टांडा में दिनदहाड़े युवक की धारदार हथियारों से हत्या, इलाके में दहशत
टांडा उड़मुड़ की मेन मार्केट में सीमेंट दुकान चलाने वाले गुलजार सिंह की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियारों से हत्या कर दी। पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है
टांडा/होशियारपुर | सत्ता संदेश
रिपोर्ट : जसप्रीत सिंह सैनी
होशियारपुर जिले के टांडा उड़मुड़ में दिनदहाड़े एक युवक की धारदार हथियारों से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना टांडा पुलिस स्टेशन के अंतर्गत लाहौरिया मोहल्ले में हुई, जहां मेन मार्केट में सीमेंट की दुकान चलाने वाले युवक पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, टांडा उड़मुड़ की मेन मार्केट में दिन के समय कुछ अज्ञात लोग उक्त दुकान पर पहुंचे और वहां मौजूद युवक पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान गुलजार सिंह पुत्र प्रलाद सिंह, निवासी बस्सी लाहौरियन मोहल्ला, उड़मुड़ के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में हमलावरों की तलाश की जा रही है।
टांडा के डीएसपी दविंदर सिंह बाजवा ने बताया कि कुछ अज्ञात व्यक्ति दुकान पर आए थे और युवक की धारदार हथियारों से हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया गया। उन्होंने कहा कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और रोष का माहौल है। लोगों का कहना है कि टांडा उड़मुड़ और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ समय से चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता बनी हुई है। दिनदहाड़े बाजार में हुई इस हत्या ने लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्या के पीछे के कारणों तथा वारदात में शामिल आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

