डेरा बाबा नानक में पुलिस और संदिग्धों के बीच फायरिंग, दो गिरफ्तार, एक फरार
डेरा बाबा नानक की अनाज मंडी में पुलिस और संदिग्धों के बीच फायरिंग हुई। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया, जबकि एक फरार है। डीएसपी जोगा सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि की।
गुरदासपुर / सत्ता संदेश
पंजाब के डेरा बाबा नानक की अनाज मंडी में पुलिस और संदिग्ध युवकों के बीच गोलीबारी का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य संदिग्ध मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि तीनों युवक इलाके में किस वारदात को अंजाम देने के इरादे से पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, डेरा बाबा नानक पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में तीन संदिग्ध युवक घूम रहे हैं। सूचना मिलने के बाद डेरा बाबा नानक के थाना प्रभारी (SHO) और पुलिस टीम ने संदिग्धों का पीछा करना शुरू किया। बताया जा रहा है कि तीनों युवक अनाज मंडी की तरफ भागे और इस दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा युवक फरार होने में कामयाब रहा।
डीएसपी जोगा सिंह ने दो युवकों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस को इलाके में तीन संदिग्धों के घूमने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। फिलहाल गिरफ्तार युवकों से पूछताछ की जा रही है और फरार संदिग्ध की तलाश जारी है।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक अनाज मंडी में एक व्यापारी को निशाना बनाने के इरादे से आए थे। हालांकि, इस संबंध में पुलिस जांच जारी है और वारदात की मंशा को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

