ब्रेकिंग न्यूज़
शोभा करंदलाजे ने 114वें अंतर्राष्ट्रीय श्रम सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का किया नेतृत्व

नई दिल्ली / सत्ता संदेश

केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम तथा श्रम और रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने जिनेवा में आयोजित 114वें अंतर्राष्ट्रीय श्रम सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। इसमें उन्होंने समावेशी विकास, लैंगिक समानता और सामाजिक संवाद के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

जिनेवा में आयोजित 114वें अंतर्राष्ट्रीय आईएलसी के दौरान, केंद्रीय मंत्री ने नेपाल के युवा, श्रम और रोजगार मंत्री रामजी यादव के साथ द्विपक्षीय बैठक की। नेपाल ने भारत के डिजिटल पोर्टल की सराहना की। भारत ने “पड़ोसी प्रथम” नीति के अंतर्गत नेपाल भारत का एक प्राथमिकता वाला साझेदारी की बात पर जोर दिया। दोनों मंत्रियों ने कौशल विकास, श्रम गतिशीलता और डिजिटल प्रौद्योगिकी साझा करने के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। इस चर्चा में दोनों देशों के श्रमिकों के लिए अवसरों और कल्याण को बढ़ाने और दीर्घकालिक और सौहार्दपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि की गई।

राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे और अंगोला की लोक प्रशासन, श्रम एवं सामाजिक सुरक्षा मंत्री टेरेसा रोड्रिग्स डियास की बैठक में श्रम एवं रोजगार, कौशल विकास, व्यावसायिक प्रशिक्षण, सामाजिक सुरक्षा एवं कार्यबल प्रशिक्षण के क्षेत्र में सहयोग को सुदृढ़ करने पर चर्चा हुई। दोनों मंत्रियों ने रोजगार सेवाओं, कौशल विकास, कार्यबल नियोजन एवं डिजिटल प्रशासन के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की। अंगोला ने भारत के डिजिटल उत्पादों की सराहना करते हुए ज्ञान साझा करने का अनुरोध किया। भारत ने अंगोला को रोजगार सेवाओं, श्रमिक पंजीकरण, नौकरियों और कौशल मिलान के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म के डिजाइन, विकास और संचालन में तकनीकी सहायता एवं क्षमता निर्माण सहायता प्रदान करने की पेशकश की।

शोभा करंदलाजे ने जिनेवा में फ्रांस, ब्रिटेन, दक्षिण कोरिया, अमेरिका और कनाडा के श्रम मंत्रियों से भी भेंट की और कौशल की पारस्परिक मान्यता एवं मांग-आधारित कौशल विकास के माध्यम से भारत से कुशल मानव शक्ति के प्रवास के लिए कानूनी मार्गों पर चर्चा की।

नाइलिट रोपड़ ने युवाओं को रोज़गार के अवसर प्रदान करने के लिए “रोज़गार मेला 2026” का आयोजन किया।

राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (नाइलिट) जो कि भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी है, द्वारा 13 मार्च 2026 को रोपड़ स्थित अपने परिसर में सफलतापूर्वक “रोज़गार मेला 2026” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पंजाब के युवाओं को रोज़गार के अवसर प्रदान करना था, जिसके तहत प्रतिष्ठित कंपनियों और नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों को एक साझा मंच प्रदान किया गया।

नाइलिट रोपड़ के कार्यकारी निदेशक श्री दीपक वासन द्वारा रोज़गार मेले का उद्घाटन किया गया। इस कार्यक्रम को श्री प्रभजोत सिंह ज़िला रोज़गार सृजन एवं प्रशिक्षण अधिकारी (DEGTO), सुश्री मीनाक्षी बेदी प्लेसमेंट अधिकारी, रोपड़ और श्री संदीप कुमार उप-क्षेत्रीय रोज़गार अधिकारी, DGE, जालंधर ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से सम्मानित किया। श्री वासन ने इस कार्यक्रम में सभा को संबोधित करते हुए मेगा रोज़गार मेले के आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला और इस बात पर ज़ोर दिया कि ऐसी पहल पंजाब के युवाओं को उद्योग जगत से जुड़ने और उपयुक्त रोज़गार प्राप्त करने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान करती है।

विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित कई कंपनियों ने रोज़गार मेले में भाग लिया और उपलब्ध पदों के लिए नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों के साथ बातचीत की। इस कार्यक्रम में छात्रों, नए स्नातकों और नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया, उन्होंने अपने रिज़्यूम जमा करवाए और कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ सीधे तौर पर बातचीत की।

इस कार्यक्रम में 23 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया और विभिन्न तकनीकी और पेशेवर पृष्ठभूमि से संबंधित 500 उम्मीदवारों के साक्षात्कार लिए गए। रोज़गार मेले के दौरान, कई उम्मीदवारों को मूल्यवान करियर मार्गदर्शन और रोज़गार के अवसर प्राप्त हुए। विशेष रूप से 300 से अधिक उम्मीदवारों को मौके पर ही शॉर्टलिस्ट किया गया एवं नियुक्ति पत्र जारी किए गए, जिससे यह आयोजन युवाओं को रोज़गार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में अत्यंत सफल रहा।

यह पहल कौशल विकास, रोज़गार क्षमता बढ़ाने और युवाओं के लिए रोज़गार अवसरों को बढ़ावा देने की सरकार की परिकल्पना को साकार करने में नाइलिट की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह रोज़गार मेला कुशल उम्मीदवारों और उद्योगों की आवश्यकताओं के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने की दिशा मे एक महत्त्वपूर्ण कदम रहा।