ब्रेकिंग न्यूज़
चंडीगढ़ में वंदे मातरम् राष्ट्रीय शिविर शुरू, 5 राज्यों के 125 युवा ले रहे हिस्सा

चंडीगढ़ के पंजाब विश्वविद्यालय में माय भारत द्वारा 7 दिवसीय राष्ट्रीय वंदे मातरम् शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसमें 5 राज्यों के 125 युवा हिस्सा ले रहे हैं।

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत चंडीगढ़ की ओर से पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में सात दिवसीय राष्ट्रीय स्तर के ‘वंदे मातरम् शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है। 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस शिविर का उद्घाटन चंडीगढ़ के महापौर सौरभ जोशी ने किया।

इस राष्ट्रीय शिविर में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान के विभिन्न जिलों से 125 युवक एवं युवतियां हिस्सा ले रहे हैं। शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक जागरूकता और ‘वंदे मातरम्’ की भावना के प्रति समझ विकसित करना है।

उद्घाटन समारोह में माय भारत, केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के निदेशक शिवधन शर्मा ने मुख्य अतिथि महापौर सौरभ जोशी और सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। इस दौरान जिला युवा अधिकारी विनय कुमार ने महापौर को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए महापौर सौरभ जोशी ने युवाओं को अपनी जड़ों, विरासत और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को ‘वंदे मातरम्’ के वास्तविक अर्थ और भावना को समझते हुए जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनना चाहिए। साथ ही उन्होंने देशभक्ति, नागरिक कर्तव्यों और राष्ट्रीय गौरव के मूल्यों को अपनाकर देश की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

यह सात दिवसीय शिविर विभिन्न राज्यों से आए युवाओं को आपसी संवाद और विचारों के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान कर रहा है। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय एकता और साझा मूल्यों को समझने का मंच मिल रहा है।

कार्यक्रम का समापन लेखा एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक हरि प्रकाश द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने मुख्य अतिथि, गणमान्य व्यक्तियों, आयोजकों और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।