता अरुण की कपड़े की दुकान ‘द डेनिम क्लब’ पर नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने न केवल दुकान में तोड़फोड़ की, बल्कि वहां मौजूद एक कर्मचारी को बेरहमी से पीटकर घायल भी कर दिया।

वारदात का विवरण:

हमलावर और हथियार: सीसीटीवी (CCTV) फुटेज के अनुसार, 5 नकाबपोश बदमाश हथियारों के साथ दुकान में दाखिल हुए। उन्होंने दुकान के शीशे तोड़ दिए और वहां रखे टेबल-कुर्सियों से हमला शुरू कर दिया।

कर्मचारी पर जानलेवा हमला: बदमाशों ने दुकान में काम करने वाले लव सोंधी को निशाना बनाया, जो पंजाब पुलिस में भर्ती होने की तैयारी कर रहा है। फुटेज में बदमाश उसे बुरी तरह पीटते हुए नजर आ रहे हैं। घटना के वक्त दुकान के मालिक अरुण वहां मौजूद नहीं थे।

हमले की वजह (पार्किंग विवाद): इस हमले की मुख्य वजह सुबह के समय हुआ एक मामूली पार्किंग विवाद बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, दुकान के बाहर एक एक्टिवा खड़ी करने को लेकर अरुण की एक युवक से बहस हुई थी, जिसके साथ एक लड़की भी थी। वह युवक जाते समय धमकी देकर गया था और आशंका है कि उसी ने शाम को अपने साथियों के साथ इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस की कार्रवाई: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने घायल कर्मचारी के बयान दर्ज कर लिए हैं और फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

जालंधर में घने कोहरे का फायदा उठाकर सुनार की दुकान में बड़ी चोरी: 12 लुटेरों ने 80 लाख रुपये की ज्वेलरी उड़ाई

पंजाब डेस्क: पंजाब में छाए घने कोहरे और धुंध का फायदा उठाकर लुटेरों ने जालंधर के शहीद बाबू लाभ सिंह नगर में मौजूद ‘बब्बर ज्वैलर्स’ को निशाना बनाया है। इस घटना में करीब एक दर्जन (12) लुटेरों ने दुकान से करीब 80 लाख रुपये की ज्वेलरी और दूसरा सामान चुरा लिया है।

सूत्रों के मुताबिक, इस घटना की मुख्य जानकारी इस तरह है:

घटना का तरीका: CCTV फुटेज में देखा गया है कि छह से सात चोरों ने दुकान के ताले लोहे की छड़ से तोड़े और अंदर घुस गए, जबकि उनके बाकी साथी बाहर खड़े होकर देख रहे थे।

लूटा गया सामान: दुकान के मालिक सोनू बब्बर ने बताया कि चोर दुकान से 25 किलो छह तोला सोना ले गए हैं। सुबह जब मालिक दुकान पर पहुंचे तो सामान बिखरा हुआ था और ज्वेलरी की अलमारियां पूरी तरह खाली थीं।

पुलिस की कार्रवाई: सूचना मिलने पर थाने से एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बदमाशों को दुकान के बारे में पहले से जानकारी थी। फिलहाल, अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और CCTV फुटेज के जरिए उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा रहा है।इस घटना से इलाके के दुकानदारों में दहशत का माहौल है, क्योंकि चोरों ने बहुत कम समय में बड़ी सफाई से इस बड़ी घटना को अंजाम दिया।