ब्रेकिंग न्यूज़
खन्ना पुलिस ने अंतर्राज्यीय ट्रक लूट गिरोह का किया पर्दाफाश, मास्टरमाइंड समेत 4 गिरफ्तार

खन्ना / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : परमिंदर वर्मा

खन्ना पुलिस ने ट्रकों को लूटने और चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए इसके मास्टरमाइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरोह देश के अलग-अलग राज्यों में करीब 30 वारदातों को अंजाम दे चुका है।

गिरोह के मास्टरमाइंड तरुण कुमार उर्फ तरुण सिंह, निवासी डबुआ कॉलोनी, फरीदाबाद को पुलिस ने करीब 1700 किलोमीटर दूर पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की है।

खन्ना के एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने बताया कि 29 अगस्त की रात थाना सदर खन्ना क्षेत्र में राजपुरा के ट्रांसपोर्टर सुमित सहगल की कंपनी का स्क्रैप से भरा ट्रक लूट लिया गया था। करीब पांच आरोपियों ने ट्रक चालक बचन सिंह को अगवा कर उसके साथ मारपीट की और बाद में उसे सुनसान स्थान पर छोड़ दिया। इसके बाद आरोपी ट्रक लेकर फरार हो गए।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले लुधियाना के भामियां निवासी चेतन कुमार लाडी और उसके पिता प्रेम प्रकाश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने गिरोह के मास्टरमाइंड के तौर पर तरुण कुमार का नाम बताया।

इसके बाद तकनीकी जांच के जरिए पुलिस ने तरुण की लोकेशन पश्चिम बंगाल में ट्रेस की। पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी पहचान के आधार पर लुधियाना निवासी जसप्रीत सिंह के नाम से रेलवे टिकट बुक करवाकर फरार होने की तैयारी में था। पुलिस ने रेलवे पुलिस की मदद से उसे जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्क्रैप बेचकर हासिल किए गए 1.10 लाख रुपये बरामद किए हैं। उसकी निशानदेही पर लूटा गया ट्रक हरियाणा के चीका से बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक ट्रक में करीब 4.50 लाख रुपये का स्क्रैप लदा हुआ था, जिसे गुरुग्राम के स्क्रैप कारोबारियों गणेश कुमार और उसके बेटे विकास राय को बेचा गया था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह मुख्य रूप से लोहे और अन्य कीमती स्क्रैप से भरे ट्रकों को निशाना बनाता था। अब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने के साथ-साथ गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

एसएसपी के मुताबिक चेतन कुमार के खिलाफ पांच मामले, तरुण कुमार के खिलाफ नौ मामले दर्ज हैं, जबकि प्रेम प्रकाश के खिलाफ लुधियाना में नशा तस्करी का एक मामला दर्ज है।

ट्रांसपोर्टर सुमित सहगल ने गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया और पूरी पुलिस टीम का धन्यवाद किया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों तथा पूर्व की वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।